सावधान! जेवर एयरपोर्ट में जॉब के नाम पर ठगने वाले सक्रिय, हजारों पदों पर निकाली फर्जी भर्ती

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

जेवर एयरपोर्ट पर अभी विमान सेवा शुरू नहीं हुई, लेकिन जालसाजों ने फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को नौकरी और टैक्सी सेवा का झांसा देकर ठगी करने की कोशिश शुरू कर दी हैं। ये ठग खुद को सोशल मीडिया के जरिये एयरपोर्ट से जुड़ा अधिकारी या अधिकृत एजेंसी का कर्मचारी बता रहे हैं।

सावधान! जेवर एयरपोर्ट में जॉब के नाम पर ठगने वाले सक्रिय, हजारों पदों पर निकाली फर्जी भर्ती

जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के नाम पर इन दिनों सोशल मीडिया पर कई फर्जी अकाउंट सक्रिय हैं। फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों को नौकरी और टैक्सी सेवा का झांसा देकर ठगी करने की कोशिश की जा रही है। जालसाज एयरपोर्ट से उड़ानें शुरू होने, विमानों के खड़े होने जैसी भ्रामक तस्वीरें और जानकारियां साझा कर लोगों को फंसाने में जुटे हैं। सोशल मीडिया के जरिये ये ठग खुद को एयरपोर्ट से जुड़ा अधिकारी या अधिकृत एजेंसी का कर्मचारी बता रहे हैं। इन्होंने सोशल मीडिया पर कई पेज भी बनाए हैं, जिन पर एयरपोर्ट के चालू होने के फर्जी वीडियो हैं। जबकि, हकीकत यह है कि नोएडा एयरपोर्ट का सिर्फ उद्घाटन हुआ है। यहां से अभी विमान सेवा शुरू नहीं हुई है।

उड़ानें शुरू करने के लिए नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (बकास) से एयरपोर्ट सिक्योरिटी प्रोग्राम (एएसपी) मिलने का इंतजार है। एयरपोर्ट के नाम पर ठग सबसे अधिक दसवीं-बारहवीं पास और नवप्रवेशी को निशाना बना रहे। ये ग्राउंड स्टाफ, सिक्योरिटी गार्ड, हेल्पर, चालक के पदों के लिए आवेदन मांगते हैं। इसलिए बड़ी संख्या में युवा खुद को इसके लिए योग्य मानते हैं।

2442 पदों पर फर्जी भर्ती निकाली गई

वेबसाइट www. niasjewar. com पर नोएडा एयरपोर्ट के नाम पर 2442 पदों पर फर्जी भर्ती निकाली गई है। इनमें लोडर, ग्राउंड स्टाफ के साथ कार्गो एग्जीक्यूटिव के पद हैं। इस फर्जी पोर्टल पर आवेदन की अंतिम तिथि 15 जून 2026 बताई गई है। इसके अलावा niairport.sensehq.com/carrier पर भी फर्जी भर्ती निकाली गई है। यापल ने युवाओं से ऐसे फर्जीवाड़े से बचने की सलाह दी है।

सेक्टर-142 में साक्षात्कार का झांसा दे रहे

1. सोशल मीडिया फेसबुक, इंस्टाग्राम समेत अन्य प्लैटफॉर्म पर एयरपोर्ट से जुड़े सैकड़ों वीडियो अपलोड किए जा चुके हैं। फेसबुक पर जॉब्स नाउ के नाम से वीडियो डाला गया है, जिसमें एक महिला 10वीं और 12वीं पास अभ्यर्थियों को नौकरी का मौका देने की बात कर रही है। संतराज राजपूत नाम के फेसबुक पेज पर 21 पदों पर भर्ती के लिए वीडियो डला है।

2. गोलू महावलपुरिया नाम से पोस्ट किए गए वीडियो में एयरपोर्ट पर नौकरी के लिए सेक्टर-142 एडवंट टावर में साक्षात्कार के लिए भेजे जाने की बात हो रही है। साथ ही इनके पेज पर एयरपोर्ट से जुड़े 100 से अधिक वीडियो हैं। साउदी, तुर्की समेत अन्य एयरलाइंस के विमान खड़े दिखाकर वीडियो को नोएडा एयरपोर्ट का बताया गया है।

प्रवक्ता, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, ''नोएडा एयरपोर्ट में फर्जी तरीके से नौकरी लगाने का झांसा दिया जा रहा। एयरपोर्ट के लिए नौकरी समेत अन्य जानकारी आधिकारिक वेबसाइट niairport.in पर उपलब्ध हैं। किसी दूसरी वेबसाइट या लिंक पर भरोसा न करें।''

रिपोर्ट : आशीष धामा

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।