काम की बात: गाजियाबाद में हिंडन नदी पर यहां बनेंगे 3 नए पुल, लोनी समेत कई इलाकों में सुधरेगी कनेक्टिविटी

Praveen Sharma हिन्दुस्तान, गाजियाबाद
share

गाजियाबाद के लोगों के लिए खुशखबरी है। उत्तर प्रदेश शासन ने हिंडन नदी पर यातायात को सुगम बनाने के लिए तीन नए पुलों के निर्माण को मंजूरी दे दी है। यह परियोजना गाजियाबाद के तीन प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों—मोदीनगर, लोनी और मुरादनगर—को कवर करेगी।

गाजियाबाद में हिंडन नदी पर यहां बनेंगे 3 नए पुल, लोनी समेत कई इलाकों में सुधरेगी कनेक्टिविटी

गाजियाबाद जिले के लोगों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। गाजियाबाद में हिंडन नदी पर तीन जगह नए पुल बनाने की शासन ने मंजूरी दे दी है। ये तीनों पुल मोदीनगर, लोनी और मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र में बनाए जाएंगे। सेतु निगम इन पुलों का निर्माण कराएगा। इनके बनने से गाजियाबाद के अलावा बागपत जिले के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।

गाजियाबाद में हिंडन 37 किलोमीटर से अधिक लंबी है। यह नदी सहारनपुर से निकलकर मुजफ्फरनगर, मेरठ, बागपत, गाजियाबाद और नोएडा तक लगभग 350-400 किलोमीटर लंबी है। नोएडा में नदी यमुना में मिल रही है।

इन जगहों पर पुल बनाने के भेजे गए थे प्रस्ताव

गाजियाबाद में सेतु निगम ने हिंडन पर मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के मतौर गांव, मुरादनगर विधानसभा क्षेत्र के भदौली और लोनी विधानसभा क्षेत्र में फरुखनगर में पुल बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। तीनों प्रस्ताव विधायक मंजू सिवाच, अजीतपाल त्यागी और नंदकिशोर गुर्जर द्वारा भेजे गए थे।

विधायक मोदीनगर मंजू सिवाच ने बताया कि मोदीनगर विधानसभा क्षेत्र के मतोर गांव के पास हिंडन नदी पर पुल बनवाने के लिए काफी समय से प्रयास किया जा रहा था। पुल बनने से लोगों को राहत मिलेगी।

लंबी दूरी तय करने से छुटकारा मिलेगा

मतौर और बागपत जिले के डौलचा गांव के बीच हिंडन पर पुल बनाने बनने से दोनों जिलों के बीच आवागमन आसान हो जाएगा। मौजूदा समय में लोगों को नाव से उस पार जाना पड़ता है या फिर सड़क से लंबी दूरी तय करने के बाद एक- दूसरे जनपद में आते हैं। पुल बनने से निवाड़ी, सुहाना, भनेड़ा, महमदपुर समेत करीब 20 गांवों के हजारों लोगों को फायदा होगा।

अजीतपाल त्यागी, विधायक, मुरादनगर, ''भदौली में हिंडन पर पुल बनाने का प्रस्ताव भेजा था। शासन ने भदौली समेत तीन पुल बनाने की मंजूरी दे दी है । हिंडन पर पुल बनने से हजारों लोगों को राहत मिलेगी।''

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।