स्वतंत्र भारद्वाज को कोर्ट ने पुलिस हिरासत में भेजा, निशू के वकील बोले- हम तो सुनवाई का इंतजार कर रहे थे
स्वतंत्र भारद्वाज के समर्थकों द्वारा प्रदर्शन का आह्वान किए जाने के बीच शनिवार को संसद मार्ग थाने के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई, अवरोधक लगा दिए गए और अर्धसैनिक बलों के जवानों को तैनात किया गया।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की समर्थक के पिता पर हमले के मामले में हिरासत में लिए गए हिंदूवादी 'इन्फ्लुएंसर' स्वतंत्र भारद्वाज को शनिवार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उसे दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत में पेश किया, जहां से अदालत ने उसे एक दिन की पुलिस हिरासत में सौंप दिया। इससे एक दिन पहले पुलिस ने स्वतंत्र को उत्तर प्रदेश के बुलंद शहर से हिरासत में लिया था। पुलिस ने यह कार्रवाई CJP द्वारा संसद मार्ग थाने का घेराव करने के कुछ घंटों बाद की गई थी।
उधर आरोपी को एक दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजे जाने पर पीड़िता निशू आजाद के वकील ऋषभ रंजन ने कहा, 'यह बहुत अजीब बात है। हम सभी कोर्ट में मौजूद थे और सुनवाई शुरू होने का इंतजार कर रहे थे। बाद में हमें पता चला कि वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए लीगल एड काउंसिल को जोड़कर आरोपी को जज के घर पर पेश कर दिया गया और इतने गंभीर अपराध में केवल एक दिन की पुलिस कस्टडी मांगी गई। कौन से आरोप जोड़े गए और FIR में क्या बदलाव किए गए... हमें इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। मुझे नहीं पता कि क्या छिपाया जा रहा है। हम पूछ रहे हैं कि कौन सी धाराएं लगाई गई हैं, लेकिन दिल्ली पुलिस ने अब तक धाराओं के बारे में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है कि FIR में कौन सा बदलाव किया गया है। हमें मीडिया से पता चल रहा है।'
इंटरव्यू में किए बड़े-बड़े दावे स्वतंत्र पर पड़ गए भारी
दरअसल हाल ही में स्वतंत्र का एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें उसने छात्रा के पिता संजय कुमार पर हमले का जिक्र करते हुए कहा था कि उसने गंभीर हमला करते हुए उनका सिर फोड़ दिया था और इसके बावजूद राजनीतिक जान-पहचान की वजह से वह गिरफ्तारी से बच गया था और आजाद घूम रहा था। हालांकि विवाद बढ़ने पर उसने दावा किया कि उसने यह कदम आत्मरक्षा में उठाया था। उधर दिल्ली पुलिस ने उसकी बातों को हवाबाजी बताते हुए कहा था कि उस हमले में संजय कुमार को लगी चोटें सामान्य प्रकृति की थीं, जो कि एक कड़े की वजह से लगी थीं और उन्हें तुरंत ही अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी।
CJP के थाना घेराव के बाद पुलिस ने लिया ऐक्शन
इसी वीडियो के वायरल होने के बाद CJP के एक प्रतिनिधिमंडल ने आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष व सांसद चंद्रशेखर आजाद के साथ मिलकर शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग थाने का घेराव किया था और स्वतंत्र के खिलाफ पॉक्सो और SC-ST एक्ट लगाने समेत उसे गिरफ्तार करने की मांग की थी। तब पुलिस ने उन्हें 72 घंटे के अंदर स्वतंत्र को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया था, हालांकि पुलिस ने कुछ ही घंटों बाद उसे यूपी के बुलंदशहर से हिरासत में ले लिया था। अब आज उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने स्वतंत्र पर बढ़ाई SC-ST और पॉक्सो की धारा
इससे पहले स्वतंत्र को हिरासत में लेने के बाद दिल्ली पुलिस ने शुक्रवार को उसके खिलाफ दर्ज FIR में अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और आपराधिक धमकी से जुड़ी धाराएं भी जोड़ी थीं। साथ ही भारद्वाज के खिलाफ पॉक्सो (यौन अपराधों से बाल संरक्षण) कानून के तहत भी मामला दर्ज कर लिया था।
शनिवार को संसद मार्ग थाने पर जमा हुए स्वतंत्र समर्थक
उधर स्वतंत्र के खिलाफ हुए पुलिस ऐक्शन के बाद शनिवार को उसके समर्थकों ने संसद मार्ग थाने पर प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसके बाद शनिवार को इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी गई। इस दौरान वहां अवरोधक लगा दिए गए और अर्धसैनिक बलों के जवानों को भी तैनात कर दिया गया।


