14 लाख रुपये तक पहुंचा रूम रेंट; BRICS समिट के चलते दिल्ली के बड़े होटलों में बुकिंग फुल
राजधानी दिल्ली में आयोजित होने जा रहे ब्रिक्स समिट को देखते हुए यहां सभी बड़े नामचीन होटलों में कमरों का किराया कई गुना तक बढ़ गया है। होटलों ने 12 और 13 सितंबर के लिए पोर्टल पर बुकिंग भी बंद कर दी।

दिल्ली के भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को होने वाले 18वें ब्रिक्स सम्मेलन (BRICS Summit 2026) के चलते राजधानी के सभी लग्जरी होटलों में कमरों की मांग बेतहाशा बढ़ गई है। इसकी वजह से अधिकतर बड़े लग्जरी होटलों में कमरों की बुकिंग फुल हो चुकी है। इन होटलों ने अपने बुकिंग पोर्टल पर दोनों तारीखों पर बुकिंग को बंद कर दिया है।
ऐसे में आसपास के दूसरे लग्जरी होटलों के खाली कमरों का किराया भी दो से तीन गुना तक बढ़ गया है। कुछ होटलों में एक रात के लिए कमरे का किराया पौने दो लाख से 5 लाख रुपये तक पहुंच गया है।
14 लाख तक पहुंचा होटल रूम का किराया
दरअसल, ब्रिक्स सम्मेलन के चलते एक दिन पहले ही विदेशी मेहमान दिल्ली पहुंच जाएंगे। वीवीआईपी मेहमानों के लिए दिल्ली के होटलों में कमरों की बुकिंग होना करीब 10 दिन पहले ही शुरू हो गई थी। जैसे-जैसे होटलों में खाली कमरों की संख्या कम होती गई, डायनेमिक किराया बढ़कर 14 लाख तक पहुंच गया था। होटल ताज महल में जहां आमतौर पर कमरे का एक दिन का शुरुआती किराया 72 हजार से लेकर करीब डेढ़ लाख तक था, मांग बढ़ने से सबसे लग्जरी कमरे का किराया 14 लाख तक पहुंच गया था। हालांकि, अब 12 और 13 सितंबर के लिए बुकिंग बंद कर दी गई है।
इन होटलों में भी बुकिंग बंद
ब्रिक्स सम्मेलन के दो दिनों में अब होटल ताज पैलेस, द लीला पैलेस, द ओबराॅय, द इंपीरियल, ली-मेरेडियन समेत कई अन्य होटलों में भी बुकिंग बंद हो चुकी है। हालांकि, 14 सितंबर या इससे आगे के दिनों के लिए बुकिंग ली जा रही है।
अन्य होटलों में महंगे दामों पर मिल रहे कमरे
ब्रिक्स सम्मेलन के अलावा अन्य व्यापारिक मीटिंग्स और अन्य समारोह में शामिल होने वाले लोगों के लिए भी कमरों की मांग बनी हुई है। इसकी वजह से इन लग्जरी होटलों के आसपास अन्य बड़े नामचीन होटलों के कमरों के रेट भी कई गुना तक बढ़ गए हैं।
होटल ललित में अब कमरे का रेट करीब पौने दो लाख से पांच लाख तक पहुंच गया है। कमरों के साइज और सुविधाओं के आधार पर किराया अलग-अलग है। होटल शांग्री-ला में कमरे का एक दिन का किराया एक लाख से करीब 1.5 लाख के बीच पहुंच गया है। छोटे और कम सुविधाओं वाले होटलों में कमरे अभी खाली हैं, लेकिन ये विदेशी मेहमानों की पसंद नहीं हैं।
भारत मंडपम से एयरपोर्ट तक आज होगा निरीक्षण
दिल्ली सरकार ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की तैयारियों के तहत भारत मंडपम से इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक के रूट का शनिवार को निरीक्षण करेगी। दिल्ली के मुख्य सचिव की अध्यक्षता में होने वाले इस निरीक्षण के दौरान मार्ग पर सड़कों, गड्ढों, फुटपाथ, जल निकासी और जलभराव की स्थिति, साफ-सफाई, ब्रिक्स से संबंधित ब्रांडिंग और आसपास के इलाकों की स्थिति का जायजा लिया जाएगा।
जल निकासी के उपायों की समीक्षा को कहा
निरीक्षण में एनडीएमसी, एमसीडी, पीडब्ल्यूडी, दिल्ली पुलिस, दिल्ली इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (डायल) और एनएचएआई समेत विभिन्न एजेंसियों के अधिकारियों को शामिल रहने को कहा गया है। सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव को मार्ग पर जल निकासी व्यवस्था, जलभराव की आशंका वाले स्थानों और आपात स्थिति में पानी निकालने के उपायों की समीक्षा करने को कहा गया है। विभाग अपने-अपने क्षेत्र को लेकर निरीक्षण पर ध्यान देंगे।


