हिमांशु भाऊ गैंग का गुर्गा आशीष बक्करवाला उर्फ ‘डॉन’ गिरफ्तार, 8 से ज्यादा मामलों में है आरोपी
दिल्ली पुलिस ने आज हिमांशु भाऊ गैंग के एक कुख्यात अपराधी 26 वर्षीय आशीष उर्फ डॉन को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। आशीष के खिलाफ 8 से अधिक मामले दर्ज हैं और 4 मामलों में वह वॉन्टेड चल रहा था।

दिल्ली पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने हिमांशु भाऊ गैंग के लिए काम करने वाले एक कुख्यात अपराधी 26 वर्षीय आशीष उर्फ डॉन को शनिवार रात एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। पकड़ा गया आशीष दिल्ली के ही बक्करवाला गांव का रहने वाला है। आशीष के खिलाफ 8 से अधिक मामले दर्ज हैं और 4 मामलों में वह वॉन्टेड चल रहा था।
दिल्ली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आउटर डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ की दिल्ली के बक्करवाला इलाके में अपराधियों के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान दोनों ओर से दो राउंड गोलियां चलीं। एनकाउंटर के बाद पुलिस ने आशीष बक्करवाला को गिरफ्तार कर लिया।
ऑटो लिफ्टर मनोज बक्करवाला का बेटा है आशीष
पुलिस ने बताया कि आशीष बक्करवाला कुख्यात ऑटो लिफ्टर मनोज बक्करवाला का बेटा है। उसके खिलाफ 8 से अधिक मामले दर्ज हैं। यह अपराधी 4 आपराधिक मामलों में फरार चल रहा था, जिनमें आउटर डिस्ट्रिक्ट के 2 मामले भी शामिल हैं। वह हिमांशु भाऊ गैंग के साथ मिलकर काम कर रहा था।
पुलिस ने रात में गांव के बाहर जाल बिछाकर पकड़ा
पुलिस ने बताया कि शनिवार रात आउटर डिस्ट्रिक्ट के स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली थी कि आशीष बक्करवाला अपने गांव की ओर जा रहा है। इस सूचना के आधार पर स्पेशल स्टाफ की टीम ने उसके गांव के बाहर जाल बिछाया। पुलिस ने जैसे ही उसे आते हुए देखा तो सरेंडर करने के लिए कहा, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में दो राउंड गोलियां चलाईं और उसे गिरफ्तार कर लिया।
.32 बोर की अवैध पिस्टल बरामद
पुलिस ने आषीष बक्करवाला की गिरफ्तारी के दौरान उसके पास से .32 बोर की एक अवैध सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल और 2 खाली कारतूस बरामद किए हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके गैंग के और सदस्यों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गुरुग्राम में कल पकड़े गए थे दो गैंगस्टर
बता दें कि, इससे पहले गुरुग्राम पुलिस की अपराध शाखा ने भी शनिवार को दिल्ली-एनसीआर में अपराधिक गतिविधियों को अंजाम देने वाले हिमांशु भाऊ गैंग के दो शार्प शूटरों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया था। घायल बदमाशों को नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। मानेसर घाटी के पास हुई क्रॉस-फायरिंग में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान दोनों बदमाशों के पैरों में गोली लगी थी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। पकड़े गए आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय कर्ण उर्फ रोमी और 21 वर्षीय प्रवेश के रूप में हुई है, जो मूल रूप से दिल्ली के निवासी हैं। दोनों आरोपियों पर दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न थानों में हत्या, लूट, रंगदारी और शस्त्र अधिनियम के 24 से अधिक मामले दर्ज है।


