
Noida : इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर की 17वें फ्लोर से गिरकर मौत
नोएडा में शनिवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय गर्ग की 17वें फ्लोर से नीचे गिरकर मौत हो गई। वह दिल्ली ऑफिस में कार्यरत थे। 55 वर्षीय अजय गर्ग मूलरूप से कानपुर के रहने वाले थे और वर्तमान में नोएडा सेक्टर 104 स्थित एक सोसाइटी में रहते थे।
नोएडा में शनिवार को इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर अजय गर्ग की 17वें फ्लोर पर स्थित अपने फ्लैट की बालकनी से नीचे गिरकर मौत हो गई। वह दिल्ली ऑफिस में कार्यरत थे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। अजय मूलरूप से कानपुर के रहने वाले थे।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि 55 वर्षीय अजय गर्ग इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन के दिल्ली ऑफिस में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वह नोएडा सेक्टर-104 स्थित एटीएस वन हमलेट सोसाइटी के फ्लैट नंबर 9171 में पत्नी मयूरी गर्ग के साथ रहते थे। शनिवार सुबह करीब सवा 10 बजे वह बालकनी की तरफ गए। 5 मिनट बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। सिक्योरिटी गार्ड्स और लोग कुछ गिरने की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे तो अजय गर्ग लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़े हुए थे।
घटना के बाद सोसाइटी के लोगों ने उनकी पत्नी और डॉयल-112 पर इसकी सूचना दी। इसके तुरंत बाद ही अजय गर्ग को नजदीक के अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया
पति की मौत की सूचना के बाद पत्नी बदहवास हो गईं। इसके बाद घटना की जानकारी मुंबई में रहने वाले अजय गर्ग के बेटे देवांग को दी गई। बेटा वहीं नौकरी करता है। घटना की सूचना मिलने के बाद शनिवार शाम को ही वह नोएडा पहुंच गया। परिजनों के द्वारा रविवार को मृतक का अंतिम संस्कार करने की बात कही जा रही है। अजय गर्ग की मौत की जानकारी मिलते ही उनके दफ्तर के लोग भी सोसाइटी पहुंच गए। सभी ने मृतक परिवार को शोक संवेदना व्यक्त की और ढांढस बंधाया।
पांच मिनट में आने की बात कही थी
पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी ने बताया कि अजय गर्ग ने पांच मिनट में बालकनी से वापस आने की बात कही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। पुलिस यह हादसा और आत्महत्या दोनों पहलुओं से इस मामले की जांच कर रही है। सोसाइटी के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। अजय बीते तीन दशक से नोएडा में रह रहे थे।





