
मोबाइल गेम में 20 लाख हार गया था यूट्यूबर; UP के मोदीनगर में सर्राफा व्यापारी को काट डाला
दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी कॉलोनी की छोटी मार्केट में गुरुवार सुबह लूट में असफल होने पर युवक ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर बुजुर्ग सर्राफा व्यापारी की हत्या कर दी। आरोपी मोबाइल गेम में 20 लाख हार गया था और वह भारी कर्ज में था।
गाजियाबाद जिले के मोदीनगर में बेहद खौफनाक तरीके से सर्राफा व्यापारी की हत्या कर दी गई। दिल्ली-मेरठ मार्ग पर गोविंदपुरी कॉलोनी की छोटी मार्केट में गुरुवार सुबह लूट में असफल होने पर युवक ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार कर बुजुर्ग सर्राफा व्यापारी को काट डाला। सर्राफ के बेटे ने मौके पर ही बदमाश को पकड़ने का प्रयास किया तो सिर पर हमला कर उन्हें भी घायल कर दिया। इस बीच लोगों ने आरोपी को पकड़कर जमकर धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी यूट्यूबर है और मोबाइल गेम में लाखों रुपये हार जाने की वजह से भारी कर्ज में था।
गोविंदुपुरी कॉलोनी मे 73 वर्षीय गिरधारी लाल सोनी अपनी पत्नी द्रोपदी, पुत्र देवेंद्र और रूपेंद्र समेत पूरे परिवार के साथ रहते थे। गिरधारी लाल की छोटी मार्केट में गिरधारी लाल एंड संस ज्वैलर्स के नाम से दुकान है। उन्होंने गुरुवार सुबह आठ बजे अपनी दुकान खोली और काउंटर पर जाकर बैठ गए। करीब साढ़े आठ बजे नकाबपोश बदमाश दुकान के अंदर आया। बदमाश ने सबसे पहले व्यापारी की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया।
इसी बीच बदमाश ने गल्ले में हाथ डाला तो गिरधारी लाल सोनी ने इसका विरोध किया और बदमाश को धक्का दे दिया। इसी बीच बदमाश ने चापड़ से व्यापारी की गर्दन और छाती पर ताबड़तोड़ वार करने शुरू कर दिए। इसी बीच व्यापारी का छोटा बेटा रूपेंद्र आ गया और बदमाश को दबोच लिया। बदमाश ने रूपेंद्र के सिर पर हमला कर घायल कर दिया। आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होने बदमाश को दबोच कर उसकी जमकर धुनाई की। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गए।
वहीं, घटना के विरोध में व्यापारियों ने बाजार बंद कर करीब घंटे तक धरना-प्रदर्शन कर बदमाश के एनकांउटर की मांग की। इस दौरान पुलिस और व्यापारियों के बीच जमकर नोकझोंक भी हुई है। हत्या की सूचना पर एडिशनल सीपी आलोक प्रियदर्शी एवं डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने पहुंचकर परिजन और व्यापारियों से जानकारी ली।
आरोपी है यूट्यूबर, गेम में हार चुका लाखों रुपये
बताया जा रहा है कि आरोपी अंकित गुप्ता बीएससी पास है और कई साल पहले पढ़ाई छोड़ चुका है। इसके अलावा आरोपी यूट्यूबर भी है। पुलिस के अनुसार आरोपी ऑनलाइन गेम खेलता था और उस पर बीस लाख रुपये से अधिक का कर्ज है। कर्ज उतारने के लिए ही आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी के यू-ट्यूब पर 6250 सब्सक्राइबर
हत्यारोपी अंकित गुप्ता यू-ट्यूब पर शॉर्ट्स बनाने का शौकीन है। उसने डिजायर टेलीफिल्म के नाम से चैनल बनाया है। उसके 6250 सब्सक्राइबर भी हैं। 13 नवंबर 2020 को उसने यू-ट्यूब अकाउंट बनाया था। आरोपी 89 वीडियो पोस्ट कर चुका है। इस पर 10,18,121 व्यूज मिल चुके हैं। वर्ष 2025 की ह्रदयविदारक घटनाओं को जोड़कर एक वीडियो भी पोस्ट किया है, जिसमें पहलगाम आतंकी हमला, उत्तराखंड बाढ़, दिल्ली ब्लास्ट, अहमदाबाद प्लेन क्रैश आदि घटनाएं शामिल हैं।
बीस सेकेंड में 12 वार किए
सर्राफा व्यापारी गिरधारी लाल सोनी बड़े व्यापारी थे। आरोपी अंकित गुप्ता लूट करने के इरादे से आया था। सीसीटीवी कैमरे में फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी ने व्यापारी पर बीस सेकेंड में चापड़ से 12 वार गर्दन और छाती पर किए। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आलोक प्रियदर्शी ने कहा कि इस मामले के आरोपी अंकित गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमा दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है। लूट के साथ कई एंगल पर जांच चल रही है।
ऑनलाइन मंगवाए थे धारदार हथियार
डीसीपी ग्रामीण सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने बताया कि आरोपी अंकित गुप्ता ने बताया कि उसने ऑनलाइन चाकू और चापड़ मगवाए थे। आरोपी के पास तमंचा नहीं था और न ही उसने फायरिंग की थी। आरोपी पर तीन बैंकों का 15 लाख से अधिक का कर्जा है।
गिरधारी लाल की शहर में तीन दुकानें
मृतक गिरधारी लाल के परिवार में पत्नी के अलावा दो पुत्र रूपेंद्र सोनी और देवेंद्र सोनी हैं। गोविंदपुरी के अलावा उनकी सारा रोड और मोदीनगर बस स्टैंड के निकट अपर बाजार में सर्राफा की दुकान है।





