मरम्मत के दौरान गिरी मकान की छत, एक की मौत; 2 लोग घायल
गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी में एक मकान का छत गिरने से एक आदमी की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। पुलिस के मुताबिक मकान की छत पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक छत का हिस्सा नीचे गिर गया।

गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। ब्रह्मपुरी मोहल्ले में रविवार को मरम्मत के दौरान मकान की छत का एक हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया। हादसे में वहां काम कर रहे तीन श्रमिक मलबे में दब गए। राहत और बचाव कार्य चलाकर सभी को निकाला गया। इनमें से एक की मौत हो गई।
पुलिस के मुताबिक मकान की छत पर मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान अचानक छत का हिस्सा नीचे गिर गया। हादसे के समय वहां कई श्रमिक काम कर रहे थे। छत गिरने से मजदूरों के दबे होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय लोगों और फायर सर्विस यूनिट के कर्मचारियों के साथ राहत एवं बचाव शुरू किया। तत्काल मलबा हटाकर श्रमिकों को बाहर निकाला गया। इस दौरान इरफान उर्फ टीटू और हैदर अली घायल अवस्था में मिले।
श्रमिक सोनवीर को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने इरफान उर्फ टीटू पुत्र नन्हे लाल निवासी रियाज कॉलोनी, अलीगढ़ को मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। वहीं, हादसे की सूचना के बाद पुलिस के उच्चाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य का जायजा लिया।
दुकान बनाने की योजना थी
ब्रह्मपुरी के रहने वाले सतीश पुश्तैनी मकान के लेंटर को उठाकर दोबारा निर्माण करा रहा था। मकान के आगे वाले हिस्से में दुकान बनाने की योजना थी। लेंटर का ठेका जनपद अलीगढ़ के रहने वाले इरफान को दिया था। रविवार को इरफान, उसका भाई हैदर और अन्य मजदूर सोनवीर साइट पर काम कर रहे थे। हादसे के बाद आसपास लोग एकत्रित हो गए। लोगों ने भी काफी देर तक प्रयास किया, हालांकि पुलिस के बाद ही लोगों को वहां से निकाला जा सका।
बल्ली टूटने से नीचे गिरी छत
छत की मरम्मत के लिए नीचे पड़ी बल्लियों को उठाने का काम रहा था। इसी दौरान लेंटर के नीचे लगी एक बल्ली अचानक टूट गई। इससे छत का हिस्सा नीचे जा गिरा। लेंटर के नीचे काम कर रहे मजदूर दब गए। इरफान को मलबे से बाहर निकालने में पुलिस को करीब 20 मिनट तक मशक्कत करनी पड़ी। मलबे का ज्यादा हिस्सा उसी के ऊपर गिरा था। हैदर और सोनवीर कुछ देर बाद ही बाहर निकाल लिए गए।
सुरक्षा के इंतजाम न करने का आरोप
पुलिस और दमकल की टीम द्वारा मलबे में किसी अन्य व्यक्ति के दबे होने की आशंका को देखते हुए काफी देर तक रेस्क्यू अभियान जारी रखा गया। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। कोतवाली प्रभारी नीरज मिश्रा ने बताया कि प्राथमिक जांच में पाया गया है कि मकान मालिक द्वारा सुरक्षा के उचित इंतजाम नहीं किए गए थे। पुलिस शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर रही है।

