Book Fair: 1 फरवरी से शुरू होगा विश्व पुस्तक मेला, लेखकों को मिलेगा अलग कोना; इस बार क्या-क्या होगा खास
Book Fair: राजधानी में एक फरवरी से शुरू होने वाले विश्व पुस्तक मेला का इस बार बड़े स्तर पर आयोजन होगा। इसमें प्रकाशकों, स्टॉल और हॉल की संख्या अधिक होगी। दर्शक रूसी साहित्य के बारे में भी जान सकेंगे। मेले में इस बार लेखकों के लिए अगल से कोने भी बनाए गए हैं।

Book Fair: राजधानी में एक फरवरी से शुरू होने वाले विश्व पुस्तक मेला का इस बार बड़े स्तर पर आयोजन होगा। इसमें प्रकाशकों, स्टॉल और हॉल की संख्या अधिक होगी। दर्शक रूसी साहित्य के बारे में भी जान सकेंगे। मेले में इस बार लेखकों के लिए अगल से कोने भी बनाए गए हैं। नौ फरवरी तक चलने वाले मेले में विश्व की सर्वश्रेष्ठ पुस्तकों के साथ साहित्य, संस्कृति और उत्सव का जश्न मनाया जाएगा।
नेशनल बुक ट्रस्ट (एनबीटी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को बताया कि भारत मंडपम (प्रगति मैदान) के हॉल संख्या-6 में इसका आयोजन होगा। पहली बार एयरपोर्ट की तर्ज पर विशेष रूप से आथर्स लाउंज बनाया गया है, जहां पर मेले में आने वाले रजिस्टर्ड लेखक बैठ सकें। इसके अलावा चित्रकारों का कोना भी बनाया गया है, जहां पर प्रकाशन में कला एवं व्यंग्यात्मक कार्टून के कार्यों की प्रदर्शनी होगी। इस बार तीन हजार से अधिक स्टॉल लगेंगे।
‘हम भारत के लोग हैं’ थीम पर आधारित होगा
इस वर्ष मेले की थीम वक्तव्य, हम भारत के लोग.. भारतीय संविधान की प्रस्तावना के प्रारंभिक शब्द हैं। थीम पविलियन गणतंत्र भारत के 75 वर्षों (1950 से 2025) के उत्सव को विशिष्ट रूप से दर्शाएगा। मेले का आयोजन प्रतिदिन सुबह 11 से रात 8 बजे के बीच होगा।
दिव्यांगों-बुजुर्गों का प्रवेश निशुल्क
● मेले का टिकट 20 रुपये का है। बच्चों के लिए यह 10 रुपये है। स्कूली ड्रेस में आने वाले बच्चों, दिव्यांगजनों और बुजुर्गों का प्रवेश निशुल्क रहेगा।
● टिकट बिक्री पुस्तक मेले के सहआयोजक भारत व्यापार संवर्धन संगठन (आईटीपीओ) पर उपलब्ध रहेगी।
● ऑनलाइन लिंक की सूचना 26 जनवरी से एनबीटी इंडिया की वेबसाइट www.nbtindia.gov.in और आईटीपीओ की वेबसाइट https//indiatradefair.com/ पर दी जाएगी।
● टिकट दिल्ली मेट्रो के चुनिंदा स्टेशनों पर भी उपलब्ध होंगे।
यहां से प्रवेश करें
मेला भारत मंडपम के हॉल संख्या 2 से 6 में आयोजित होगा। प्रवेश गेट नंबर-10 (मेट्रो स्टेशन के पास), गेट-4 (भैरों रोड) और गेट-3 से होगा। इसके लिए निकटतम मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट है। शटल सेवा गेट-10 से उपलब्ध होगी।
ये भी है खास
● थीम मंडप (हॉल 5) नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन, अहमदाबाद द्वारा डिजाइन किया गया, यह मंडप इंस्टॉलेशन, किताबों, वृत्तचित्रों और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
● अंतरराष्ट्रीय फोकस मंडप (हॉल 4) ‘रूस से आई किताबें’- क्यूरेटेड प्रदर्शनों के माध्यम से रूस की समृद्ध साहित्यिक और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन।
● लेखक कॉर्नर (हॉल 5) और लेखक मंच (हॉल 2) में होगा, जिसमें प्रमुख लेखकों, कवियों और अनुवादकों के साथ बातचीत कर सकेंगे।
● बच्चों का मंडप (हॉल 6) कथावाचन, लेखन एवं अन्य रचनात्मक कार्यशालाओं और इंटरैक्टिव गतिविधियों के साथ युवा पाठक पाठ करेंगे।
● हॉल संख्या-6 नेशनल बुक ट्रस्ट, इंडिया और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्रालय की संयुक्त पहल के तहत ब्रेल पुस्तकों का निशुल्क वितरण होगा।
● सभागार में सांस्कृतिक प्रदर्शन प्रतिदिन सायं पांच से आठ बजे तक होगा।