IPS अनुराग कुमार होंगे दिल्ली के नए पुलिस कमिश्नर, सतीश गोलचा को हटाया गया

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

IPS Anurag Kumar : भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के 1994 बैच के अफसर अनुराग कुमार को दिल्ली पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। वह IPS सतीश गोलचा की जगह लेंगे।

IPS Anurag Kumar

केंद्रीय गृह मंत्रालय ने दिल्ली पुलिस में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। दिल्ली के वर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा को हटाकर उनकी जगह सीनियर आईपीएस अफसर अनुराग कुमार को नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। अनुराग कुमार एजीएमयूटी कैडर के 1994 बैच के आईपीएस अफसर हैं। वह दिल्ली के 27वें पुलिस कमिश्नर बने हैं।

केंद्र सरकार ने इंटेलिजेंस ब्यूरो के पूर्व स्पेशल डायरेक्टर अनुराग कुमार को शुक्रवार को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया है। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 1994 बैच के एजीएमयूटी कैडर के अधिकारी अनुराग कुमार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कैबिनेट की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने गुरुवार को ही इंटेलिजेंस ब्यूरो से उनके मूल कैडर एजीएमयूटी (अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मिजोरम एवं केंद्र शासित प्रदेश) में वापस भेजा था।

दिल्ली के एलजी को रिपोर्ट करेंगे सतीश गोलचा

एक आधिकारिक आदेश में कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी से आईपीएस अधिकारी अनुराग कुमार (एजीएमयूटी: 1994) को कार्यभार ग्रहण करने की तारीख से दिल्ली का पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया जाता है। यह नियुक्ति अगले आदेश तक प्रभावी रहेगी। इस आदेश में यह भी कहा गया है कि वर्तमान पुलिस कमिश्नर सतीश गोलचा नए पुलिस कमिश्नर के कार्यभार ग्रहण करने के बाद आगे की नियुक्ति के लिए दिल्ली के उपराज्यपाल को रिपोर्ट करेंगे। गृह मंत्रालय द्वारा सतीश गोलचा को रिटायरमेंट से पहले ही उनके पद से हटाए जाने को बड़े ऐक्शन के रूप में देखा जा रहा है।

भारत सरकार के अंडर सेक्रेटरी राकेश कुमार सिंह द्वारा हस्ताक्षरित यह आदेश दिल्ली के मुख्य सचिव, पुलिस कमिश्नर और उपराज्यपाल के प्रधान सचिव को भी भेजा गया है।

गोलचा को पिछले साल बनाया गया था कमिश्नर

बता दें कि, स्वतंत्रता दिवस से महज एक महीने पहले दिल्ली पुलिस कमिश्नर का बदला जाना कई मायनों में खास है। माना जा रहा है कि क्राइम कंट्रोल पर उनकी कमजोर पकड़ के चलते उन्हें बीच में ही हटाना पड़ा है। सतीश गोलचा को पिछले साल 21 अगस्त को ही दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था। इससे पहले वह डीजी (जेल) के पद पर तैनात थे। गोलचा एजीएमयूटी कैडर के 1992 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। सतीश गोलचा 1 मई 2024 को तिहाड़ जेल के डीजी बनाए गए थे। गोलचा डीसीपी, जॉइंट सीपी और स्पेशल सीपी के पद पर भी सेवा दे चुके हैं। वह अरुणाचल प्रदेश के डीजीपी भी रह चुके हैं। गोलचा को एसबी के सिंह के स्थान पर पुलिस कमिश्नर की जिम्मेदारी दी गई थी।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।