'काकोरी' के नाट्य मंचन में जीवंत हो उठी सशस्त्र क्रांति की गाथा, NSD में गूंजते रहे देशभक्ति के नारे

Mar 16, 2026 02:23 pm ISTSurya Prakash लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
share

नाट्य प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि यह केवल काकोरी की घटना तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध प्रतिरोध की परंपरा को भी दर्शाया गया। मंचन में तिलका मांझी, रामजी गोंड, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जैसे अन्य ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के संघर्ष और योगदान की झलक भी प्रस्तुत की गई।

'काकोरी' के नाट्य मंचन में जीवंत हो उठी सशस्त्र क्रांति की गाथा, NSD में गूंजते रहे देशभक्ति के नारे

चंद्रशेखर का पता क्या बताऊं, उनका तो नाम ही आजाद है...। मैं भले ही मुसलमान हूं, पर मेरा मुल्क हिंदुस्तान है। काकोरी के नाट्य मंचन के दौरान ऐसे तमाम संवादों को सुन लोग देशभक्ति से रोमांचित होते नजर आए। मौका था 'काकोरी क्रांति गाथा' के नाट्य मंचन का। दिल्ली के मंडी हाउस में स्थित नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा के अभिमंच सभागार में आयोजित इस मंचन में क्रांतिकारी राजेंद्र लाहिड़ी, रोशन सिंह ठाकुर, चंद्रशेखर आजाद और अशफाक उल्ला खान के किरदारों ने समां बांध दिया। काकोरी में अंग्रेजी हुकूमत के खजाने को क्रांतिकारियों द्वारा लूटने वाले प्रकरण का ऐसा जीवंत मंचन किया गया कि भारत माता की जय के नारों से हॉल गूंजने लगा।

इस नाटक की पटकथा लिखने वाले रविशंकर ने कहा कि हमने सशस्त्र क्रांति का महत्व आज की पीढ़ी के सामने रखने के लिए इसे तैयार किया है। उन्होंने कहा कि यह समझने की जरूरत है कि भारत की आजादी के लिए कोने-कोने में किस प्रकार संघर्ष हुआ। कुछ नायकों को तो सभी जानते हैं, लेकिन कैसे गुमनाम नायकों ने भी इसमें अहम भूमिका अदा की। उन्होंने कहा कि भारत की स्वतंत्रता में सशस्त्र आंदोलन की भूमिका को समझने का सबसे अहम प्रकरण काकोरी हो सकता है, जिसको केंद्र में रखते हुए यह कथानक बुना गया है।

'काकोरी' नाटक में दिखाया गया कि कैसे अंग्रेजों से लोहा लेने के लिए वनों में बिरसा मुंडा और तिलका मांझी जैसे नायकों ने मोर्चा संभाला तो वहीं दिल्ली, झांसी समेत तमाम शहरों में भी क्रांतिकारी उठ खड़े हुए। करीब डेढ़ घंटे के नाट्य मंचन में ही 1785 में तिलका मांझी के विद्रोह से लेकर काकोरी तक के प्रकरण को ऐसे प्रदर्शित किया गया कि सभागार में पहुंचे मासूम बच्चे भी रोमांचित हो उठे। इस प्रकार भारत की स्वतंत्रता के लिए चले लगभग 160 सालों के आंदोलन को इस नाट्य मंचन में दर्शाया गया। भविष्य में इस नाटक का मंचन देश के अन्य हिस्सों में भी किए जाने की तैयारी है।

इस आयोजन के दौरान स्वामी दीपांकर जैसी आध्यात्मिक हस्ती मौजूद थी तो वहीं पूर्व सांसद सत्यपाल सिंह भी पूरे कार्यक्रम के दौरान उपस्थित रहे। गुजरात सरकार के पूर्व मिनिस्टर नरेश रावल भी कार्यक्रम में पहुंचे। इसके अतिरिक्त समाज के विभिन्न वर्गों से बड़ी संख्या में बौद्धिक वर्ग, नीति-निर्माता, शिक्षाविद, सांस्कृतिक कर्मी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

तिलका मांझी, रामजी गोंड और डॉ. हेडगेवार का किरदार भी आया नजर

भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास में 9 अगस्त 1925 को घटित काकोरी प्रतिरोध एक ऐतिहासिक घटना थी, जब भारतीय क्रांतिकारियों ने ब्रिटिश सरकार के खजाने से भरी ट्रेन को काकोरी के निकट रोककर अपने कब्जे में लिया। इस साहसिक कार्रवाई में पं. रामप्रसाद बिस्मिल, अशफाक उल्ला खाँ, राजेन्द्र नाथ लाहिड़ी, ठाकुर रोशन सिंह, चंद्रशेखर आजाद और मन्मथनाथ गुप्त जैसे क्रांतिकारियों ने भाग लिया था। इस नाट्य प्रस्तुति की विशेषता यह रही कि यह केवल काकोरी की घटना तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें ब्रिटिश साम्राज्य के विरुद्ध प्रारम्भिक प्रतिरोध की व्यापक परंपरा को भी दर्शाया गया। मंचन में तिलका मांझी, रामजी गोंड, डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार जैसे अन्य ऐतिहासिक व्यक्तित्वों के संघर्ष और योगदान की झलक भी प्रस्तुत की गई।

काकोरी न्यूज

कहां से मिली काकोरी की पटकथा लिखने की प्रेरणा

कार्यक्रम के अंत में सभ्यता अध्ययन केंद्र के उपाध्यक्ष प्रकाश चंद्र शर्मा ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के बारे में जो कथा लंबे समय तक प्रस्तुत की जाती रही है, वह आंशिक सत्य और एक प्रकार की धारणा का परिणाम है। यह नाट्य प्रस्तुति उस व्यापक ऐतिहासिक वास्तविकता को सामने लाने का प्रयास है। नाटक की पटकथा सभ्यता अध्ययन केंद्र के निदेशक रवि शंकर ने गहन ऐतिहासिक अध्ययन के आधार पर लिखी है, जबकि इसका निर्देशन प्रियंका शर्मा ने किया।

Surya Prakash

लेखक के बारे में

Surya Prakash

दुनियादारी में रुचि पत्रकारिता की ओर खींच लाई। समकालीन राजनीति पर लिखने के अलावा सामरिक मामलों, रणनीतिक संचार और सभ्यतागत प्रश्नों के अध्ययन में रुचि रखते हैं। मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली के रहने वाले सूर्यप्रकाश को पत्रकारिता जगत में करीब डेढ़ दशक का अनुभव है। 10 वर्षों से ज्यादा समय से डिजिटल मीडिया में कार्यरत हैं। लाइव हिन्दुस्तान के लिए राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय एवं राज्यों से संबंधित खबरों का संपादन करते हैं एवं डेस्क इंचार्ज के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। समाचारों के त्वरित प्रकाशन से लेकर विस्तृत अध्ययन के साथ एक्सप्लेनर आदि में भी रुचि रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज प्रकाशित करने और खबरों के अंदर की खबर को विस्तार से समझाने में रुचि रखते हैं। हिंदी भाषा की डिजिटल पत्रकारिता के नए आयामों को समझते हैं और उसके अनुसार ही पाठकों को खबरें देने के लिए तत्परता रखते हैं।


अकादमिक योग्यता: एक तरफ डेढ़ दशक का सक्रिय पत्रकारिता करियर रहा है तो वहीं दूसरी तरफ सूर्यप्रकाश अकादमिक अध्ययन में भी गहरी दिलचस्पी रखते रहे हैं। पत्रकारिता में ही ग्रैजुएशन और मास्टर्स की पढ़ाई के साथ ही 'हाइब्रिड वारफेयर में मीडिया के इस्तेमाल' जैसे महत्वपूर्ण एवं उभरते विषय पर पीएचडी शोध कार्य भी किया है। पत्रकारिता, समाज, साहित्य में रुचि के अलावा वारफेयर में मीडिया के प्रयोग पर भी गहरा अध्ययन किया है। इसी कारण डिफेंस स्टडीज जैसे गूढ़ विषय में भी वह रुचि रखते हैं। इस प्रकार सूर्यप्रकाश का एक लंबा पेशेवर अनुभव रहा है तो वहीं गहरी अकादमिक समझ भी रही है।


राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय महत्व के समाचारों में गहरी दिलचस्पी रखते हैं तो वहीं नैरेटिव वारफेयर के बारे में भी गहरा अध्ययन है। खबरों के अंदर की खबर क्या है और किसी भी समाचार के मायने क्या हैं? ऐसी जरूरी चीजों को पाठकों तक पहुंचाने में भी रुचि रखते हैं। लाइव हिन्दुस्तान में बीते 5 सालों से जुड़े हैं और गुणवत्तापूर्ण समाचार देने की मुहिम को बल प्रदान किया है। सूर्यप्रकाश को पाठकों की पसंद को समझने और उसके अनुसार समाचारों के प्रस्तुतिकरण में भी महारत हासिल है। कठिन विषयों को सरल शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने की रुचि है और इसी कारण एक्सप्लेनर आदि भी लिखते हैं।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।