काम की बात: जेवर एयरपोर्ट से उड़ान का सपना आज होगा सच, जुलाई से 16 शहरों के लिए मिलेंगी फ्लाइट

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा, आशीष धामा
Follow us on Google News
share

गौतमबुद्ध नगर के जेवर में 25 साल पहले देखा गया इंटरनेशनल एयरपोर्ट से कमर्शियल उड़ान शुरू होने का सपना आज सच होने जा रहा है। जुलाई महीने से 16 शहरों के लिए नियमित विमान सेवा शुरू हो जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 28 मार्च को इस एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।

जेवर एयरपोर्ट से उड़ान का सपना आज होगा सच, जुलाई से 16 शहरों के लिए मिलेंगी फ्लाइट

25 साल लंबा इंतजार, उतार-चढ़ाव से भरे दौर और पश्चिमी यूपी की आंखों में पला एक बड़ा सपना सोमवार सुबह जेवर के आसमान में पहली उड़ान के साथ हकीकत में बदलने जा रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार को जैसे ही पहला यात्री विमान रनवे छोड़ेगा, जेवर का नाम हमेशा के लिए विमानन मानचित्र पर दर्ज हो जाएगा। इस ऐतिहासिक सफर का आगाज केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री के. राम मोहन नायडू बेंगलुरु की उड़ान को हरी झंडी दिखाकर करेंगे। वहीं, लखनऊ से आने वाली पहली वीआईपी उड़ान में विधानसभा अध्यक्ष और 75 दिग्गज कारोबारी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे। यहां से सोमवार को लखनऊ, बेंगलुरु, हैदराबाद, अमृतसर के लिए उड़ान शुरू होगी। इसे लेकर रविवार को सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं। यहां एक सप्ताह से विमानों को उतारकर उपकरणों की जांच की जा रही थी।

अधिकतर सीटें बुक

इंडिगो एयरलाइंस की पहली उड़ान जो बेंगलुरु जाएगी, उसकी 180 सीटों में से 168 सीट बुक हो चुकी थीं। हैदराबाद के लिए 180 में से 138 बुक हो चुकी थीं, जबकि 42 खाली थीं। अमृतसर के लिए 180 में से 103 बुक हो चुकी थीं।

पीएम मोदी ने किया था शिलान्यास

25 नवंबर 2021 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेवर एयरपोर्ट का शिलान्यास किया था। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद एशिया का सबसे बड़े एयरपोर्ट बनाने का रिकॉर्ड भी इस जिले के नाम हो दर्ज हो जाएगा।

अगले महीने 16 शहरों के लिए उड़ानें शुरू होंगी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से एक जुलाई के बाद 16 शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू हो जाएंगी। यहां 3900 मीटर लंबे रनवे से रोजाना 28 विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेंगे। शुरुआत में इंडिगो और अकासा एयर के विमान संचालित होंगे। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सोमवार यानी आज उड़ानें शुरू हो जाएंगी। पहले दिन लखनऊ और बेंगलुरु की विशेष फ्लाइट रहेगी। इसके साथ ही हैदराबाद और अमृतसर के लिए सामान्य उड़ानें निर्धारित हैं। इसके बाद 16 जून को इंडिगो जम्मू, जबकि अकासा एयर नवी मुंबई और बेंगलुरु की फ्लाइट शुरू करेगी। पहले दिन एयरपोर्ट के रनवे पर आठ बार विमान टेकऑफ और लैंडिंग करेगा, जबकि एक जुलाई से नवी मुंबई, बरेली, जयपुर, भोपाल समेत देश के कई अन्य शहरों के लिए सीधी उड़ान सेवा उपलब्ध हो जाएगी। इंडिगो और अकासा एयर अपनी समय सारिणी जारी कर चुकी हैं। हालांकि, एयर इंडिया एक्सप्रेसवे एयरलाइंस की ओर से अभी तक समय सारिणी जारी नहीं की गई। हालांकि, इमसें कुछ देरी होने का भी अनुमान है।

कार्गो उड़ानें 17 जून से शुरू होंगी

नोएडा एयरपोर्ट से 17 जून से कार्गो उड़ानें भी शुरू हो जाएंगी। पहली कार्गो उड़ान घरेलू होगी। हालांकि, एक जुलाई से ही इन फ्लाइटों का भी विस्तार किया जाएगा। एयरपोर्ट पर एयर इंडिया सेट्स ने 30 एकड़ में कार्गो हब बनाया है। इसकी प्रतिवर्ष क्षमता 2.55 लाख मेट्रिक टन कार्गो है।

नोएडा से लखनऊ के बीच चार उड़ानें

नोएडा-लखनऊ के बीच एक जुलाई से चार फ्लाइटें शुरू होंगी। शेड्यूल के अनुसार फ्लाइट 6ई 7625 सुबह 7:40 बजे लखनऊ से रवाना होकर 8:55 बजे नोएडा पहुंचेगी। इसी तरह 6ई7624 सुबह 6:00 बजे नोएडा से उड़ान भरने के बाद 7:10 बजे लखनऊ उतरेगी। नोएडा से ही दिन में 15:05 बजे फ्लाइट संख्या 6ई 7628 रवाना होकर 16:15 बजे लखनऊ पहुंचेगी। रात में 6ई7629 लखनऊ से 21:35 बजे उड़ान भरने के बाद 22:50 बजे लखनऊ उतरेगी। लखनऊ के अलावा नोएडा से जयपुर, चंडीगढ़, भोपाल और देहरादून जैसे शहरों के लिए भी एक जुलाई से ही दैनिक उड़ानों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

गुरुग्राम-फरीदाबाद से भी रोडवेज बसें चलेंगी

नोएडा एयरपोर्ट तक यात्रियों को सुविधा देने के लिए यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने कई कंपनियों के साथ समझौता किया हुआ है। हरियाणा और यूपी रोडवेज की बसें 15 जून से एयरपोर्ट के लिए संचालित की जाएगी। यूपी रोडवेज की बसें आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज, लखनऊ से सीधे एयरपोर्ट तक चलेगी। वहीं, हरियाणा रोडवेज की बसें पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से यात्रियों का सफर आसान बनाएगी।

170 किसान लखनऊ के लिए उड़ान भरेंगे

नोएडा एयरपोर्ट से जेवर के किसानों को पहले ही दिन विशेष सौगात मिलेगी। जेवर के किसान सोमवार को विमान में बैठकर लखनऊ की यात्रा करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संवाद होगा। जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने बताया कि एयरपोर्ट से पहले दिन क्षेत्र के 170 किसान विमान में बैठकर लखनऊ की सैर करेंगे। इनमें 20 महिलाएं भी शामिल होंगी। ये वही किसान परिवार हैं, जिन्होंने नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण के लिए अपनी पुश्तैनी भूमि समर्पित की हैं।

आरके सिंह, सीईओ, यीडा, ''नोएडा एयरपोर्ट से 15 जून को विशेष और सामान्य उड़ानें शुरू होंगी। एक जुलाई के बाद 16 शहरों के लिए नियमित विमान सेवा शुरू हो जाएगी। फिलहाल दो एयरलाइंस ने अपनी समय सारिणी जारी की है। एयर इंडिया एक्सप्रेस अपनी उड़ानें देरी से शुरू करेगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।