IIT दिल्ली के PhD छात्र ने एम्स में तोड़ा दम; सुसाइड के लिए उकसाने का केस दर्ज
आईआईटी दिल्ली के एक पीएचडी छात्र की मौत हो गई है। उसको एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था। छात्रा का इलाज के दौरान निधन हो गया। विस्तृत जानकारी के लिए पढ़ें यह रिपोर्ट…

राजन शर्मा, नई दिल्ली
आईआईटी दिल्ली के बायोकेमिकल इंजीनियरिंग विभाग के एक पीएचडी छात्र की एम्स में इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र बिहार के पूर्णिया का निवासी बताया जाता है। छात्र का एम्स में इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। सूत्र बताते हैं कि छात्र ने ज्यादा मात्रा में नींद की गोलियां ली थी। छात्र गंभीर हालत में 18 अगस्त से ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती था। पुलिस को इस मामले में अभी तक परिजनों से कोई शिकायत नहीं मिली है।
18 अगस्त को कमरे में मिले थे बेहोश
दिल्ली पुलिस ने रविवार को बताया कि IIT दिल्ली के एक PhD स्कॉलर मनीष आनंद की AIIMS में मौत हो गई। उन्हें 18 अगस्त को दक्षिणी दिल्ली के मुनिरका गांव में उनके किराए के कमरे में बेहोश हालत में पाया गया था। दिल्ली पुलिस ने कहा कि कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था जिस कारण पड़ोसियों ने उसे तोड़कर खोला। पुलिस ने मनीष को तुरंत इलाज के लिए एम्स ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया था।
45 दिनों से अधिक समय तक रहे भर्ती
वह 45 दिनों से अधिक समय तक इलाज के दौरान भर्ती रहे। 3 अक्टूबर को एम्स ट्रॉमा सेंटर में मनीष की मौत हो गई। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशों और IIT दिल्ली के सुरक्षा अधिकारी से मिली शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया है। पुलिस ने बताया कि किशनगढ़ पुलिस थाने में बीएनएस की धारा 108 के तहत सुसाइड के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया गया है।
बिहार के पूर्णिया के रहने वाले थे मनीष
हालांकि, पुलिस ने साफ नहीं किया कि मामला किसी व्यक्ति के खिलाफ दर्ज किया गया है या नहीं। रिसर्च स्कॉलर की मौत की असल वजह अभी पता नहीं चली है। बिहार के पूर्णिया के रहने वाले मनीष एम्स ट्रॉमा सेंटर के आईसीयू में भर्ती थे।
धारा 108 के तहत FIR दर्ज
IIT दिल्ली के PhD स्कॉलर की मौत के संबंध में किशनगढ़ पुलिस स्टेशन में बीएनएस की धारा 108 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मृतक मुनिरका गांव में अपने रूम में बेहोश मिला था। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों ने उसे तोड़कर खोला था। पुलिस ने पीड़ित को इलाज के लिए AIIMS ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया था।
IIT दिल्ली के कैंपस के अंदर नहीं हुई थी घटना
यह एफआईआर IIT दिल्ली के सिक्योरिटी ऑफिसर से मिली शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है। घटना IIT दिल्ली के कैंपस के अंदर नहीं हुई। परिवार की ओर से किसी पर कोई शक या आरोप नहीं लगाया गया है। संस्थान में उनकी याद में शोक सभा रखी गई है।
किडनी-लीवर की बीमारी से जूझ रहे थे
सूत्रों ने बताया कि मनीष किडनी और लीवर की गंभीर बीमारी से जूझ रहा था। उसका इलाज चल रहा था। घटना वाले दिन छात्र ने खुद को बाथरूम में बंद कर चोटें पहुंचाई थी। पड़ोसियों ने बाथरूम का दरवाजा तोड़कर छात्र को बाहर निकाला। इसके बाद उसको एम्स ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया था। मनीष के बड़े भाई 2025 बैच का आईएफएस अधिकारी हैं। भाई ने बताया कि उनका किसी पर किसी तरह का आरोप नहीं है।
22 अगस्त को एक छात्र ने दी थी जान
सनद रहे 22 अगस्त को आईआईटी दिल्ली के कैंपस की एक इमारत से कथित तौर पर कूदकर एक अन्य छात्र ने आत्महत्या कर ली थी। आईआईटी दिल्ली ने एमएससी फिजिक्स के 31 साल के छात्र की मौत के कारणों की जांच के लिए 5 सदस्यों की एक कमेटी बनाई थी। 22 अगस्त को छात्र सुबह करीब 8 बजे मुख्य गेट से IIT दिल्ली कैंपस में दाखिल हुआ था। वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स गया। वहीं से वह लिफ्ट से छठी मंजिल पर पहुंचा और कूदकर जान दे दी।

