जनकपुरी बाइकर मौत केस: हादसे के बाद मजदूर ने लगाए थे बैरिकेड-पर्दे, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया

Praveen Sharma नई दिल्ली, भाषा
Follow us on Google News
share

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से बाइकर की मौत के मामले में आईओ ने बताया कि गिरफ्तार मजदूर योगेश को घटना के बाद सड़क पर बैरिकेड और पर्दे लगाकर घटनास्थल को कवर करते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था।

जनकपुरी बाइकर मौत केस: हादसे के बाद मजदूर ने लगाए थे बैरिकेड-पर्दे, दिल्ली पुलिस ने कोर्ट को बताया

पश्चिमी दिल्ली के जनकपुरी में बीते दिनों जल बोर्ड द्वारा खोदे गए गड्ढे में गिरने से एक बाइक सवार की मौत के मामले में दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को अदालत को बेहद अहम बातें बताई हैं। आईओ ने बताया कि इस मामले में गिरफ्तार मजदूर योगेश को घटना के बाद सड़क पर बैरिकेड और पर्दे लगाकर घटनास्थल को कवर करते हुए सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था।

दिल्ली पुलिस ने अदालत को बताया कि जनकपुरी हादसा मामले की प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डीजेबी ठेकेदार ने चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड लगाने जैसे कोई सुरक्षा उपाय नहीं किए थे।

जस्टिस मजिस्ट्रेट हरजोत सिंह औजला ने मामले में जांच अधिकारी (आईओ) से वस्तु स्थिति रिपोर्ट दाखिल करने को कहा था। रिपोर्ट में कहा गया, ''जांच के तहत सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की गई और सीसीटीवी कैमरों का विश्लेषण करने पर पता चला कि ठेकेदार और उसके मजदूरों द्वारा खुदाई स्थल के आसपास कोई एहतियाती उपाय (सावधानी बोर्ड, बैरिकेड आदि) का पालन नहीं किया गया था, जिसके परिणामस्वरूप बाइक सवार गड्ढे में गिर गया और उसकी मौत हो गई।''

5 फरवरी की देर हुआ था हादसा

दिल्ली के जनकपुरी में 5 फरवरी की देर रात को रोहिणी स्थित एक निजी बैंक के कर्मचारी 25 वर्षीय कमल ध्यानी की दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) द्वारा खोदे गए 15 फुट गहरे गड्ढे में गिरकर मौत हो गई थी।

जांच अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में अदालत को बताया कि घटनास्थल पर दो सीसीटीवी कैमरे काम कर रहे थे और जांच के दौरान उनके फुटेज की जांच की गई थी। घटना के संबंध में अब तक दो गिरफ्तारियां हो चुकी हैं, जबकि डीजेबी के तीन अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है।

सब-कॉन्ट्रैक्टर और मजदूर हो चुके गिरफ्तार

दिल्ली पुलिस ने एक सब-कॉन्ट्रैक्टर राजेश प्रजापति और एक मजदूर योगेश को गिरफ्तार किया है, जिन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। आईओ ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में मजदूर योगेश को घटना के बाद सड़क पर बैरिकेड और पर्दे लगाकर घटनास्थल को कवर करते हुए देखा गया था।

जांच रिपोर्ट के मुताबिक, 6 फरवरी को जनकपुरी थाने को सूचना मिली थी कि एक शख्स आंध्रा स्कूल के पास गड्ढे में गिर गया है। पुलिस मौके पर पहुंची और जोगिंदर सिंह मार्ग पर लाल साईं मार्ग की ओर डीजेबी द्वारा खोदे गए गड्ढे के अंदर एक व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ अचेत पड़ा पाया।

अदालत ने जांच अधिकारी से नई स्टेटस रिपोर्ट तलब की

जज औजला ने इस मामले की जांच कर रहे आईओ को निर्देश दिया कि वह अगली सुनवाई की तारीख 20 फरवरी को जांच की स्थिति को लेकर नई स्टेटस रिपोर्ट पेश करें। वहीं, पीड़ित पक्ष के वकीलों ने अदालत में दलील दी कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के साथ छेड़छाड़ की आशंका है, इसलिए उन्हें संरक्षित किया जाना चाहिए।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।