सौरभ दास और आशुतोष रांका तिहाड़ की अलग-अलग बैरकों में शिफ्ट; क्या वजह?
जंतर-मंतर पर पुलिस के काम में बाधा डालने और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार 'कॉकरोच जनता पार्टी' के सदस्य सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ जेल भेजा गया है।

दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस के काम में बाधा डालने और शांति भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किए गए कॉकरोच जनता पार्टी के सदस्य सौरभ दास और आशुतोष रांका को सुरक्षा कारणों से अलग अलग बैरकों में रखा गया है। पांच दिनों की न्यायिक हिरासत में तिहाड़ भेजे गए दास व रांका को क्रमशः जेल संख्या दो में और जेल संख्या चार में शिफ्ट किया गया है।
जंतर-मंतर को प्रोटेस्ट लिस्ट से हटाने के बाद भी हंगामा
जेल के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, जंतर-मंतर को हाल ही में प्रदर्शन स्थल की सूची से हटाये जाने के बावजूद सौरभ दास, आशुतोष रांका को सरकारी काम में बाधा उत्पन्न की थी। इसको लेकर 13 अक्तूबर को उनकी गिरफ्तारी के बाद अदालत के आदेश पर उन्हें आगे की कार्रवाई पांच दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया है।
इस कारण अलग-अलग बैरकों में रखे गए
जेल के अंदर सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए दोनों को अलग अलग बैरक में रखा गया है। सौरभ दास को जहां जेल संख्या दो में रखा गया है, वहीं अभिषेक रांका को जेल सख्या चार में शिफ्ट किया गया है।
सहयोगी अजिंक्य शिंदे को राहत
पुलिस ने बताया कि दास और रांका को तिहाड़ जेल में रखा गया है। उनके सहयोगी अजिंक्य शिंदे को 6 महीने तक शांति बनाए रखने और अच्छा व्यवहार करने की शर्त पर एक निजी मुचलके और 5,000 रुपये की जमानत राशि पर रिहा कर दिया गया।
इसलिए दी 5 दिन की न्यायिक हिरासत
पुलिस ने बताया कि इन तीनों आरोपियों को बुधवार सुबह विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया था। विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट की अदालत ने निवारक पुलिस रिपोर्ट, बार-बार कानून का उल्लंघन किए जाने और जमानत पर रिहा होने पर फिर से कानून तोड़ने के साथ ही अन्य लोगों को उकसाने की गंभीर आशंका को ध्यान में रखते हुए सौरभ दास और आशुतोष रांका को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
शनिवार को भी हिरासत में लिए गए थे दास और रांका
CJP नेताओं को मंगलवार तड़के हिरासत में लिया गया था। आरोपी कथित रूप से बैरिकेड तोड़कर जंतर-मंतर क्षेत्र में दाखिल हो गए थे। आरोपियों ने नारेबाजी भी की। सौरभ दास और आशुतोष रांका को शनिवार को हिरासत में लिया गया था। उन्होंने एक साल तक शांति बनाए रखने के लिए बॉण्ड पर दस्तखत किए थे। CJP नेताओं के खिलाफ यह कार्रवाई कई प्रदर्शनों के बाद राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा बढ़ाए जाने के बीच हुई है।
दीपके ने पीएम मोदी पर बोला हमला
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा- आशु और सौरभ को 5 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। उनका दोष क्या है? जंतर-मंतर पर तिरंगा फहराना… प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी कुछ हिम्मत दिखाइए। यदि आप असहमति की आवाज दबाने के लिए इतने दृढ़ हैं तो इन कायरतापूर्ण तरीकों के पीछे छिपने के बजाय आधिकारिक तौर पर इमरजेंसी लगाने का साहस दिखाइए।
13 अक्टूबर की सुबह मारी थी एंट्री
दिल्ली पुलिस ने कहा कि 13 अक्टूबर की सुबह सौरव दास, आशुतोष रांका, अजिंक्य शिंदे और CJP के 11 सदस्य एक निजी परिसर से होते हुए जंतर-मंतर पहुंच गए जबकि इसे निर्धारित प्रदर्शन स्थल की सूची से हटा दिया गया है। मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उनको रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उनके कर्तव्य निर्वहन में बाधा डाली। सभी 14 लोगों को हिरासत में ले लिया गया।
कनॉट प्लेस थाने में इन धाराओं में केस
आरोपियों के खिलाफ 13 अक्टूबर को कनॉट प्लेस थाने में BNS की धारा 223(ए) (लोक सेवक के आदेश का उल्लंघन), 332 (अपराध करने के इरादे से घर में अनधिकृत प्रवेश) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
संसद मार्ग थाने में भी केस
इसके अलावा, संसद मार्ग थाने में धारा 221 (लोक सेवक के कर्तव्य निर्वहन में बाधा डालना), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना), 132 (ड्यूटी करने से रोकने के लिए लोक सेवक पर हमला या बल प्रयोग), 121(1) (लोक सेवक को ड्यूटी से रोकने के लिए जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाना) और 3(5) (साझा मंशा) के तहत एक अन्य प्राथमिकी दर्ज की गई। BNS की धारा 332, 132 और 121(1) गैर-जमानती धाराएं हैं।
इन धाराओं में ऐक्शन
पुलिस ने कहा कि सार्वजनिक शांति भंग करने और कानून का उल्लंघन करने के कथित प्रयासों के मद्देनजर दास, रांका और शिंदे को एहतियातन गिरफ्तार किया गया। सोशल मीडिया के जरिए अन्य लोगों को भी ऐसी गैरकानूनी गतिविधियों के लिए उकसाने के उनके कथित प्रयासों पर भी गौर किया गया। बयान के अनुसार, तीनों को विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धाराओं 126 और 170 के तहत कार्यवाही शुरू की गई।

