Jantar Mantar Protest LIVE : दिल्ली में भारी बवाल, आतिशी-सौरभ समेत 500 लोग हिरासत में, 12 घंटे के लिए इंटरनेट बंद
Jantar Mantar Protest Live: दिल्ली में आज जंतर-मंतर पर कई विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। दिल्ली पुलिस ने सौरभ भारद्वाज समेत कई दलों और संगठनों के 500 से ज्यादा नेताओं को हिरासत में ले लिया है। यहां सड़कें बंद करने के साथ ही इंटरनेट भी बंद है।

दिल्ली पुलिस ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज समेत कई दलों और संगठनों के 500 से अधिक नेताओं को हिरासत में लिया है। सौरभ भारद्वाज ने लोगों से अपील की है कि प्रदर्शन में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में जंतर-मंतर पहुंचें और उनके इस्तीफे की मांग करें। वहीं दिल्ली पुलिस ने आज जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन के आह्वान को देखते हुए बैरिकेड्स लगा दिए हैं और जंतर-मंतर रोड को ट्रैफिक के लिए बंद कर दिया है। इसके साथ ही जंतर-मंतर पर बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी गई है। 'आप' सहित तमाम विपक्षी दल वोटर लिस्ट की विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत वोटर्स के नाम हटाए जाने और अन्य मुद्दों को लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस ने गांधी जयंती पर प्रस्तावित प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी है और नई दिल्ली और उसके आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही, लोगों के इकट्ठा होने के अनुमान को देखते हुए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के जवानों को तैनात किया गया है।
LIVE UPDATE
4.45 PM: Jantar Mantar Protest LIVE: AAP का बड़ा हमला
AAP के नेशनल मीडिया इंचार्ज अनुराग ढांडा ने कहा, पूरे देश में CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं। वोट चोरी करने का मतलब है लोकतंत्र की चोरी। हैरानी की बात यह है कि यह कैसी तानाशाही सरकार है, जो वोट चोरी के आरोपी ज्ञानेश कुमार को न तो गिरफ्तार कर रही है और न ही जेल भेज रही है? इसके बजाय, वे उन लोगों को पकड़कर जेल में डाल रहे हैं जो उनके खिलाफ़ आवाज़ उठाते हैं, विरोध करते हैं, उन्हें हटाने की मांग करते हैं, कथित वोट चोरी को रोकने और लोकतंत्र की रक्षा करने की बात करते हैं। उन्होंने आतिशी जी को हिरासत में लिया, हमें हिरासत में लिया। हम क्या कह रहे थे? हम बस यही कह रहे थे कि ज्ञानेश कुमार वोट चोर हैं और उन्हें हर हाल में अपने पद से हट जाना चाहिए। अब समय आ गया है। लोगों में भारी गुस्सा है। मुंबई, दिल्ली और पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन शुरू हो गए हैं।
2.54 PM: Jantar Mantar Protest Live : जंतर मंतर को करवाया खाली
जंतर मंतर के आस-पास के इलाके को प्रदर्शनकारियों से खाली करवा दिया गया है। पुलिस किसी को भी रुकने नहीं दे रही है। पटेल चौक मेट्रो स्टेशन अब भी बंद है।
2:10 PM : Jantar Mantar Protest Live : कुछ लोगों को चोटें आईं : डीसीपी
जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन के दौरान ड्यूटी पर तैनात किसी पुलिसकर्मी के घायल होने के बारे में पूछे जाने पर नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा, “कुछ लोगों को चोटें आई हैं; हम स्थिति का आकलन कर रहे हैं।”
1:00 PM : Jantar Mantar Protest Live : जंतर मंतर पर 500 से अधिक लोग हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को जंतर मंतर पर सीईसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान आप नेता सौरभ भारद्वाज, संजीव झा, अनुराग ढांडा, आतिशी और संजय सिंह सहित 500 से अधिक प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
12:40 PM : Jantar Mantar Protest Live : जंतर-मंतर पर 150 लोग हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर विरोध प्रदर्शन स्थल के पास आम आदमी पार्टी के नेताओं और AISA कार्यकर्ताओं समेत करीब 150 प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया।
11:55 AM : Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार ने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।
11:40 AM : Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली मेट्रो ने बाराखंबा मेट्रो स्टेशन पर एंट्री और एग्जिट अगले आदेश तक बंद कर दिया है।
11:30 AM : Jantar Mantar Protest Live : RJD सांसद मनोज झा भी जंतर-मंतर पहुंचे
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ जंतर-मंतर पर हो रहे विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए पहुंचे RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि उन्हें शर्म आनी चाहिए। क्या विरोध प्रदर्शन के लिए इजाजत की जरूरत होती है? आखिरकार, यह गांधी का देश है। आज गांधी जयंती है। 'क्या वह विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे?' इस सवाल पर उन्होंने कहा, "बिल्कुल! पुलिस स्टेट बनाने के बावजूद, ज्ञानेश कुमार, प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह अपने गुनाह को छिपा नहीं पाएंगे।
11:20 AM : Jantar Mantar Protest Live : SFI और DYFI के सदस्य दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त और SIR प्रक्रिया के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन कर रहे हैं। AAP नेता भी सेंट्रल दिल्ली में SIR का मुद्दा उठाते हुए विरोध कर रहे हैं।
11:10 AM : Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली पुलिस जंतर-मंतर इलाके में सुरक्षा और निगरानी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल कर रही है। AAP समेत कई कार्यकर्ताओं, राजनीतिक नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने आज मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया था।
10:50 AM : Jantar Mantar Protest Live : जंतर-मंतर इलाके में इंटरनेट सेवा बाधित
जंतर-मंतर इलाके के आस-पास इंटरनेट सेवा बाधित है। टेलीकॉम कंपनियों को सुबह 9 बजे से रात 9 बजे तक इंटरनेट बंद करने के आदेश मिले हैं। जंतर-मंतर इलाके में 1.5 किलोमीटर के दायरे में इंटरनेट बंद रहेगा। पुलिस ने जगह-जगह बैरिकेडिंग कर रखी है। लोगों को जांच के बाद आगे जाने दिया जा रहा है।
10:40 AM : Jantar Mantar Protest Live : सौरभ भारद्वाज ने सभी लोगों से विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लेने के लिए जंतर-मंतर पहुंचने की अपील की है।
10:30 AM : Jantar Mantar AAP Protest Live: सौरभ भारद्वाज और संजीव झा हिरासत में लिए गए
दिल्ली पुलिस ने मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने जंतर-मंतर पहुंचे AAP के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज और विधायक संजीव झा समेत 50 से अधिक अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया।
10:25 AM : Jantar Mantar AAP Protest Live: बिना कार जंतर-मंतर पहुंचे सौरभ
‘आप’ नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा, “मैं बिना कार के जंतर-मंतर पहुंचा हूं। आप भी यहां आ सकते हैं। मुझे यकीन है कि दोपहर तक बहुत सारे Gen-Z, महिलाएं और युवा चुनाव आयोग के खिलाफ आवाज उठाने के लिए जंतर-मंतर पहुंचेंगे। विरोध करना हमारा अधिकार है। पुलिस हमसे कह रही है कि हमें विरोध करने की इजाजत नहीं दी गई है। छह दिन पहले, 'आप' ने यहां शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन के लिए आधिकारिक इजाजत मांगी थी।”
Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली पुलिस के अनुसार, जंतर-मंतर और उसके आस-पास 8-9 जोन बनाए गए हैं और हर जोन में एक सीनियर IPS अधिकारी तैनात किया गया है।
Jantar Mantar Protest Live : सेंट्रल दिल्ली बनी छावनी, जगह-जगह बैरिकेडिंग
दिल्ली पुलिस ने चुनाव आयोग के खिलाफ संभावित विरोध-प्रदर्शनों को देखते हुए सेंट्रल दिल्ली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और निजामुद्दीन इलाके के पास पुलिस बैरियर लगाए गए हैं।
Jantar Mantar Protest Live : जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की इजाजत नहीं : डीसीपी
डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर आज किसी भी तरह के धरना, विरोध-प्रदर्शन या मार्च की कोई अनुमति नहीं दी गई है। नई दिल्ली में BNSS की धारा 163 लागू है, इसलिए बिना अनुमति धरना, प्रदर्शन या विरोध की इजाजत नहीं होगी। इनसे निपटने के लिए सभी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने सभी से कानून का पालन करने और सहयोग करने की अपील की है।
Jantar Mantar Protest Live : प्रदर्शन में हजारों लोग हो सकते हैं शामिल
दिल्ली पुलिस सूत्रों ने बताया कि जंतर-मंतर पर प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन में करीब तीन से चार हजार लोगों के शामिल होने का अनुमान है। इसे देखते हुए इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।
Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली मेट्रो के 11 स्टेशनों पर एंट्री-एग्जिट बंद
जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर अगले आदेश तक दिल्ली मेट्रो के जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, राजीव चौक, सेवा तीर्थ, मंडी हाउस, लोक कल्याण मार्ग, आईएनए,. चावड़ी बाजार, रामकृष्ण आश्रम मार्ग और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशनों पर एंट्री और एग्जिट बंद रहेगी। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस, नई दिल्ली और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
Jantar Mantar Protest Live : जंतर-मंतर से पटेल चौक तक दंगा नियंत्रण वाहन तैनात
जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित विरोध प्रदर्शन को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जंतर-मंतर से लेकर पटेल चौक तक पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं। इसके साथ ही दंगा नियंत्रण वाहन भी तैनात किए गए हैं।
Jantar Mantar Protest Live : जंतर-मंतर पर राजनीतिक संगठनों के विरोध प्रदर्शन की तैयारी के बीच दिल्ली दिल्ली पुलि ने नई दिल्ली जिले में बीएनएसएस की धारा 163 लागू कर दी है।
Jantar Mantar Protest Live : दिल्ली पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइवजरी
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने एक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी कर कहा, "02 अक्टूबर 2026 को जंतर-मंतर और उसके आस-पास के इलाकों में ट्रैफिक पर लगी पाबंदियों और आवाजाही पर नियंत्रण को देखते हुए, यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे प्रभावित रास्तों पर जाने से बचें और अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। कनॉट प्लेस, पटेल चौक, जीपीओ, टॉल स्टॉय मार्ग, जंतर-मंतर रोड, पार्लियामेंट स्ट्रीट और आस-पास की सड़कों पर ट्रैफिक डायवर्जन/नियम लागू रहेंगे। कृपया दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के कर्मचारियों के निर्देशों का पालन करें, यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें और जहां भी संभव हो वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें। वाहन चालकों से अनुरोध है कि वे धैर्य रखें, ट्रैफिक नियमों का पालन करें और इलाके में तैनात ट्रैफिक कर्मियों का सहयोग करें। कृपया भीड़-भाड़ से बचने के लिए डायवर्जन के संकेतों और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें।
Jantar Mantar Protest Live: दिल्ली के पूर्व उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने एक वीडियो संदेश में कहा, ''ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर 2 अक्टूबर को आपका जंतर-मंतर आना महत्वपूर्ण है, अन्यथा आज मतदान का अधिकार छीना जा रहा है, कल दूसरे सभी अधिकार भी छीन लिए जाएंगे।''
Jantar Mantar Protest Live: 'आप' के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि निर्वाचन आयोग ने देशभर में 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए हैं। सिंह ने कहा, ''यह छोटी संख्या नहीं है। निर्वाचन आयोग ने पूरी व्यवस्था को केंद्रीकृत कर दिया है और आयुक्तों (निर्वाचन) ने भी इस प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। अपने मतदान के अधिकार की रक्षा के लिए जंतर-मंतर पहुंचें।''
Jantar Mantar Protest Live: दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने आरोप लगाया कि (ज्ञानेश) कुमार के जरिये भाजपा हमारे मतदान का अधिकार छीनने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र खतरे में है और मैं आप सभी से कल जंतर-मंतर पहुंचने की अपील करती हूं।

