JNU के प्रोफेसर पर यौन शौषण के आरोप, 10 छात्रों ने दी शिकायत
आरोपों के मुताबिक प्रोफेसर ने छात्राओं को कैंपस में बने अपने घर पर होने वाली पार्टियों में बुलाया था, जहां उन्होंने कथित तौर पर गलत तरीके से यौन संबंध बनाने की कोशिश की।

दिल्ली की जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी में एक प्रोफेसर पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए गए हैं। जानकारी के मुताबिक यूनिवर्सिटी के कम से कम 10 छात्राओं ने इसकी शिकायत करते हुए प्रोफेसर पर आरोप लगाए हैं। यूनिवर्सिटी की इंटरनल कंप्लेंट्स कमिटी (ICC) इन आरोपों की जांच कर रही है।
जानकारी के मुताबिक, ये शिकायतें लगभग एक महीने पहले की गई थीं। इनमें आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर ने अपने घर पर पार्टियों में बुलाया और यौन संबंध बनाने की कोशिश की। आरोपों के मुताबिक प्रोफेसर ने छात्राओं को कैंपस में बने अपने घर पर होने वाली पार्टियों में बुलाया था, जहां उन्होंने कथित तौर पर गलत तरीके से यौन संबंध बनाने की कोशिश की। उन पर क्लास के दौरान अश्लील टिप्पणी करने का भी आरोप है।
आईसीसी इन आरोपों की कर रही जांच
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पहले एक शिकायत दी गई थी जिसके बाद कई सीनियर छात्रों ने शिकायत दी और इस तरह के आरोप लेकर सामने आए।आईसीसी अभी इन आरोपों की जांच कर रही है। जेएनयू प्रशासन और वाइस-चांसलर के ऑफिस ने इस मामले पर अभी तक कोई बयान जारी नहीं किया है।
इससे पहले डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फेडरेशन (डीएसएफ) ने पिछले महीने आरोप लगाया था कि जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक 'क्वीयर' छात्र का गंगा ढाबा के पास स्कूल ऑफ इंजीनियरिंग के आखिरी साल के छात्रों के एक समूह ने उत्पीड़न किया। छात्र संगठन के अनुसार, यह घटना रविवार रात उस समय हुई, जब छात्र को उसके कपड़ों और पहनावे को लेकर कथित तौर पर नैतिकता का पाठ पढ़ाया गया तथा आपत्तिजनक टिप्पणियां की गईं। डीएसएफ ने एक बयान में कहा, इस तरह का व्यवहार न केवल बेहद भेदभावपूर्ण है बल्कि यह व्यक्ति की स्वायत्तता, गरिमा और सुरक्षा के अधिकार का गंभीर उल्लंघन भी है।
भाषा से इनपुट


