Hindi Newsएनसीआर न्यूज़kalkaji vidhan sabha seat chunav 2025 voting live atishi marlena ramesh bidhuri alka lamba

Kalkaji Seat Chunav : दिल्ली पुलिस BJP को चुनाव लड़वा रही, कालकाजी सीट से AAP प्रत्याशी आतिशी का एक और आरोप

Kalkaji Vidhan Sabha Chunav 2025: दिल्ली चुनाव में इस बार कालकाजी एक हॉट सीट बन गई है। यहां से दोबारा चुनाव लड़ रहीं दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री और ‘आप’ की उम्मीदवार आतिशी मार्लेना का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है।

Praveen Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीWed, 5 Feb 2025 06:31 AM
share Share
Follow Us on
Kalkaji Seat Chunav : दिल्ली पुलिस BJP को चुनाव लड़वा रही, कालकाजी सीट से AAP प्रत्याशी आतिशी का एक और आरोप

Kalkaji Vidhan Sabha Chunav 2025 Voting : दिल्ली विधानसभा चुनाव में इस बार कालकाजी सीट एक हॉट सीट बन गई है। यहां से दोबारा चुनाव लड़ रहीं दिल्ली की मौजूदा मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार आतिशी मार्लेना का मुकाबला भाजपा उम्मीदवार रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस की अलका लांबा से है। तीनों ही दलों के उम्मीदवार दिल्ली की राजनीति में धुरंधर खिलाड़ी माने जाते हैं, जिससे यहां मुकाबला त्रिकोणीय हो गया है।

2020 में कालकाजी विधानसभा सीट से 'आप' के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरीं आतिशी भाजपा उम्मीदवार धर्मबीर सिंह को 11393 वोटों से शिकस्त देकर पहली बार विधायक बनी थीं। आतिशी को कुल 55897 वोट मिले थे, जबकि धर्मबीर सिंह 44504 ​​वोटों के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

ये भी पढ़ें:LIVE : दिल्ली चुनाव के लिए आज होगी वोटिंग, यहां देख सकेंगे हर सीट का ताजा अपडेट

कालकाजी सीट के चुनावी इतिहास पर नजर डालें तो 1993 से लेकर 2020 तक हुए सात विधानसभा चुनावों में 2 बार भाजपा, 3 बार कांग्रेस और 2 बार आम आदमी पार्टी को कामयाबी मिली है। 1993 में पहली बार भाजपा की पूर्णिमा सेठी यहां से विधायक चुनी गई थीं। इसके बाद 1998, 2003, 2008 में कांग्रेस के सुभाष चोपड़ा ने लगातार तीन बार यहां चुनाव जीतकर हैट्रिक बनाई थी। 2013 में एक बार फिर इस सीट पर भाजपा का कमल खिला और हरमीत सिंह यहां से विधायक बने। हालांकि, 2015 में हुए मध्यावधि चुनाव में इस सीट पर 'आप' का कब्जा हो गया। वहीं 2020 में आतिशी ने यहां जीत दर्ज की थी। नीचे पढ़िए पल-पल के ताजा अपडेट

LIVE UPDATES:-

10:50 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : कालकाजी सीट से आम आदमी पार्टी की उम्मीदवार और दिल्ली की सीएम आतिशी ने कहा कि अपने खिलाफ एफआईआर पर कहा कि दिल्ली पुलिस कुछ भी कर सकती है। दिल्ली पुलिस खुलेआम भाजपा को चुनाव लड़वा रही है। एक तरफ भाजपा की गुंडागर्दी है, तो दूसरी तरफ दिल्ली पुलिस भाजपा को पूरा समर्थन दे रही है।

9:10 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि इस चुनाव में गुंडगर्दी सिर्फ भाजपा ने नहीं की है, दिल्ली पुलिस से साठगांठ है। जहां भी भाजपा आचार संहिता का उल्लंघन कर रही थी वहां भाजपा ने शह दी। जो गुंडागर्दी चुनाव में हो रही है वह भाजपा औऱ दिल्ली पुलिस मिलकर रही है। यह धर्म युद्ध है। यह सच्चाई और गुंडागर्दी का युद्ध है, सत्य और असत्य का युद्ध है। मुझे उम्मीद है कि लोग काम को जिताएंगे और गुंडागर्दी को हराएंगे।

8:50 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली की सीएम और कालकाजी विधानसभा सीट से आप उम्मीदवार आतिशी वोट डालने के अपने आवास से निकलीं। कांग्रेस ने कालकाजी सीट से अलका लांबा को मैदान में उतारा है, जबकि भाजपा ने इस सीट से अपने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।

8:10 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली चुनाव के दौरान मुख्यमंत्री आतिशी ने सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ''दिल्ली का आज का चुनाव, सिर्फ एक चुनाव नहीं है, धर्म युद्ध है। यह अच्छाई और बुराई की लड़ाई है। यह काम और गुंडागर्दी की लड़ाई है। मेरी सभी दिल्ली वासियों से अपील है कि अपना वोट डालें। काम के लिए वोट डालें, अच्छाई के लिए वोट डालें। सत्य की विजय होगी।''

7:50 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने वोट डालने के बाद कहा कि दिल्ली के लोग उत्साहित हैं क्योंकि वे बदलाव और विकास चाहते हैं। अब इस बदलाव को कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने देखा है कि पिछले 10 सालों में दिल्ली को कैसे पीछे ले जाया गया है। मुझे उम्मीद है कि दिल्ली के मतदाता अपने घरों से निकलेंगे और बदलाव लाएंगे।

7:30 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 में कालकाजी विधानसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने अपना वोट डालने के बाद स्याही लगी उंगली दिखाई। दिल्ली की सीएम आतिशी कालकाजी सीट से 'आप' की उम्मीदवार हैं, बीजेपी ने इस सीट से अपने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है।

7:00 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : कालकाजी विधानसभा सीट के पोलिंग बूथों पर सुबह से ही मतदाताओं का पहुंचना शुरू हो गया है।

6:25 AM: Kalkaji Seat Chunav 2025 Voting Live : दिल्ली पुलिस ने CM आतिशी पर दर्ज की एफआईआर

दिल्ली पुलिस ने मुख्यमंत्री और कालकाजी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (आप) की उम्मीदवार आतिशी के खिलाफ आदर्श आचार संहिता उल्लंघन और सरकारी कर्मचारियों को ड्यूटी करने से रोकने के आरोप में मंगलवार को मामला दर्ज किया। पुलिस ने कहा कि आतिशी 'आप' के समर्थकों के साथ थीं, जिन्होंने फतेह सिंह मार्ग पर एक अधिकारी को कथित रूप से उसकी ड्यूटी करने से रोका। उन्होंने बताया कि 'आप' के दो सदस्यों ने कथित रूप से पुलिस कॉन्स्टेबल पर हमला किया। पुलिस अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने कालकाजी से ‘आप’ उम्मीदवार के खिलाफ गोविंदपुरी थाने में विभिन्न धाराओं के तहत एक एफआईआर दर्ज की है और आगे की जांच की जा रही है।’’

अगला लेखऐप पर पढ़ें