महिला पत्रकारों से बदसलूकी, यौन उत्पीड़न के आरोप; SC ने पुलिस अधिकारी को बुलाया
सुप्रीम कोर्ट ने 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला पत्रकारों से कथित यौन उत्पीड़न और बदसलूकी के मामले में दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी को पेश होने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली में 10 अक्टूबर को राष्ट्रीय राजधानी में हुए विरोध प्रदर्शन की रिपोर्टिंग कर रही महिला पत्रकारों के साथ कथित यौन उत्पीड़न, बदसलूकी, मारपीट और डराने-धमकाने के आरोपों पर मंगलवार को दिल्ली पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी को 15 अक्टूबर को अदालत में मौजूद रहने का निर्देश दिया है। शीर्ष अदालत ने यह आदेश नेटवर्क ऑफ वूमेन इन मीडिया, इंडिया' की एक याचिका पर दिया है। याचिका में सार्वजनिक कार्यक्रमों और प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों की सुरक्षा, स्वतंत्र जांच और दोषी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की गई है।
पत्रकारों के लिए सुरक्षा उपायों की मांग
मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत, जस्टिस जोयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहिना की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए कहा कि वह चाहेंगे इस मामले में सहायता करने या स्पष्टीकरण देने के लिए कोई वरिष्ठ अधिकारी यहां मौजूद रहे। यह निर्देश पीठ द्वारा 'नेटवर्क ऑफ वूमेन इन मीडिया, इंडिया' की एक याचिका पर सुनवाई के दौरान दिया गया। इसमें याचिकाकर्ताओं ने प्रदर्शनों और सार्वजनिक आयोजनों की रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकारों के लिए सुरक्षा उपायों की मांग की गई है।
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को अग्रिम नोटिस
याचिकाकर्ता संगठन की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता इंदिरा जयसिंह ने न्यायालय को बताया कि विरोध प्रदर्शनों की रिपोर्टिंग के दौरान महिला पत्रकारों को परेशानियां झेलनी पड़ी। आरोप यौन उत्पीड़न से संबंधित है। उन्होंने अनुरोध किया कि इस मामले की सुनवाई 10 अक्टूबर के विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी अन्य याचिकाओं के साथ की जाए। उनकी ओर से यह भी बताया गया कि सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता को अग्रिम नोटिस भेज दिया गया है।
जांच और आरोपी पुलिसकर्मियों पर ऐक्शन की मांग
याचिका में कथित मारपीट, डराने-धमकाने और मनमानी हिरासत के खिलाफ पत्रकारों के लिए सुरक्षा की मांग की गई है। इसके साथ ही प्रदर्शनों के दौरान पत्रकारों के साथ पुलिस के व्यवहार को नियंत्रित करने वाले लागू करने योग्य दिशा-निर्देशों, कथित घटनाओं की स्वतंत्र जांच और जिम्मेदार पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई है।
पुलिसकर्मियों द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप
याचिका में महिला पत्रकारों के उन आरोपों का हवाला दिया गया है जिनमें कहा गया है कि प्रेस का सदस्य होने के रूप में अपनी पहचान बताने के बावजूद उनके साथ हाथापाई की गई, उन्हें हिरासत में लिया गया और उनके पेशेवर कर्तव्यों का पालन करने से रोका गया। इसमें 3 अक्टूबर की एक अलग घटना का भी जिक्र है जिसमें 3 महिला पत्रकारों ने जंतर-मंतर के पास एक विरोध प्रदर्शन के बाद अपनी हिरासत के दौरान पुलिसकर्मियों द्वारा यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया था।
सर्वोच्च अदालत ने क्या दिया था आदेश?
दिल्ली पुलिस ने कहा है कि शिकायतों की जांच क्राइम ब्रांच के हवाले कर दी गई है। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने बाद में इन आरोपों पर स्वतः संज्ञान लिया और दिल्ली पुलिस आयुक्त से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। सुप्रीम कोर्ट ने 11 अक्टूबर को निर्देश दिया था कि प्रदर्शनों के दौरान आवाजाही पर प्रतिबंध और अवैध हिरासत के आरोपों से निपटते समय वकीलों, पत्रकारों और अन्य पेशेवरों को उनके पेशेवर कर्तव्यों के पालन में बाधा नहीं डाली जानी चाहिए। इस मामले पर 15 अक्टूबर को संबंधित याचिकाओं के साथ सुनवाई की जाएगी।

