
IndiGo की उड़ानें रद्द होने का असर, दिल्ली से चलेंगी ये स्पेशल ट्रेनें; लिस्ट
इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने के बीच भारतीय रेलवे ने दिल्ली से कुछ स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। यही नहीं रेलवे ने पहले से चल रही अपनी कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े हैं।
इंडिगो की उड़ानों के रद्द होने का सिलसिला जारी रहने के बीच भारतीय रेलवे ने दिल्ली से कुछ स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। रेलवे का कहना है कि हवाई यात्रा बाधित होने के कारण अचानक बड़ी संख्या में लोगों ने रेलवे का रुख किया है। रेलवे ने पहले से चल रही अपनी कुछ ट्रेनों में अतिरिक्त कोच भी जोड़े हैं। दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से शनिवार को कई स्पेशल ट्रेनें अपने गंतव्य के लिए रवाना की गईं।
इन ट्रेनों का ऐलान
रेलवे ने पुणे - हजरत निजामुद्दीन, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस - हजरत निजामुद्दी, नई दिल्ली - शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधपुर, नई दिल्ली - मुंबई सेंट्रल, हजरत निजामुद्दीन - तिरुवनंतपुरम सेंट्रल ट्रेनें चलाने की घोषणा की है। वहीं पश्चिमी रेलवे ने 4 हाई डिमांडिंग रूट पर ट्रेनों में कोचों की संख्या बढ़ाई है। इससे देश के पश्चिमी क्षेत्रों से दिल्ली तक की आवाजाही सुगम होने का अनुमान है।
गोरखपुर के लिए स्पेशल ट्रेन
रेलवे के मुताबिक, गोरखपुर - आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल ट्रेन (05591/05592) सात और नौ दिसंबर के बीच चलेगी। यह ट्रेन कुल 4 फेरे करेगी।
उधपुर के लिए स्पेशल ट्रेन
वहीं वन्दे भारत स्पेशल ट्रेन (02439/02440) नई दिल्ली से शहीद कैप्टन तुषार महाजन उधपुर स्टेशन के लिए छह दिसंबर को रवाना हुई। 20 कोच वाली यह ट्रेन जम्मू क्षेत्र के लिए तेज विकल्प उपलब्ध कराएगी।
मुंबई सेंट्रल के लिए यह गाड़ी
नई दिल्ली से मुंबई सेंट्रल के लिए सुपरफास्ट स्पेशल (04002/04001) 6 दिसंबर को रवाना हुई। यह ट्रेन राष्ट्रीय राजधानी से आर्थिक नगरी मुंबई के लिए बेहतर विकल्प होगी। यह गाड़ी सात दिसंबर को मुंबई सेंट्रल से वापस नई दिल्ली आएगी।
दक्षिण भारत के लिए भी ऐलान
वहीं हजरत निजामुद्दीन - तिरुवनंतपुरम स्पेशल (04080) एकतरफा 6 दिसंबर को दक्षिण भारत के लिए चलेगी।
हावड़ा के लिए भी पहल
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन से हावड़ा के लिए 18 कोच वाली स्पेशल ट्रेन 6 दिसंबर को रवाना हुई। यह 8 दिसंबर को हावड़ा से लौटेगी।
गुजरात के साबरमती के लिए ट्रेन
वहीं सराय रोहिल्ला से साबरमती के लिए शनिवार को एक स्पेशल ट्रेन रवाना हुई। यह 7 दिसंबर को लौटेगी।
इन ट्रेनों में जोड़े कोच
नई दिल्ली से जम्मू तवी राजधानी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12425 और डिब्रूगढ़ जाने वाली गाड़ी संख्या 12424 के साथ ही अमृतसर शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन नंबर 12029 में एक-एक थर्ड एसी के अतिरिक्त कोच जोड़े हैं। वहीं पूर्वी मध्य रेलवे ने 6 से 10 दिसंबर तक 5 फेरों के लिए राजेंद्र नगर से नई दिल्ली (12309) ट्रेन में अतिरिक्त 2 एसी कोच जोड़े हैं।
(हिंन्दुस्तान संवाददाता के इनपुट के साथ)





