Hindi Newsएनसीआर NewsIndigo Crisis more than 109 flights cancelled at delhi airport
अभी खत्म नहीं हुआ इंडिगो संकट, दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द; ऐक्शन में DGCA

अभी खत्म नहीं हुआ इंडिगो संकट, दिल्ली एयरपोर्ट पर 100 से ज्यादा फ्लाइट्स रद्द; ऐक्शन में DGCA

संक्षेप:

देशभर में जारी इंडिगो संकट अभी भी खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी इसका असर देखा जा रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की 100 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसल हो गई हैं।

Dec 07, 2025 02:19 pm ISTAditi Sharma लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली, पीटीआई
share Share
Follow Us on

देशभर में जारी इंडिगो संकट अभी भी खत्म नहीं हुआ है। दिल्ली एयरपोर्ट पर भी इसका असर देखा जा रहा है। दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर इंडिगो की 100 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसल हो गई हैं जिसके चलते यात्रियों को काफी परेशानी हो रही है। जानकारी के मुताबिक दिल्ली एयरपोर्ट पर आज इंडिगो की कम से कम 109 उड़ानें रद्द हैं। इस बीच इंडिगो के सीईओ पीटर एल्बर्स और सीओओ और ‘अकाउंटेबल मैनेजर’ इसिद्रो पोरकेरस को शनिवार को डीजीसीए की ओर से नोटिस जारी किया गया, जिसमें उनसे 24 घंटे के अंदर इस समस्या पर सफाई मांगी गई।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

देशभर में पिछले 6 दिनों से इंडिगो की कई उड़ानें रद्द की जा रही है। शुक्रवार को दिल्ली से इंडिगो की सभी उड़ाने रद्द कर दी गई थी। रविवार को भी 100 से ज्यादा फ्लाइट्स कैंसल की गई, हालांकि बताया जा रहा है कि पहले की तुलना में संख्या कम है और स्थिति भी सामान्य होने की तरफ बढ़ रही है।

DGCA ने नोटिस में क्या कहा?

एल्बर्स और पोरक्वेरस को भेजे गए नोटिस में डीजीसीए ने कहा कि बड़े पैमाने पर परिचालन विफलताएं योजना, निरीक्षण और संसाधन प्रबंधन में महत्वपूर्ण खामियों का संकेत देती हैं। पोरकेरस इंडिगो में जवाबदेह प्रबंधक और मुख्य परिचालन अधिकारी हैं।

नोटिस में कहा गया है, सीईओ के रूप में आप एयरलाइन के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं, लेकिन आप विश्वसनीय संचालन के लिए समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने और यात्रियों को अपेक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने के अपने कर्तव्य में विफल रहे हैं। नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने भी एल्बर्स से 24 घंटे के भीतर जवाब देने को कहा है।

नोटिस में यह भी उल्लेख किया गया है कि एयरलाइन के लिए अनुमोदित एफडीटीएल (फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन) योजना के सुचारू कार्यान्वयन को लेकर संशोधित आवश्यकताओं को पूरा करने के वास्ते पर्याप्त व्यवस्था का प्रावधान नहीं किया गया, जो उड़ान में व्यवधान का मुख्य कारण है। एक सरकारी अधिकारी ने बताया कि शनिवार को नागरिक उड्डयन मंत्री के. राममोहन नायडू ने नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थिति की समीक्षा करने और मुद्दों के समाधान के लिए एल्बर्स के साथ एक गंभीर चर्चा की। अधिकारी ने यह भी कहा कि जांच समिति के निष्कर्षों के आधार पर अधिकारी इंडिगो उड़ान व्यवधान पर उचित कार्रवाई करेंगे।

भाषा से इनपुट

Aditi Sharma

लेखक के बारे में

Aditi Sharma
अदिति शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। डिजिटल मीडिया में 8 साल का अनुभव है। साल 2016 में प्रोडक्शन हाउस से करियर की शुरुआत करने के बाद इन्होंने फर्स्टपोस्ट हिन्दी, न्यूज नेशन और टीवी9 जैसे संस्थानों में सेवा दी और वर्ष 2023 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ीं। मूलरूप से उत्तर प्रदेश के वृंदावन की रहने वाली अदिति ने इंडिया टुडे मीडिया इंस्टीट्यूट से पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन किया है। इससे पहले यह बैचलर ऑफ कंप्यूटर एप्लीकेशन में ग्रेजुएशन कर चुकी हैं। इन्हें भारतीय राजनीति और अपराध से जुड़ी खबरों में खास दिलचस्पी है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।