
भट्टा-पारसौल में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे कानूनी प्रक्रिया से वापस होंगे: जयंत चौधरी
केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज में इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भट्टा-पारसौल में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे कानूनी प्रक्रिया से वापस होंगे।
केंद्रीय राज्य मंत्री और राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित किसान आदर्श इंटर कॉलेज में इंडोर स्टेडियम का शिलान्यास किया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में उन्होंने कहा कि भट्टा-पारसौल में किसानों के खिलाफ दर्ज मुकदमे कानूनी प्रक्रिया से वापस होंगे।
वर्ष 2011 में भट्टा-पारसौल में भूमि अधिग्रहण मामले में आंदोलन हुआ था। इस दौरान हुई हिंसक झड़पों में दो पुलिसकर्मी और दो किसानों की मौत हो गई थी। इसी मामले में किसान लगातार दर्ज मुकदमों को वापस लेने की मांग करते आ रहे हैं।
अब केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि किसानों पर दर्ज हुए मुकदमे सिर्फ मेरे कहने से नहीं, बल्कि कानूनी प्रक्रिया से वापस होंगे। इस दौरान उन्होंने स्वस्थ समाज और देश के विकास के लिए बच्चों और युवाओं को बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जयंत चौधरी ने कहा कि खेलों के लिए युवाओं को संसाधन और वातावरण मुहैया कराना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है। वह अपनी निधि से स्टेडियमों का निर्माण करा रहे। उनकी निधि से सबसे बड़ा हिस्सा यहां पर लगाया जा रहा। इंडोर स्टेडियम में कुश्ती, कबड्डी सहित अन्य खेलों की सुविधाएं होंगी।
नोएडा में सिंथेटिक ट्रैक बनेगा : केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि दनकौर के आसपास नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, विश्वविद्यालय समेत कई बड़ी परियोजनाएं अ रहीं, लेकिन यहां खेल से जुड़ी किसी व्यवस्था पर काम नहीं हुआ। इसलिए प्रबंधन समिति की मांग पर कॉलेज में स्टेडियम बनाने के लिए सांसद निधि से दो करोड़ रुपये दिया गया है। उन्होंने समिति से अपील की है कि इस स्टेडियम का एक धरोहर की तरह निर्माण करें, जिससे कि बच्चे मुक्केबाजी, बैंडमिंटन आदि खेलों में बेहतर प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीत सकें। उन्होंने नोएडा में युवाओं के लिए सिंथेटिक ट्रैक बनाने की घोषणा की। कार्यक्रम में ओलंपिक पदक विजेता बॉक्सर विजेंद्र, जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह, कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, बिजनौर सांसद चंदन चौहान, जिला अध्यक्ष जनार्दन भाटी सहित अन्य व्यक्ति मौजूद रहे।
तीन जिलों में किसानों पर 32 मुकदमे दर्ज हुए थे
तत्कालीन मायावती सरकार के कार्यकाल के दौरान 14 मई 2011 को भट्टा-पारसौल में किसानों और प्रशासन के बीच संघर्ष हुआ था। अलीगढ़, बुलंदशहर और गौतमबुद्ध नगर में किसानों के खिलाफ 32 मुकदमे दर्ज हुए थे। मुकदमों में वॉन्टेड 300 किसानों की गिरफ्तारी भी हुई। तत्कालीन जिलाधिकारी दीपक अग्रवाल भी संघर्ष में घायल हुए थे। अब तक 27 मुकदमे खत्म हो चुके हैं, जबकि पांच मुकदमे किसानों पर दर्ज हैं। इन पांच मुकदमों में भट्टा-पारसौल सहित पांच गांवों के 200 किसान वॉन्टेड हैं।





