जंतर-मंतर हुआ ‘छूमंतर’, नई जगहों पर कैसे जुटेगी भीड़; क्या करेंगे प्रदर्शनकारी
राजधानी दिल्ली के लुटियंस इलाके में हाल के महीनों में कई बड़े प्रदर्शन हुए। नीट पेपर लीक आंदोलन के बाद अब CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ मोर्चा खुल गया था। हालांकि अब जंतर मंतर पर विरोध प्रदर्शन नहीं हो पाएगा।

जंतर मंतर के बाद दिल्ली में बनाए गए तीन प्रदर्शन स्थलों पर भीड़ जुटाना प्रदर्शनकारियों के लिए बड़ी चुनौती होगी। दूर-दराज के इलाकों से लोगों को जुटाने, उन्हें मैदान तक पहुंचाने, भोजन-पानी और दूसरी सुविधाओं का इंतजाम करने में पसीने छूट सकते हैं। इसके साथ इन मैदानों की क्षमता जंतर मंतर से बहुत ज्यादा है। ऐसे में यहां मैदान को भरना मुश्किल भरा होगा। केंद्रीय दिल्ली से दूर होने के कारण राजनीतिक संदेश भी मंद पड़ जाएगा। जंतर-मंतर की सबसे बड़ी खासियत उसकी केंद्रीय स्थिति थी।
बता दें कि दिल्ली पुलिस ने सोमवार को विरोध प्रदर्शनों के लिए जंतर-मंतर को निर्धारित स्थलों की सूची से हटा दिया है और उसकी जगह तीन नए स्थान इसके लिए निर्धारित किए हैं। पुलिस के आदेश के मुताबिक, विरोध प्रदर्शन और धरने आयोजित करने के लिए तीन नए स्थान निर्धारित किए हैं। इनमें रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी मैदान शामिल हैं। समझते हैं इनकी स्थिति-
रामलीला मैदान: पहुंच आसान, इंतजाम कमजोर
रामलीला मैदान तीनों स्थलों में केंद्रीय दिल्ली के सबसे नजदीक विकल्पों में है। मैदान से थोड़ी दूरी पर ही लुटियन दिल्ली शुरू हो जाती है। दिल्ली गेट मेट्रो स्टेशन, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और आसपास के बस मार्गों से यहां पहुंचना आसान है। हालांकि, बड़े जमावड़े के समय आसपास की सड़कों पर दबाव और वाहनों की पार्किंग बड़ी चुनौती बन सकती है। अब तक यहां 50 हजार की क्षमता तक रैली और प्रदर्शन की मंजूरी मिलती थी। 50 हजार लोगों की भीड़ को जुटाना और उसके लिए इंतजाम करना आसान नहीं होगा।
सीबीडी ग्राउंड: यूपी और पूर्वी दिल्ली के लिए आसानी
कड़कड़डूमा स्थित सीबीडी ग्राउंड जंतर-मंतर से लगभग 10-12 किलोमीटर दूर है। कड़कड़डूमा और शाहदरा मेट्रो स्टेशनों के जरिए यहां पहुंचने के विकल्प हैं। पूर्वी दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह सुविधाजनक हो सकता है, लेकिन पश्चिमी, दक्षिणी और मध्य दिल्ली से आने वालों को अतिरिक्त यात्रा करनी पड़ेगी। बसों से आने वाले समूहों के लिए उतरने की जगह और मैदान तक अंतिम दूरी का प्रबंधन भी जरूरी होगा।
बुराड़ी: बड़ी जगह, भरना आसान नहीं होगा
बुराड़ी ग्राउंड केंद्रीय दिल्ली से करीब 19 किलोमीटर दूर है। यहां बड़ा खुला मैदान है। अब तक 50 हजार से ज्यादा क्षमता वाले आयोजनों को पुलिस यहीं मंजूरी देती रही है। इतने बड़े मैदान को भरना सबसे बड़ी चुनौती है। दिल्ली के दूसरे छोर से आने वाले प्रदर्शनकारियों को अधिक समय और परिवहन खर्च करना पड़ सकता है। ग्रामीण इलाकों, पश्चिमी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली और एनसीआर से आने वालों को बसों के मार्ग, उतरने के स्थान और वापसी की व्यवस्था पहले तय करनी होगी। यहां देर रात प्रदर्शन जंतर मंतर की तरह आसान नहीं होगा। इस स्थान को भरना चुनौती होगी।
बदलेगी तस्वीर
जंतर-मंतर पर 500-1000 लोग जुटने पर भी भीड़ का दृश्य बनता था। वही 1,000 लोग रामलीला मैदान या बुराड़ी के मैदान में खड़े होंगे, तो मैदान पूरी तरह खाली दिखेगा, जिससे आंदोलन के कमजोर होने का संदेश जाएगा। जंतर-मंतर पर छोटे लाउडस्पीकर, 2-3 बैनर और 50 कुर्सियों के साथ कुछ हजार रुपये में प्रदर्शन हो जाता था।


