बड़ी लापरवाही हुई है; अधिकारी ने बताया ग्रेटर नोएडा में कैसे हुई 6 साल के मासूम की मौत
ग्रेटर नोएडा की एक कॉलोनी में खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरकर 6 साल के बच्चे की डूबकर मौत हो गई। अधिकारी ने कहा है कि इस मामले में बड़ी लापरवाही हुई है।

ग्रेटर नोएडा की एक आवासीय कॉलोनी में बोरिंग के लिए खोदे गए पानी से भरे गड्ढे में गिरने से छह साल एक बच्चे की डूबकर मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार शाम करीब सात बजे कलाधाम कॉलोनी में उस समय हुई, जब बच्चा गड्ढे के पास अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। पुलिस ने बताया कि बच्चा खेलते समय पानी से भरे गड्ढे में अचानक गिर गया, जिसके बाद परिजनों ने उसे बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। घटना के सिलसिले में बोरिंग कार्य के लिए जिम्मेदार ठेकेदार को रविवार को गिरफ्तार कर लिया गया।
अधिकारी ने बताया कैसे हुआ हादसा?
ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के एसीईओ सुनील कुमार सिंह ने कहा, इसमें निश्चित रूप से लापरवाही बरती गई। जिस भी कॉन्ट्रैक्टर ने बोरिंग का काम शुरू किया था, उसने सुरक्षा के जरूरी इंतज़ाम नहीं किए और उसने लगभग 10-15 फीट गहरा गड्ढा खोदा और बिना किसी बैरिकेडिंग के उसे पानी से भर दिया।
उन्होंने कहा, पता चला है कि मशीन में खराबी की वजह से काम रोक दिया गया था। काम रुका होने के कारण वहां कोई मज़दूर मौजूद नहीं था और ये बच्चे खेलते-खेलते वहां चले गए। बच्चों को गड्ढे की गहराई और उसकी प्रकृति के बारे में पता नहीं था। एक बच्चा लकड़ी या कोई चीज़ उठाने के लिए आगे बढ़ा और डूब गया। यह बहुत दुखद घटना थी। कॉन्ट्रैक्टर, टेक्निकल सुपरवाइजर और अथॉरिटी लेवल के सुपरवाइजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। टेक्निकल सुपरवाइजर को तत्काल प्रभाव से नौकरी से हटा दिया गया है।


