
दिल्ली में वीजा और पासपोर्ट धोखाधड़ी के खिलाफ बड़ा ऐक्शन, 130 से ज्यादा लोग गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस की आईजीआई एयरपोर्ट यूनिट ने वीजा और पासपोर्ट धोखाधड़ी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साल 2025 में 130 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस की आईजीआई एयरपोर्ट यूनिट ने वीजा और पासपोर्ट धोखाधड़ी के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई करते हुए साल 2025 में 130 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में इलीगल इमिग्रेशन में शामिल ट्रैवल एजेंट और उनके मददगार भी शामिल हैं।
आईजीआई एयरपोर्ट पुलिस के मुताबिक, जांच के तरीके में बगलाव करते हुए में अपराध से होने वाली कमाई का पता लगाने के लिए वित्तीय जांच पर विशेष जोर दिया गया। पहली बार, पुलिस ने धोखाधड़ी नेटवर्क चलाने के संदिग्ध एजेंटों के खिलाफ वित्तीय जांच शुरू की है।
नकद लेनदेन की चुनौतियों के बावजूद, जांचकर्ताओं ने ऐसे 100 से ज्यादा बैंक अकाउंट्स की पहचान की जो संदिग्ध वित्तीय गतिविधियों से लिंक थे। इसके बाद इनके डेबिट लेनदेन पर रोक लगा दी गई। एक मामले में, पुलिस ने आपराधिक कमाई से बनाई संदिग्ध संपत्ति को कुर्क करने के लिए कोर्ट का दरवाजा भी खटखटाया है। अन्य आरोपी एजेंटों के खिलाफ भी ऐसी ही कार्रवाई शुरू की जा रही है। इसके अलावा, आरोपियों को देश छोड़कर भागने से रोकने के लिए पुलिस ने 140 लुक आउट सर्कुलर (LOC) जारी किए और दशक पुराने मामलों में वांछित 119 घोषित अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया।
हवाई अड्डे पर दलालों (टाउट्स) और चोरी की घटनाओं के खिलाफ भी अभियान तेज किया गया है। दलाली के 300 से अधिक मामले दर्ज किए गए, जिनमें 400 से अधिक गिरफ्तारियां हुईं। वहीं, यात्री सामान और कार्गो चोरी के मामलों में 60 से अधिक लोग पकड़े गए, जिनमें एयरलाइंस के ग्राउंड हैंडलिंग स्टाफ से भी पूछताछ की गई।





