जामिया में 20 साल फिर बनेगा छात्र संघ? चुनाव के लिए भूख हड़ताल पर बैठे 5 छात्र
जामिया मिलिया इस्लामिया में 20 बाद फिर से छात्र संघ चुनाव कराने की मांग उठने लगी है। पांच छात्रों ने इसके लिए अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि छात्र संत्र नहीं होने से उनकी आवाज नहीं सुनी जाती।

दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनाव कराने की मांग अब जोर पकड़ने लगी है। जामिया में 2006 के बाद से कोई चुनाव नहीं हुआ है। इसके चलते जामिया के पांच छात्रों ने विश्वविद्यालय छात्र संघ को बहाल करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी है। उनका कहना है कि लगभग दो दशक छात्र संत्र चुनाव कराने की मांग अधूरी है।
द इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, जामिया से इंटरनेशनल स्टडीज में पोस्टग्रेजुएट कर रहे छात्र मोहम्मद जासिम खान, फैकल्टी ऑफ लॉ के BA LLB (ऑनर्स) छात्र एबिन बेसिल, सोशल वर्क में MA कर रहे रेहान हैदर, जियोग्राफी में BA कर रहे रेहान खान और जेंडर स्टडीज में MA फर्स्ट ईयर के छात्र फैजान अली खान ने 12 अक्टूबर को अपनी भूख हड़ताल शुरू की है।
क्यों उठी छात्र संघ चुनाव की मांग
छात्रों की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में कहा कि छात्र संघ न होने के कारण छात्रों की आवाज दबाई जा रही है। प्रशासन के सामने अपनी समस्याओं को उठाने के लिए छात्रों का कोई चुना हुआ प्रतिनिधि नहीं है—चाहे वह हॉस्टल, पीने का पानी, शौचालय, क्लासरूम, लाइब्रेरी और लिफ्ट जैसी बुनियादी सुविधाएं हों, या फिर पढ़ाई-लिखाई से जुड़ी बड़ी समस्याएं।
प्रदर्शन में बाहरी लोगों के होने का दावा
वहीं, जामिया के प्रॉक्टर ऑफिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि विरोध प्रदर्शन के लिए तय स्थान गेट नंबर 18 पर नहीं हो रहा । उन्होंने प्रदर्शन में शामिल छात्रों की पहचान पर भी सवाल उठाया और दावा किया कि वे बाहरी लोग हैं। जामिया प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि हम हर विभाग में सब्जेक्ट एसोसिएशन के चुनाव कराते हैं। अगर छात्र संघ के चुनाव कराए गए तो कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब हो सकती है।
छात्रों ने बताया कि जामिया में चल रही छात्रों की यह अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल असल में अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) के छात्रों की भूख हड़ताल से प्रेरित है। एएमयू प्रशासन ने इस भूख हड़ताल के बाद 9 अक्टूबर को एक आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी करके छात्र संघ चुनावों को फिर से बहाल कर दिया है।
जामिया में अब क्यों नहीं होते छात्र संघ चुनाव?
जामिया में छात्र संघ के आखिरी चुनाव 2005 में हुए थे। कैंपस में हिंसा और हंगामे के आरोपों के बीच 31 मार्च 2006 को यूनिवर्सिटी ने चुनी हुई छात्र इकाई को भंग कर दिया था। प्रशासन का यह भी आरोप था कि छात्र प्रतिनिधि प्रशासनिक मामलों में दखल देने लगे थे और यूनियन की गतिविधियों का असर पढ़ाई-लिखाई के माहौल पर पड़ रहा था। इसके बाद के सालों में यूनिवर्सिटी ने पूरे कैंपस के लिए एक चुनी हुई यूनियन के बजाय अलग-अलग विभागों के स्तर पर प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता दी। 2012 में तत्कालीन कुलपति नजीब जंग ने जामिया यूनिवर्सिटी के पुराने अनुभवों का हवाला देते हुए उस शैक्षणिक सत्र में यूनियन चुनाव कराने से इनकार कर दिया था। इसके बजाय उन्होंने अलग-अलग फेकल्टी में 'सब्जेक्ट एसोसिएशन' को मजबूत करने का सुझाव दिया।

