काम की बात: जेवर एयरपोर्ट से जनवरी शुरू हो सकती हैं इंटरनेशनल उड़ानें, जानें अब कितना बचा काम

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
share

जेवर एयरपोर्ट से विदेशों की उड़ान शुरू होने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। यहां इंटरनेशनल टर्मिनल तैयार हो गया है, बस थोड़ा काम बाकी है। नए साल में यहां से इंटरनेशनल उड़ानें शुरू हो सकती हैं। यूपी कैबिनेट ने हाल ही में एयरपोर्ट का नाम नरेंद्र मोदी के नाम पर खने की मंजूरी दी है।

Passengers at the Noida International Airport, in Jewar
जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर यात्री

उत्तर प्रदेश के जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट) से अंतरराष्ट्रीय उड़ानें अगले वर्ष जनवरी तक शुरू करने की तैयारी है। फिलहाल टर्मिनल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। लाइटिंग समेत साज-सज्जा से जुड़े कार्यों को पूरा किया जा रहा है। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो से दिसंबर तक सभी प्रकार की सुरक्षा पहलुओं पर जांच के बाद मंजूरी मिलने की संभावना है।

एयरपोर्ट का पहला चरण 1334 हेक्टेयर में विकसित किया गया है। यहां 3900 मीटर लंबा रनवे, एक लाख वर्गमीटर में टर्मिनल भवन, एटीसी टावर और कार्गो हब स्थापित किया गया है। फिलहाल, एयरपोर्ट से 15 शहरों के लिए घरेलू उड़ानें जारी हैं। हालांकि, अनुमान के मुकाबले एयरपोर्ट से 8 से 10 गुना तक कम यात्री सफर कर रहे हैं। यात्रियों की संख्या बढ़ाने के लिए इंटरनेशनल उड़ानों के लिए तेजी से प्रयास किए जा रहे हैं।

इंटरनेशनल टर्मिनल पर अब क्या काम बाकी

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल) के सीईओ आरके सिंह ने बताया कि इंटरनेशनल टर्मिनल का निर्माण काम पूरा हो चुका है। लाइटिंग, सजावट समेत अन्य प्रकार के कार्य चल रहे हैं। उनका कहना है कि ये सभी कार्य इसी माह में पूरे हो जाएंगे। नवंबर में बकास की टीम भी एयरपोर्ट पर सुरक्षा पहलुओं की जांच शुरू कर देगी। दिसंबर में सभी प्रकार की मंजूरी मिलने की संभावना है। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का शेड्यूल तैयार किया जाएगा। उन्होंने दावा किया है कि जनवरी तक इंटरनेशनल उड़ानें शुरू हो जाएगी। अभी अलग-अलग शहरों के लिए सेवा चालू है।

इन सुरक्षा मानकों की जांच होगी

अंतरराष्ट्रीय उड़ान के लिए यात्री, सामान, एयरलाइन, ग्राउंड हैंडलिंग और एयरपोर्ट के अलग-अलग सुरक्षा क्षेत्र आपस में किस तरह जुड़े हैं, इसकी जांच की जाएगी। नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो (बकास) इसकी पड़ताल करेगा कि अंतरराष्ट्रीय टर्मिनल और उससे जुड़ी नई सुरक्षा व्यवस्था निर्धारित मानकों के अनुरूप है या नहीं। बकास की अंतिम मंजूरी के बाद ही अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को हरी झंडी दिखाई जा सकेगी।

चार चरणों में पूरा होगा

एयरपोर्ट चार चरणों में बनेगा। 1334 हेक्टेयर में प्रथम फेज पूरा हो गया है। फेज-2 में दूसरा 4500 मीटर का दूसरा रनवे बनाया जाएगा। 2031 तक एयरपोर्ट पर तीन करोड़ यात्री सफर कर सकेंगे, जबकि दोनों रनवे की क्षमता प्रतिवर्ष सात करोड़ यात्री की होगी। दूसरे चरण की 1365 हेक्टेयर भूमि में एमआरओ हब और दूसरे अन्य रनवे समेत एविएशन इंडस्ट्री से जुड़े काम होंगे।

इस तरह विकसित होंगे रनवे

● 1334 हेक्टेयर में पहला और दूसरा रनवे

● 1365 हेक्टेयर में तीसरा रनवे

● 1318 हेक्टेयर में चौथा रनवे

● 735 हेक्टेयर में पांचवां रनवे

बता दें कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 9 अक्टूबर को कहा था कि राज्य मंत्रिमंडल ने जेवर के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का नाम बदलकर ‘नरेंद्र मोदी इंटरनेशनल एयरपोर्ट, नोएडा-जेवर' रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsजेवर एयरपोर्ट से कब शुरू होंगी इंटरनेशनल उड़ानें, जानें अब कितना बचा काम