
नूंह में होडल–पुन्हाना मार्ग पर भीषण हादसा; कार सवार तीन लोगों की मौत, कार के परखच्चे उड़े
घटना की जानकारी देते हुए बिछोर थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई है। साथ ही उन्होंने कहा कि दो में से एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे को ज्यादा चोट नहीं आई है।
हरियाणा के नूंह में होडल–पुन्हाना मार्ग पर स्थित नीमका गांव के पास मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे एक बड़ी सड़क दुर्घटना हो गई। इस दौरान कार और ट्रक के बीच हुई आमने-सामने की टक्कर में कार सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि इसी में सवार दो अन्य लोग घायल भी हो गए। हादसे के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मांडीखेड़ा भिजवा दिए, जबकि घायलों को उपचार के लिए रेफर कर दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इनमें से कार पुन्हाना की ओर से आ रही थी, जबकि ट्रक होडल की तरफ से आ रहा था। इस दौरान गांव नीमका के पास दोनों वाहनों की सीधी भिड़ंत हो गई। लोगों का कहना है कि टक्कर के बाद इतनी तेज आवाज आई थी कि जैसे मानो कोई बम फट गया हो। कार में सवार पांच युवकों में से तीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार पांच युवकों में चार जिला नूंह के गांव नीमका के निवासी थे। इनमें से तीन आपस में रिश्तेदार हैं, जबकि एक पड़ोसी बताया गया है। पांचवां युवक जिला पलवल के गांव गुराकसर का रहने वाला है। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के ग्रामीण दौड़कर घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल मांडीखेड़ा भेज दिया। घायलों को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए रेफर कर दिया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने सामान्य कराया।
मृतकों की पहचान आदिल (18), साहून (23) और शाहरुख (20) के रूप में हुई है। तीनों गांव नीमका के निवासी थे। घायलों में आमिर (17), निवासी नीमका और आशिक (22), निवासी गुराकसर, जिला पलवल शामिल हैं। आमिर की हालत गंभीर होने पर उसे दिल्ली के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है, जबकि आशिक का इलाज नलहड़ मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में चल रहा है। परिजनों के अनुसार, आदिल और साहून चचेरे भाई थे। आशिक उनका जीजा है, जबकि आमिर उनका भतीजा बताया गया है। एक ही परिवार पर हादसे का कहर टूटने से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
गांव में छाया मातम
हादसे की खबर मिलते ही गांव नीमका में मातम पसर गया। मृतकों के घरों में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंचे, जहां बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए। गांव में कई घरों में चूल्हे नहीं जले। हर तरफ शोक और सन्नाटा दिखाई दिया। ग्रामीणों ने बताया कि तीनों युवक मिलनसार थे और परिवार की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की
बिछोर थाना प्रभारी जसवीर सिंह ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि एक घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि दूसरे को ज्यादा चोट नहीं आई है और उसका इलाज चल रहा है। थाना प्रभारी के अनुसार ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तेज गति और लापरवाही से वाहन न चलाएं, ताकि इस तरह के दर्दनाक हादसों से बचा जा सके।
सड़क हादसों में 15 दिन में बारह मौत
नूंह में सड़क हादसों का सिलसिला थम नहीं रहा है। पिछले 15 दिन में बारह लोगों की मौत हो चुकी है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर छह और जिले की मुख्य सड़कों पर छह लोगों की मौत हुई है। सभी में हादसे की वजह वाहनों की तेज रफ्तार सामने आ रही है। जिले में दो दिन में छह लोगों की मौत हो चुकी है। एक हादसा सोमवार को होडल रोड पर हुआ। जिसमें कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई थी। मरने वाले एक ही परिवार के सदस्य थे।
हादसा थाना सदर नूंह क्षेत्र में नायरा पेट्रोल पंप के पास हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार ने सामने से आ रही बाइक को तेज रफ्तार में सीधी टक्कर मार दी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। सोमवार को हुए हादसे में मारे गए लोगों की पहचान शाकिब (17), निजरवी (70) और यासनी (45) के रूप में हुई थी। तीनों गांव अड़बर के निवासी थे। घटना सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। इससे पहले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक हादसे हुए, जिनमें छह लोगों की मौत हुई। जिनमें एक दंपति की मौत हुई थी। एक अन्य हादसे में ड्राइवर और कंडक्टर की ट्रक में जलकर मौत हो गई थी।





