
DU के बाद JNU में छात्रसंघ चुनाव का बिगुल बजा, 4 नवंबर को वोटिंग 6 को नतीजे
संक्षेप: JNU छात्रसंघ चुनाव 2025-26 का शेड्यूल जारी हो गया है, जिसके तहत 4 नवंबर को मतदान होगा और 6 नवंबर को नतीजों का ऐलान होगा, वहीं 2 नवंबर को प्रेसिडेंशियल डिबेट आयोजित की जाएगी।
दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) में छात्रसंघ चुनाव का उत्साह फिर से चरम पर है। गुरुवार को चुनाव समिति ने 2025-26 सत्र के लिए JNUSU का शेड्यूल जारी कर दिया। इस बार 4 नवंबर को मतदान होगा और 6 नवंबर को नतीजों का ऐलान होगा।

क्या है JNU छात्रसंघ चुनाव का शेड्यूल?
चुनावी प्रक्रिया का आगाज 24 अक्टूबर से होगा, जब प्रारंभिक वोटर लिस्ट प्रदर्शित की जाएगी। सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक इसमें सुधार के लिए समय मिलेगा। 25 अक्टूबर को दोपहर 2 से 5 बजे तक नामांकन फॉर्म बांटे जाएंगे और 27 अक्टूबर को सुबह 9:30 से शाम 5 बजे तक उम्मीदवार अपने नामांकन दाखिल कर सकेंगे।
28 अक्टूबर को सुबह 10 बजे वैध नामांकनों की सूची जारी होगी, और उसी दिन दोपहर 2 से 5 बजे तक नाम वापसी का मौका होगा। शाम 7 बजे तक अंतिम उम्मीदवारों की लिस्ट सामने आ जाएगी, और रात 8 बजे प्रेस ब्रीफिंग के साथ कैंपस में कैंपेनिंग के लिए जगह आवंटन होगा।
कैंपस में चलेगा जोरदार प्रचार
29 से 31 अक्टूबर तक स्कूल जनरल बॉडी मीटिंग्स (GBMs) होंगी, जहां उम्मीदवार अपनी बात रखेंगे। 1 नवंबर को यूनिवर्सिटी जनरल बॉडी मीटिंग (UGBM) होगी, और 2 नवंबर को बहुप्रतीक्षित प्रेसिडेंशियल डिबेट होगी, जहां उम्मीदवारों की बुद्धिमत्ता और जोश की असली परीक्षा होगी। 3 नवंबर को 'नो कैंपेन डे' रहेगा।
4 नवंबर को होगी वोटिंग
4 नवंबर को सुबह 9 से दोपहर 1 बजे और फिर दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक दो सत्रों में वोटिंग होगी। रात 9 बजे से मतगणना शुरू होगी और 6 नवंबर को नतीजों का ऐलान होगा। चुनाव समिति के अध्यक्ष रवि कांत की अधिसूचना के मुताबिक, इस बार प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित रखने की पूरी कोशिश की जा रही है।
विश्वविद्यालय ने इस महीने की शुरुआत में एक शिकायत निवारण सेल का गठन किया है, जो चुनावी प्रक्रिया की निगरानी करेगा और किसी भी विवाद को सुलझाएगा।
पिछले साल क्या रहे थे नतीजे?
पिछले साल के चुनाव में लेफ्ट समर्थित संगठनों ने चार में से तीन प्रमुख पदों पर कब्जा जमाया था, जबकि ABVP ने लगभग एक दशक बाद जॉइंट सेक्रेटरी का पद जीतकर सबको चौंका दिया था।





