1 रुपया, 5 कपड़े और 51 बाराती; शादी में फिजूल खर्ची रोकने को पलवल में खापों की महापंचायत ने लिए 22 कड़े फैसले

शादी की फिजूल खर्ची खत्म करने के लिए हरियाणा के पलवल जिले के गांव मंडकोला में रविवार को हुई 52 पाल की महापंचायत में सर्वसम्मति से कई अहम फैसले लिए गए हैं। इस महापंचायत में करीब 10 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

Palwal Khap Panchayat
हरियाणा के गांव मंडकोला में शादी की फिजूल खर्ची खत्म करने के लिए रविवार को आयोजित हुई 52 पाल की महापंचायत में बोलते हुए खेल मंत्री गौरव गौतम।

सरसमल, पलवल

दिखावे और दहेज के दलदल में धंसते सामाजिक रीति-रिवाजों पर लगाम कसने के लिए हरियाणा की खाप पंचायतों ने नजीर पेश करने वाला कदम उठाया है। शादी-ब्याह और सामाजिक आयोजनों में फिजूलखर्ची और बढ़ते आर्थिक बोझ को खत्म करने के लिए पलवल के गांव मंडकोला में रविवार को 36 बिरादरी और 52 पाल की ऐतिहासिक महापंचायत बैठी।

एनसीआर भर से जुटे करीब दस हजार लोगों की मौजूदगी में महापंचायत ने एकमत से 22 कड़े फैसले लिए, जिनमें एक रुपये में सगाई, शादियों में डीजे व शराब पर पूर्ण पाबंदी, मृत्यु भोज पर रोक और जेवरात की सीमा तय करने जैसे बड़े सुधार शामिल हैं। मंडकोला में सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली इस महापंचायत की अध्यक्षता 52 पाल के अध्यक्ष अरुण जेलदार ने की। इसमें विभिन्न पालों के अध्यक्षों समेत कई जनप्रतिनिधियों ने भी हिस्सा लिया।

अरुण जेलदार ने फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि अब सगाई की रस्म में लड़के को केवल एक रुपया, पांच कपड़े और एक किलो मिठाई दी जाएगी। सगाई की रस्म के लिए अधिकतम पांच लोग ही जा सकेंगे। इसी तरह शादियों में बारात का आकार भी सीमित कर दिया गया है; अब बारात में अधिकतम 51 लोग ही शामिल हो सकेंगे। विवाह समारोहों में केवल शाकाहारी और सात्विक भोजन ही परोसा जाएगा, साथ ही बेहिसाब मिठाई और ढेरों व्यंजन बनाने से बचने की सख्त अपील की गई है।

मंत्रियों समेत दस हजार से अधिक लोग शामिल हुए

महापंचायत में हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम, उत्तर प्रदेश के मंत्री लक्ष्मी नारायण, हरियाणा के विधायक रघुबीर सिंह तेवतिया, आफताब अहमद, इसराइल समेत कई पूर्व मंत्री-विधायक सहित विभिन्न पालों के अध्यक्ष शामिल हुए। एनसीआर से महापंचायत में करीब दस हजार लोग शामिल हुए। महापंचायत सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक चली।

दहेज, डीजे-शराब पर रोक

तय किया है कि कन्यादान के रूप में अधिकतम 11 हजार रुपये ही दे सकेंगे। दहेज में लग्जरी गाड़ी, नकद राशि और अन्य महंगा सामान देने पर पूरी तरह रोक रहेगी। शादी हो या निकाह—डीजे और शराब पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

मृत्यु भोज बंद,जेवर सीमित

महापंचायत ने मृत्यु भोज पर भी पूरी तरह रोक लगाने का ऐलान किया। इसके साथ ही शादियों में जेवरात के लेन-देन को सीमित करते हुए दो तोला से ज्यादा सोना और 100 ग्राम से ज्यादा चांदी देने पर पाबंदी लगा दी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsशादी में सिर्फ 1 रुपया, 5 कपड़े और 51 बाराती; पलवल की महापंचायत बड़ा ऐलान