जेवर एयरपोर्ट के पास 8 हजार हेक्टेयर में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, क्या होगा खास

हिन्दुस्तान, ग्रेटर नोएडा
Follow us on Google News
share

यमुना प्राधिकरण जेवर एयरपोर्ट के पास इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाएगा। यह कॉरिडोर करीब 8 हजार हेक्टेयर में विकसित करने का प्लान है। इसके बनने से गौतमबुद्ध नगर के साथ ही उससे सटे अलीगढ़ जिले तक विकास की नई रफ्तार देखने को मिलेगी। 

जेवर एयरपोर्ट के पास 8 हजार हेक्टेयर में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, क्या होगा खास

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पास करीब 8 हजार हेक्टेयर में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसमें उद्योग, आवास, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां होंगी। इसका मास्टर प्लान बनाने को कंपनी चयनित करने के लिए अगले सप्ताह टेंडर जारी होगा।

यमुना सिटी के अधिसूचित क्षेत्र में करीब 4750 हेक्टेयर में नोएडा एयरपोर्ट विकसित किया जा रहा है। इससे आगे टप्पल-बाजना अर्बन सेंटर विकसित किया जाना है, जहां पर लॉजिस्टिक हब विकसित करने की योजना है। टप्पल में जमीन के सर्वे का काम पूरा हो चुका है। अब अलीगढ़ जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है। जेवर एयरपोर्ट और टप्पल-बाजना अर्बन नोड के बीच में आठ हजार हेक्टेयर अधिसूचित क्षेत्र है।

8 जून को बोर्ड बैठक में पास हुआ था प्रस्ताव

इस क्षेत्र का अधिकांश हिस्सा अलीगढ़ जिले में आता है, यहां नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इस कॉरिडोर को बनाने का प्रस्ताव बीते 8 जून को आयोजित हुई प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में पास भी हो चुका है। यह क्षेत्र नोएडा एयरपोर्ट के नजदीक है और यमुना एक्सप्रेसवे के किनारे है। ऐसे में यहां पर औद्योगिक के साथ-साथ आवासीय, व्यावसायिक समेत मिक्स लैंड यूज से जुड़ी गतिविधियां भी विकसित करने की योजना पर काम किया जाएगा। कंपनी यीडा को सर्वेक्षण पर क्षेत्र की फिजिबिलिटी रिपोर्ट बनाकर सौंपेगी।

हेरिटेज सिटी के प्लान पर भी मंथन होगा

राया हेरिटेज सिटी की डीपीआर को पीपीपी गाइडलाइंस के तहत उत्तर प्रदेश सरकार की समिति पीपीपीबीईसी के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। यह बैठक अगले सप्ताह में प्रस्तावित है। इसके बाद हेरिटेज सिटी के विकास की प्रक्रिया को भी शुरू किया जाएगा। यीडा ने इसे लेकर भी अपनी तैयारी शुरू कर दी है।

अलीगढ़ डिफेंस कॉरिडोर से भी जुड़ेगा एयरपोर्ट

अलीगढ़ रक्षा उत्पादन के प्रमुख केंद्र के रूप में उभर रहा है। इस कॉरिडोर को नोएडा एयरपोर्ट से जोड़ने का खाका तैयार किया जा चुका है। एनएचएआई पलवल से अलीगढ़ रोड, पूर्व में राज्य राजमार्ग-22ए को राष्ट्रीय राजमार्ग के रूप में विकसित करने पर काम कर रहा है। एनएचएआई ने जट्टारी कस्बे और खैर कस्बे के उत्तरी ओर बाइपास प्रस्तावित किया है। यीडा के मास्टर प्लान 2041 में प्रस्तावित 130 मीटर रोड को बाइपास से जोड़ने की योजना है।

शैलेंद्र भाटिया, एसीईओ यीडा, ''इंडस्ट्रियल कॉरिडोर और हेरिटेज सिटी पर जल्द काम शुरू किया जाएगा। ये दोनों ही फेज-2 के तहत विशेष परियोजनाएं हैं। इसके दस्तावेज बनाने का काम जारी है। टेंडर निकालकर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर का मास्टर प्लान तैयार कराया जाएगा।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।