दिल्ली में केजरीवाल से मिलीं ममता बनर्जी, आज INDIA गठबंधन की बैठक; 23 दल होंगे शामिल
टीएमसी सांसदों में अनबन की खबरों के बीच ममता बनर्जी विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक से पहले दिल्ली पहुंचीं। वहां उन्होंने अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की।

टीएमसी के भीतर अंदरूनी तनाव की अटकलों के बीच ममता बनर्जी विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' की बैठक से एक दिन पहले रविवार को दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने भी अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी शनिवार को ही दिल्ली पहुंच गए थे। ममता बनर्जी के साथ राज्यसभा सदस्य डोला सेन और लोकसभा सदस्य कल्याण बनर्जी भी दिल्ली पहुंचे हैं।
पीटीआई-भाषा की रिपोर्ट के मुताबिक, ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की केजरीवाल से मुलाकात ऐसे वक्त में हो रही है जब कयास लगाए जा रहे हैं कि टीएमसी के असंतुष्ट नेता और सांसद संसद में भी वही स्थिति पैदा करने की कोशिश कर सकते हैं जो पहले पश्चिम बंगाल विधानसभा में हो चुकी है। बताया जाता है कि तृणमूल के 80 में से 58 विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक विधायक दल से बगावत कर अलग गुट बना लिया है।
ममता और अभिषेक के दिल्ली दौरे पर नजरें
इसे ममता बनर्जी के लिए सबसे बड़ा झटका माना जा रहा है। हाल के विधानसभा चुनावों में हार के बाद टीएमसी के कई नेताओं ने खुलकर ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी की नेतृत्व शैली की आलोचना की है। ऐसे में जब संकेत मिल रहे हैं कि बागी सांसद भी अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा कदम उठा सकते हैं तो ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के दिल्ली दौरे पर नजरें टिक गई हैं।
बैठक में शामिल होंगे 23 दल
पीटीआई-भाषा के मुताबिक, कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने बताया कि विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन की सोमवार को होने वाली बैठक में 23 राजनीतिक दल शामिल होंगे। बैठक दिल्ली के 'कॉन्स्टीट्यूशन क्लब' में होगी जिसमें राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे, टीएमसी की ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी, सपा प्रमुख अखिलेश यादव, राजद के तेजस्वी यादव और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उद्धव ठाकरे समेत विपक्षी दलों के शीर्ष नेता शामिल होंगे।
AAP और DMK ने बनाई दूरी
डीएमके और आम आदमी पार्टी के बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं है। आम आदमी पार्टी ने तो गठबंधन से पहले ही दूरी बना ली है जबकि डीएमके ने तमिलनाडु में कांग्रेस के संबंध तोड़ने के बाद बैठक का बहिष्कार करने का फैसला किया है। हालांकि कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने दावा किया कि विपक्षी 'इंडिया' गुट एकजुट है। जयराम रमेश ने कहा कि कुछ राजनीतिक दलों ने अलग-अलग वजहों के चलते बैठक में शामिल होने में असमर्थता जताई है।
बैठक में इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
माना जा रहा है कि बैठक में भविष्य की रणनीति के साथ राज्यों में अगले चुनावी चक्र और 2029 के लोकसभा चुनावों को लेकर मंथन होगा। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर मोदी सरकार को घेरने की रणनीति पर भी चर्चा की संभावना है। साथ ही नरेन्द्र मोदी के मुकाबले के लिए किसी चेहरे को पेश किए जाने को लेकर भी बातचीत हो सकती है। टीएमसी के नेता एवं सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि बैठक साझा उद्देश्य और स्पष्ट इरादे के साथ हो रही है। 'इंडिया' एकजुट है।
(पीटीआई-भाषा और एएनआई के इनपुट पर आधारित)
लेखक के बारे में
Krishna Bihari Singhकृष्ण बिहारी सिंह वरिष्ठ पत्रकार और स्टेट टीम का हिस्सा (दिल्ली-NCR, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, राजस्थान और गुजरात )
संक्षिप्त विवरण
कृष्ण बिहारी सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। कृष्ण बिहारी सिंह लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। वह स्टेट टीम के साथ काम कर रहे हैं। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय मीडिया जगत में केबी उपनाम से चर्चित हैं। यूपी के मऊ जिले से ताल्लुक रखने वाले केबी महाराष्ट्र और हरियाणा में पत्रकारिता कर चुके हैं। मौजूदा वक्त में वह दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय हैं।
विस्तृत बायो
परिचय और अनुभव: कृष्ण बिहारी सिंह लोकमत, आज समाज, राष्ट्रीय सहारा, अमर उजाला और दैनिक जागरण अखबार में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने साल 2019 में जागरण डॉट कॉम से डिजिटल मीडिया में कदम रखा। कृष्ण बिहारी सिंह मौजूदा वक्त में भारत के प्रसिद्ध समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) की स्टेट टीम में डिप्टी चीफ एडिटर (कंटेंट क्रिएटर) के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि: लॉ (एलएलबी) और साइंस (बी.एससी, बायोलॉजी) से ग्रेजुएट कृष्ण बिहारी सिंह ने महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन में एमए और एमफिल किया है। कृष्ण बिहारी सिंह भारतीय राजनीति और वैश्विक मामलों के साथ विधि विषय की गहरी समझ रखते हैं। अखबार से लेकर टेलीविजन और अब डिजिटल मीडिया के बदलावों के साक्षी रहे कृष्ण बिहारी सिंह पाठकों की पसंद और बदलते ट्रेंड को बारीकी से समझते हैं।
रिपोर्टिंग एवं विशेषज्ञता: कृष्ण बिहारी सिंह राजनीति, जिओ पॉलिटिक्स, जन सरोकार और क्राइम की खबरों पर पैनी नजर रखते हैं। कृष्ण बिहारी सिंह ने अब तक विभिन्न मीडिया संस्थानों में नेशनल, इंटरनेशनल, बिजनेस, रिसर्च एवं एक्सप्लेनर और संपादकीय टीमों के साथ लंबे समय तक काम किया है। यही वजह है कि खबर के पीछे छिपे एजेंडे की समझ रखने वाले केबी समसामयिक घटनाक्रमों पर गहरा विश्लेषण करते हैं।
पत्रकारिता का उद्देश्य: कृष्ण बिहारी सिंह 'राष्ट्र प्रथम' की भावना के साथ काम करते हैं। केबी का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी उसका राष्ट्र और लोक कल्याण है। केबी खबरों को पहले प्रमाणिकता की कसौटी पर कसते हैं, फिर आम जनमानस की भाषा में उसे परोसने का काम करते हैं। केबी का मानना है कि रिपोर्टिंग का उद्देश्य पाठकों को न केवल सूचना देना वरन उन्हें सही और असल जानकारी देना है।


