रूठी बीवी को मनाने और इम्प्रेस करने को पति ने कर दिया ऐसा कांड, पुलिस ने भेजा जेल

हिन्दुस्तान, नोएडा
Follow us on Google News
share

नोएडा में एक युवक अपनी रूठी हुई पत्नी को इम्प्रेस कर मनाने के चक्कर में जेल पहुंच गया। दरअसल आरोपी की पत्नी उससे झगड़ा कर एटा चली गई थी। इस झगड़े को खत्म करने के लिए उसने पार्किंग में खड़ी एक टैटू आर्टिस्ट की कार चोरी कर ली थी।

noida police vehicle checking drive
सड़क पर वाहनों की जांच करती नोएडा पुलिस।

नोएडा में पत्नी से चल रहे झगड़े को खत्म करने और उसे खुश करने के लिए एक व्यक्ति ने पार्किंग से कार चोरी कर ली। इसके बाद वह चोरी की कार लेकर एटा में पत्नी के पास पहुंचा और उसे बताया कि वह कार खरीदकर लाया है। हालांकि, बाद में पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान एटा निवासी 22 वर्षीय अरुण के रूप में हुई है।

थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी अरुण मूलरूप से एटा के बागवाला थानाक्षेत्र के सोनसा गांव का रहने वाला है। वह नोएडा सेक्टर-63 के छिजारसी में किराये के मकान में रहता है और ड्राइवर की नौकरी करता है। पुलिस की पूछताछ में उसने बताया कि उसका अपनी पत्नी से झगड़ा चल रहा था। पत्नी को मनाने और इम्प्रेस करने के लिए ही उसने कार चोरी की थी। कार लेकर वह एटा गया था और पत्नी को बताया कि उसने कार खरीदी है। हालांकि, बाद में कार की चोरी का मुकदमा दर्ज होने की जानकारी मिलने पर वह कन्नौज में अपनी बहन के यहां चला गया था और अपना मोबाइल फोन भी बंद कर लिया। जब वह दोबारा नोएडा लौटकर आया तो पुलिस ने उसे धर दबोचा।

पार्किंग से कार चुराकर भागा था अरुण

चोरी की गई कार गाजियाबाद निवासी एक टैटू आर्टिस्ट युवती की थी। युवती 12 सितंबर को सेक्टर-18 स्थित मल्टीलेवल पार्किंग में कार खड़ी कर इंटरव्यू देने गई थी। इसी दौरान आरोपी अरुण वहां से कार लेकर फरार हो गया था। इस मामले में सेक्टर-20 थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

थाना सेक्टर-20 पुलिस ने अट्टापीर से डीएलएफ मॉल की ओर जाने वाले रास्ते पर खाली प्लॉट के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थी, जबकि डिग्गी से उसकी असली नंबर प्लेट बरामद हुई। पुलिस ने चोरी की कार और फर्जी नंबर प्लेट बरामद कर मुकदमे में धोखाधड़ी और चोरी की संपत्ति से संबंधित धाराएं भी जोड़ दी हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

सोसाइटी के गेट के पास से कार चोरी

वहीं, एक अन्य घटना में नोएडा सेक्टर-45 स्थित सोसाइटी में रहने वाले निखिल अग्रवाल ने अपनी कार 12 सितंबर की देर रात सोसाइटी के मुख्य गेट के पास खड़ी की थी। बदमाश अगले दिन तड़के उनकी कार लेकर फरार हो गए। वह सुबह मौके पर पहुंचने पर कार गायब मिली। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की जब जांच की गई तो दो संदिग्ध लोग तड़के सोसाइटी के गेट के पास टहलते दिखे। पुलिस ने उनकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News , Delhi Protest Live और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करे और पाएं पल-पल की ताज़ा खबर
Hindi Newsएनसीआर Newsरूठी बीवी को मनाने और इम्प्रेस करने को पति ने कर दिया ऐसा कांड,पुलिस ने भेजा जेल