मेरे खिलाफ 45 FIR, मेरा टारगेट 100 का है... दिल्ली में केस दर्ज होने पर राहुल गांधी
दिल्ली के आकाशवाणी भवन में जबरन घुसकर धरना देने के बाद एफआईआर दर्ज होने पर राहुल गांधी ने कहा कि उनके खिलाफ 45 एफआईआर हो चुकी हैं और उनका टारगेट 100 का है…

दिल्ली के आकाशवाणी भवन परिसर में जबरन घुसकर धरना देने के आरोप में अपने खिलाफ नई एफआईआर दर्ज होने पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरे 45 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और मेरा टारगेट 100 FIR का है। राहुल ने यह भी कहा कि उनके खिलाफ दर्ज हर एफआईआर एक मेडल की तरह है। राहुल गांधी का यह बयान ऐसे वक्त में सामने आया है जब विपक्षी दलों के सांसद मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के लिए रवाना हुए हैं।
विपक्षी दल के सांसदों का जंतर-मंतर कूंच
बता दें कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की अध्यक्षता में बुधवार को विपक्षी दलों की बैठक हुई। बैठक के बाद दोपहर का भोज हुआ और विपक्षी दलों के सांसदों ने जंतर-मंतर के लिए कूंच कर दिया। राहुल गांधी ने कहा कि निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन के लिए विपक्ष के सांसद जंतर मंतर जा रहे हैं क्योंकि कोई और जगह विरोध प्रदर्शन के लिए तय नहीं है। ज्ञानेश कुमार को इस्तीफा देना ही होगा।
हिरासत में लिए गए थे 260 लोग
सनद रहे मंगलवार को भी कुछ ऐसा ही घटनाक्रम सामने आया था। मंगलवार को जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में भोज आयोजित हुआ था। इस मौके पर निर्वाचन आयोग के खिलाफ प्रदर्शन और आगे की कार्रवाई को लेकर चर्चा हुई थी। अब विपक्षी सांसदों के जंतर-मंतर के लिए कूंच के कार्यक्रम को मंगलवार के विरोध प्रदर्शनकों की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है। कल मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान कम से कम 260 लोगों को हिरासत में लिया था।
मुझ पर दर्ज हर FIR मेरे लिए एक मेडल की तरह
मंगलवार को आकाशवाणी भवन परिसर में धरने को लेकर दर्ज की गई FIR पर राहुल गांधी ने कहा कि मेरे खिलाफ 45 FIR दर्ज हैं, मेरा टारगेट 100 FIR का है। मैं चाहता हूं कि मेरे खिलाफ 100 FIR दर्ज हों। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि मुझ पर दर्ज हर FIR मेरे लिए एक मेडल की तरह है। देश को पता होना चाहिए कि हमारे लिए ज्ञानेश कुमार सही चुनाव आयुक्त नहीं हैं। मोदी जी, अमित शाह जी, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार जी ने देश में लोकतंत्र को खत्म कर दिया है। जिन लोगों ने यह किया है, वे देशद्रोही हैं और हम उनके खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
जितना चाहें उतना केस दर्ज कर लें…
आकाशवाणी भवन परिसर में घुसने और वहां 8 घंटे तक धरना देने पर दिल्ली पुलिस की ओर से दर्ज FIR पर राहुल गांधी ने जितने चाहें उतने केस दर्ज कर लें; हम डरने वाले नहीं हैं। वहीं इस मुद्दे पर राजद नेता मनोज झा ने कहा कि सभी दोषियों को सजा दिलाई जाएगी। हम मिलकर इस सरकार से लड़ेंगे। वहीं टीएमसी के डेरेक ओ'ब्रायन ने कहा कि हम सब यहां साथ हैं, हम सब एकजुट हैं। हम बिना किसी अहंकार के साथ हैं। हम तब तक इनसे लड़ेंगे जब तक ये सत्ता से बाहर नहीं कर दिए जाते।

