गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या, पिंकी चौधरी से जुड़े जमीन विवाद में गई जान
गाजियाबाद में हिंदू रक्षा दल के अध्यक्ष पिंकी चौधरी से जुड़े एक कथित जमीन विवाद में हिंदू रक्षा दल के कार्यकर्ता की गोली मारकर हत्या कर दी गई। 23 वर्षीय आयुष दिल्ली के गोकुलपुरी की संजय कॉलोनी का रहने वाला था। पुलिस ने इस मामले में 3 पुलिस वालों को लाइन हाजिर कर दिया है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में साहिबाबाद थाना क्षेत्र में कथित तौर पर जमीन विवाद को लेकर हिंदू रक्षा दल के एक कार्यकर्ता की शुक्रवार दोपहर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर रिवॉल्वर बरामद की है। आरोपी को भी गंभीर चोट आई है, जिसके चलते उसे अस्पताल में भर्ती कराया है।
जीटी रोड पर एमएमएक्स मॉल के सामने साहिबाबाद थाने के पास एक पुराने बैंक्वेट हॉल में प्लॉटिंग की गई थी। पुलिस के मुताबिक, पास में ही रहने वाली नोमिता शर्मा का यहां बड़ा प्लॉट है, जिसका एक हिस्सा करीब ढाई साल पहले हिंदू रक्षा के राष्ट्रीय अध्यक्ष पिंकी चौधरी ने खरीदा था। उन्होंने अपनी पत्नी पूनम के नाम बैनामा कराया था। पिंकी चौधरी के प्लॉट की देखरेख के लिए दिल्ली के गोकुलपुरी की संजय कॉलोनी निवासी 23 वर्षीय आयुष रहता था। आयुष हिंदू रक्षा दल का कार्यकर्ता भी था। लंबे समय से दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर विवाद है। पुलिस का कहना है कि पिंकी चौधरी अपने प्लॉट की दीवार जहां बना रहे हैं, उसे नोमिता शर्मा अपना बता रही हैं। इसी तरह दोनों पक्ष एक-दूसरे पर ग्रीन बेल्ट में निर्माण का भी आरोप लगा रहे हैं। इसे लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा था।
शुक्रवार दोपहर 3 बजे पिंकी चौधरी का बेटा सूर्या अपने कुछ साथियों संग प्लॉट पर काम करा रहा था। इसी दौरान नोमिता का जानकार शालीमार गार्डन एक्सटेंशन -1 निवासी राहुल साहनी यहां नोमिता के प्लॉट की पैमाइश करने पहुंचा। दोनों पक्षों में विवाद हुआ और मारपीट होने लगी। सूर्या का आरोप है कि राहुल साहनी, नोमिता शर्मा, नरेश अरोड़ा, राहुल शर्मा ने आकर काम रुकवाने का प्रयास किया। विरोध पर मारपीट करने लगे। आरोप है कि राहुल ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली आयुष के सीने में जा लगी। सूर्या व उसके साथियों ने राहुल को पकड़ा और रिवॉल्वर लेकर धुनाई कर दी। पुलिस आयुष को पास के अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
आरोपी बोला, छीनाझपटी के दौरान गोली चली
राहुल का कहना है कि वह पैमाइश कराने गया था। इसी दौरान सूर्या व उसके साथियों ने हमला कर बुरी तरह मारपीट की। उसकी रिवॉल्वर छीनने का प्रयास किया, जिसके चलते ट्रिगर दब गया और एक गोली चल गई और आयुष को जा लगी। इसके बाद उसे बेरहमी से पीटा और एक पैर तोड़ दिया। पुलिस उपायुक्त ट्रांस हिंडन ऋजुल का कहना है कि मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि इस मामले में चौकी प्रभारी नाहर सिंह, बीट एसआई शिवम यादव, बीट प्रभारी सिपाही लाखन सिंह को लाइन हाजिर किया गया है। करीब एक सप्ताह पहले ये लोग डीसीपी से मिले थे, डीसीपी ने कागजी कार्रवाई पूरी होने तक निर्माण कार्य पर रोक लगाने को कहा था।
असलहे का लाइसेंस रद्द करने की रिपोर्ट भेजी जाएगी
हत्या के बाद पुलिस की टीम कई बार घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन कर चुकी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की रिवॉल्वर का लाइसेंस निरस्त करने के लिए प्रशासन को रिपोर्ट भेजी जाएगी।


