
नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से कोच ने स्टेडियम के बाथरूम में किया दुष्कर्म, प्रेग्नेंट होने पर खुला राज
गुरुग्राम से सटे हरियाणा के रेवाड़ी जिले की पुलिस ने एक नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से दुष्कर्म करने के आरोपी जूनियर कोच को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
गुरुग्राम से सटे हरियाणा के रेवाड़ी जिले की थाना खोल पुलिस ने क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली नाबालिग हॉकी खिलाड़ी से दुष्कर्म करने के आरोपी जूनियर कोच को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि 9 जनवरी को एक नाबालिग ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 12वीं कक्षा की छात्रा है। वह हॉकी खेलती है। तीन साल से उसकी अपने जूनियर कोच से जान-पहचान है। करीब 4 महीने पहले उसके जूनियर कोच ने स्टेडियम के बाथरूम में उसके साथ दुष्कर्म किया था। इससे वह गर्भवती हो गई थी। 5 जनवरी को उसका गर्भपात हो गया। तबीयत खराब होने पर उसके परिवार के लोगों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना खोल में पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी जूनियर कोच को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया है।
फरीदाबाद में दो खिलाड़ियों के यौन शोषण के मामले आ चुके
रेवाड़ी की घटना से पहले फरीदाबाद में भी ऐसे दो मामले सामने आ चुके हैं। पहले मामले में शूटिंग के एक कोच पर होटल में नाबालिग खिलाड़ी से दुष्कर्म का आरोप लगा। छह जनवरी को इस मामले में केस दर्ज किया गया। कोच को सस्पेंड कर दिया गया है।
दूसरी घटना फरीदाबाद के बदरपुर टोल प्लाजा के पास एक होटल में घटी, जहां पिछले दिसंबर में एक अन्य शूटिंग खिलाड़ी दुष्कर्म का शिकार बनी। पुलिस ने इस मामले में पीड़ित की सहेली सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पीड़ित खिलाड़ी दिल्ली स्थित शूटिंग रेंज में चैंपियनशिप में हिस्सा लेने आई थी। वह अपनी सहेली और उसके दोस्त के साथ दो दिन पहले होटल में गई थी। इसी दौरान वहां पर उसकी सहेली के दोस्त ने अपना दोस्त बुला लिया। आरोप है कि होटल में खाने-पीने के दौरान पीड़ित युवती बेहोश हो गई। इस दौरान सहेली और उसके दोस्त की मिलीभगत से होटल में बाद में आए युवक ने पीड़ित के साथ दुष्कर्म किया।
होश में होने पर जब पीड़ित को घटना का पता चला तो उसने विरोध जताया। उसने इस मामले की सूचना पुलिस के साथ-साथ अपने परिजनों को दी। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस ने सबूत मिलने पर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
आरोपी कोच की गिरफ्तारी के लिए पंजाब में भी छापेमारी
फरीदाबाद पुलिस की दो टीमें राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी के यौन शोषण के आरोपी कोच की गिरफ्तारी के लिए पंजाब के मोहाली और हरियाणा में छापेमारी कर रही हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस को अभी कोच को गिरफ्तार करने में कामयाबी नहीं मिल सकी है। पुलिस की टीम आरोपी के दोस्तों और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाकर छापेमारी में जुटी हुई है। अभी तक पुलिस को आरोपी के ठिकाने का पता नहीं चल सका है। बता दें कि पीड़ित गत वर्ष दिसंंबर में दिल्ली स्थित शूटिंग रेंज में मैच खेलने आईं थीं। आरोपी कोच अंकुश भारद्वाज ने पीड़ित खिलाड़ी को मैच खत्म होने के बाद मैच के बारे में चर्चा करने के बहाने सूरजकुंड स्थित एक होटल में गलत हरकत की थी।





