Jewar Airport : नाेएडा को आज मिलेगा एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, 25 वर्ष पुराना सपना होगा साकार

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, नोएडा, निशांत कौशिक
share

25 वर्ष पहले देखा गया जेवर में एयरपोर्ट बनाने का सपना आज साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। चार चरण का काम पूरा होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा।

Jewar Airport : नाेएडा को आज मिलेगा एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट, 25 वर्ष पुराना सपना होगा साकार

25 वर्ष पहले देखा गया जेवर में एयरपोर्ट बनाने (नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट) का सपना शनिवार को साकार होगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सुबह करीब 11 बजे इसका उद्घाटन करेंगे। अधिकारियों के मुताबिक, चार चरण का काम पूरा होने के बाद नोएडा एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा एयरपोर्ट बन जाएगा।

जेवर एयरपोर्ट के लिए सबसे पहले वर्ष 2001 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और मौजूदा केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रयास शुरू किया। उन्होंने इंटरनेशनल एयरपोर्ट एंड एविएशन हब का प्रस्ताव पारित किया। लंबे समय तक ठंडे बस्ते में प्रस्ताव रहने के बाद वर्ष 2010 में तत्कालीन मुख्यमंत्री और बसपा सुप्रीमो मायावती के प्रयासों से एयरपोर्ट निर्माण के लिए रक्षा मंत्रालय से क्लीरियंस मिला। उस समय दिल्ली एयरपोर्ट से कम दूरी का हवाला देकर मामला फिर लटका दिया गया। इस बीच एयरपोर्ट को आगरा स्थानांतरित करने के प्रयास हुए। केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने के बाद वर्ष 2014 से पुन: प्रयास तेज हुए। वर्ष 2015 में अखिलेश यादव ने जेवर एयरपोर्ट शुरू करने की इच्छा जताई और यमुना एक्सप्रेसवे अथॉरिटी को 5000 करोड़ रुपये जारी किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 25 नवंबर 2021 को जेवर में इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनाने के लिए शिलान्यास किया। अब यह बनकर तैयार है। नागरिक उड्डयन महानिदेशालय ने 6 मार्च 2026 को एयरपोर्ट के लिए एयरोड्रम लाइसेंस जारी किया।

सुरक्षा कड़ी : उद्घाटन कार्यक्रम और जनसभा में सुरक्षा के लिए सात हजार से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक रहेगी।

पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला पहला राज्य बनेगा उत्तर प्रदेश

प्रधानमंत्री नोएडा एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग और रनवे को देखेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इस दौरान 21 विधानसभा क्षेत्रों से आए लोग मौजूद रहेंगे। इस एयरपोर्ट के उद्घाटन के बाद उत्तर प्रदेश पांच अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा। इस मौके पर प्रधानमंत्री के अलावा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापु राम मोहन नायडू मौजूद रहेंगे।

अप्रैल अंत तक हवाई सेवा शुरू होने की उम्मीद

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन अप्रैल अंत तक शुरू होने की संभावना है। यहां से 65 शहरों के लिए सेवा शुरू करने का दावा है। पहले चरण में देश के 10 शहरों के लिए सेवा शुरू होगी। शुरुआत में केवल घरेलू और कार्गो उड़ानें ही संचालित की जाएंगी।

● चंडीगढ़ ● गोरखपुर ● लखनऊ ● वाराणसी ● जयपुर ● अहमदाबाद ● मुंबई ● हैदराबाद ● बेंगलुरु ● चेन्नई

प्रधानमंत्री ने साझा की एयरपोर्ट की फोटो

प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को नोएडा हवाई अड्डे की तस्वीरें एक्स पर साझा कीं। प्रधानमंत्री ने एक्स पोस्ट में कहा कि एनसीआर की कनेक्टिविटी को बड़ा बढ़ावा, जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पहले चरण का उद्घाटन कल होगा।

एमआरओ हब की भी नींव रखेंगे

प्रधानमंत्री एयरपोर्ट परिसर में एमआरओ (मेंटेनेंस, रिपेयर और ओवरहॉल) हब की भी नींव रखेंगे। नोएडा एयरपोर्ट परिसर में विमानों के रखरखाव के लिए बनने वाला यह पहला एमआरओ हब होगा। फिलहाल देश के विमानों में बड़ी तकनीकी और अन्य दिक्कतें आने पर मरम्मत के लिए विदेश पर निर्भर रहना पड़ता है।

दिल्ली से सस्ती विमान सेवा संभव

नोएडा एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले विमानों में यात्री किराया दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट के मुकाबले कम हो सकता है। दिल्ली एयरपोर्ट की अपेक्षा यहां से उड़ान भरने वाले विमानों को ईंधन सस्ती दर पर उपलब्ध होगा। निर्माण से पहले हुए समझौते में यूपी सरकार ने ईंधन पर एक फीसदी वैट लगाने का निर्णय लिया, जबकि दिल्ली एयरपोर्ट पर विमानों को ईंधन पर 25 फीसदी वैट देना पड़ता है।

प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए तीन पंडाल बने

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उद्घाटन कार्यक्रम के लिए तीन पंडाल बनाए गए हैं। उनकी जनसभा में दो लाख लोगों के पहुंचने की संभावना है। नोएडा एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर क्षेत्र में विकसित किया गया है। प्रधानमंत्री टर्मिनल भवन का निरीक्षण कर जनसभा को संबोधित करेंगे। समारोह में यूपी की राज्यपाल आनंदी बेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और केंद्रीय उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहेंगे।

एक्सप्रेसवे पर मालवाहक वाहनों पर रात तक रोक

प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के चलते शनिवार को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे, यमुना एक्सप्रेसवे और कार्यक्रम स्थल के आसपास के रास्तों पर सुबह सात से रात 11 बजे तक मालवाहक वाहनों का आवागमन पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगा। जेवर-टप्पल मार्ग पर गोपालगढ़ की ओर से जेवर की तरफ जाने वाले व्यावसायिक वाहनों को वापस टप्पल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वाहन टप्पल-पलवल होकर गंतव्य तक जा सकेंगे।

ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज

मेक माई ट्रिप वेबसाइट और ऐप पर एयरपोर्ट की एंट्री नोएडा डीएक्सएन के नाम से दिखने लगी है। हालांकि, अभी टिकट बुकिंग शुरू नहीं हुई। इस प्रक्रिया में 45 दिन लगते हैं। इसके बाद उड़ानें शुरू हो सकेंगी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।