'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे का क्या हुआ? BJP का कांग्रेस खिलाफ प्रदर्शन
भाजपा ने सोमवार को विरोध प्रदर्शन किया और कांग्रेस दफ्तर की ओर मार्च किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस सांसद और JNU से निष्कासित प्रोफेसर अंगोमचा बिमोल अकोइजम के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) की कम से कम 11 छात्राओं प्रोफेसर पद से बर्खास्त कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। जेएनयू की ओर से नौकरी से निकाले जाने के बाद दिल्ली पुलिस ने भी अब कांग्रेस सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न और महिला की गरिमा को ठेस पहुंचाने के आरोपों में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
भाजपा महिला मोर्चा का हल्ला बोल
भाजपा के महिला मोर्चा ने सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और यौन उत्पीड़न के आरोपों के कारण जेएनयू में प्रोफेसर पद से हटाए गए इनर मणिपुर से पार्टी सांसद आंगोमचा बिमोल अकोइजाम को पार्टी से निष्कासित करने की मांग की। प्रदर्शन में शामिल केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा पर लड़कियों के समर्थन में 'खोखले नारे' देने का आरोप लगाया।
'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' नारे का क्या हुआ?
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा- हम देश की महिलाओं और बेटियों की ओर से प्रियंका गांधी जी से पूछना चाहते हैं कि आपके नारे 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' का क्या हुआ? क्या यह खोखला नारा है? यह कहां चला गया? आपकी पार्टी के एक सांसद ने 11 लड़कियों का यौन उत्पीड़न किया है। जेएनयू ने भी इस आरोपी सांसद के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें पद से हटा दिया। इसके बावजूद आप चुप क्यों हैं?
राहुल अपनी चुप्पी कब तोड़ेंगे?
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि राहुल गांधी अपनी चुप्पी कब तोड़ेंगे? सांसद अंगोमचा बिमल अकोइजाम को पार्टी से कब निकालेंगे? आपने उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की? कांग्रेस की ओर से कार्रवाई नहीं किया जाना यह दिखाता है कि आपकी पार्टी में महिलाओं के लिए कोई जगह नहीं है। आज वे 11 लड़कियां भी संघर्ष कर रही हैं। वे आपसे पूछ रही हैं कि प्रियांका गांधी जी आप उन्हें न्याय कैसे दिलाएंगी?
दोहरा मापदंड और पाखंड कब तक?
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने आगे कहा कि यह दोहरा मापदंड और पाखंड कब तक जारी रहेगा? आपको इन सवालों का जवाब देना होगा। दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि यह अपने ही सांसद के खिलाफ लगे आरोपों से ध्यान भटकाने की कोशिश है। इसी कोशिश के तहत कांग्रेस प्रदर्शन कर रही है। कांग्रेस को पहले जेएनयू की पीड़िता छात्राओं को न्याय दिलाना सुनिश्चित करना चाहिए।
JNU ने किया था बर्खास्त
बता दें कि अकोइजाम जेएनयू के सामाजिक विज्ञान संकाय के अंतर्गत सामाजिक प्रणाली अध्ययन केंद्र में प्रोफेसर पद पर कार्यरत थे। यौन उत्पीड़न के आरोपों की जांच के बाद उन्हें 9 अक्टूबर को तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया गया था।
अपने आवास पर बुलाते और टिप्पणियां करते
इस साल मई में कम से कम 11 छात्राओं ने अकोइजाम के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतें दर्ज कराई थीं। शिकायतों में आरोप था कि अकोइजाम बैठकों या अन्य कार्यक्रमों के बहाने छात्राओं को परिसर स्थित अपने आवास पर बुलाते थे और उनका यौन उत्पीड़न की कोशिश करते थे। वह कक्षा में अश्लील और अनुचित टिप्पणियां करते थे। जेएनयू के मुख्य सुरक्षा अधिकारी की शिकायत पर रविवार को अकोइजाम के खिलाफ दिल्ली पुलिस ने केस दर्ज किया।


