‘मरने जा रहा हूं’; गाजियाबाद में एक्सप्रेसवे पर कार में मिली डॉक्टर की लाश, कमरे में छोड़ा था सुसाइड नोट

हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
Follow us on Google News
share

गाजियाबाद पुलिस को बुधवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर खड़ी एक कार में लापता पशु चिकित्सक का शव मिला। शव के पास बेहोशी की दवा और इंजेक्शन मिले। डॉक्टर ने घर से निकलने से पहले अपने कमरे में एक सुसाइड नोट लिख छोड़ा था।

‘मरने जा रहा हूं’; गाजियाबाद में एक्सप्रेसवे पर कार में मिली डॉक्टर की लाश, कमरे में छोड़ा था सुसाइड नोट
डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज

गाजियाबाद के मुरादनगर थानाक्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह कार में पशु चिकित्सक (Veterinary Doctor) का शव मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज के रूप में हुई, जो मंगलवार सुबह दिल्ली स्थित अपने क्लीनिक जाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने तलाश के बाद नंदग्राम थाने में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इसी दौरान कमरे से मिले सुसाइड नोट की जानकारी पुलिस को दी गई, जिसमें मरने के लिए जाने की बात लिखी थी।

पुलिस के मुताबिक, बुधवार सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर एक ब्रेजा कार में व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। मुरादनगर पुलिस मौके पर पहुंची और कार की जांच शुरू की। कार में मिले आईडी कार्ड से मृतक की पहचान राजनगर एक्सटेंशन स्थित वीवीआईपी मंगल सोसाइटी निवासी डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज पुत्र गोपाल स्वरूप के रूप में हुई। इसके बाद नंदग्राम पुलिस और उनके परिजनों को सूचना दी गई।

घर पर कमरे से मिला सुसाइड नोट

पुलिस की जांच में पता चला कि डॉ. शिवम कार्तिकेय भारद्वाज पशु चिकित्सक थे और दिल्ली में अपना क्लीनिक चलाते थे। परिजनों ने बताया कि मंगलवार सुबह वह रोजाना की तरह कार से क्लीनिक जाने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक उनके वापस नहीं आने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। जब काफी प्रयास के बाद भी उनका पता नहीं चला तो घर में उनके कमरे की तलाशी ली गई। इस दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट मिला। उसमें डॉक्टर ने लिखा था कि वह ‘मरने जा रहे हैं।’

सुसाइड नोट मिलने के बाद परिजन रात में नंदग्राम थाने पहुंचे और डॉ. शिवम की गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने उनकी तलाश शुरू कर दी थी। इसी बीच बुधवार सुबह मुरादनगर क्षेत्र में ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर उनकी कार में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली।

कार के अंदर बेहोशी की दवा और इंजेक्शन मिले

एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि डॉक्टर की कार से बेहोशी की दवा और इंजेक्शन आदि बरामद हुए हैं। शुरुआती जांच में आशंका है कि उन्होंने बेहोशी की दवा की अधिक मात्रा लेकर जान दी। हालांकि, मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों ने पूछताछ में किसी तरह के पारिवारिक विवाद से इनकार किया है। वहीं, कमरे से मिले सुसाइड नोट में भी डॉक्टर ने किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया है। पुलिस अब आत्महत्या के पीछे की वजह जानने के लिए परिजनों और परिचितों से पूछताछ कर रही है। शिवम के फोन और अन्य सामान की भी जांच की जा रही है। फिलहाल परिजनों की ओर से इस संबंध में कोई शिकायत नहीं दी गई है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर News‘मरने जा रहा हूं’; गाजियाबाद में एक्सप्रेसवे पर कार में मिली डॉक्टर की लाश