जंतर-मंतर प्रोटेस्ट; तो खंडपीठ में जाएं; युवा कांग्रेस की इस दलील पर HC की दो-टूक
दिल्ली हाईकोर्ट ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगने वाली भारतीय युवा कांग्रेस की याचिका पर दिल्ली पुलिस को मंगलवार तक का समय दिया है। पुलिस की ओर से समय मांगे जाने पर अदालत ने सुनवाई 13 अक्टूबर तय की है।

दिल्ली हाई कोर्ट ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति मांगने वाली भारतीय युवा कांग्रेस की याचिका पर दिल्ली पुलिस से 13 अक्टूबर तक जवाब मांगा है। युवा कांग्रेस मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन करना चाहती है। सोमवार को सुनवाई के दौरान युवा कांग्रेस की ओर से मामले को जनहित से जुड़ा बताए जाने पर अदालत ने सख्ती दिखाते हुए दो-टूक जवाब भी दे दिया। अदालत ने मामले को मंगलवार के लिए लिस्टेड कर दिया है।
जवाब देने के लिए 13 अक्टूबर तक का समय
दिल्ली हाईकोर्ट ने सोमवार को दिल्ली पुलिस को भारतीय युवा कांग्रेस (आईवाईसी) की याचिका पर जवाब देने के लिए 13 अक्टूबर तक का समय दिया है। इस याचिका में मतदाता सूची के SIR यानी विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने की अनुमति मांगी गई है।
कल होगी सुनवाई
मामले की सुनवाई शुरू होते ही दिल्ली पुलिस की तरफ से पेश अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल (एएसजी) चेतन शर्मा ने न्यायमूर्ति अमित महाजन की पीठ को बताया कि वह इस मुद्दे पर निर्देश लेकर मंगलवार को अदालत को सूचित करेंगे। एएसजी के बयान पर गौर करते हुए अदालत ने मामले को मंगलवार को सुनवाई के लिए सूचीबद्ध कर दिया है।
जनहित वाली दलील
याचिकाकर्ता की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता सिद्धार्थ लूथरा ने कहा कि याचिका चार दिन पहले दाखिल की गई थी। पुलिस के वकील अब तक इस संबंध में निर्देश ले सकते थे। उन्होंने जोर देकर कहा कि मामले की सुनवाई सोमवार को ही की जाए। उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला जनहित से जुड़ा है।
…तो खंडपीठ जाइए, अदालत की दो-टूक
इस पर पीठ ने सख्त रुख अपनाते हुए दो-टूक कहा कि यदि मामला जनहित से जुड़ा है, तो इसे खंडपीठ के समक्ष जाना चाहिए था। भारतीय युवा कांग्रेस ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब के माध्यम से अदालत का रुख किया है। इस याचिका में जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति देने से इनकार करने संबंधी दिल्ली पुलिस के एक अक्टूबर के पत्र को चुनौती दी। कांग्रेस की युवा इकाई मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है।
नागरिक अधिकार कार्यकर्ता के आरोप पर रिपोर्ट तलब
इस बीच अदालत ने दिल्ली पुलिस से नागरिक अधिकार कार्यकर्ता मोहम्मद वासिक नदीम खान के उस आरोप पर रिपोर्ट मांगा है जिसमें उन्होंने दावा किया है कि जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में शामिल होने से रोकने के लिए उनको अवैध रूप से हिरासत में लिया गया था। उन्होंने पुलिस की ओर से लगातार निगरानी किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। अदालत ने पुलिसकर्मियों के आचरण पर दिल्ली पुलिस के वकील से सवाल भी किए।

