नोएडा एयरपोर्ट तक चलेगी हाईस्पीड ट्रेन, गौतमबुद्ध नगर में 2 स्टेशन बनाए जाएंगे
दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने की प्रक्रिया तेज हो गई है। परियोजना के एलाइनमेंट समेत एयरपोर्ट के आसपास के इंफ्रास्ट्रक्चर समेत ट्रैक के आसपास बिछी बिजली, पानी और गैस की पाइपलाइन की रिपोर्ट बनाने का काम शुरू हो गया है।

दिल्ली से वाराणसी तक चलने वाली हाईस्पीड ट्रेन से नोएडा एयरपोर्ट को जोड़ने की तैयारी तेज हो गई है। ट्रैक के आसपास बिछी बिजली, पानी और गैस की पाइपलाइन की रिपोर्ट बनाने का काम शुरू हो गया है, ताकि भविष्य में लोगों को परेशानी न झेलनी पड़े।
यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) के अधिकारी ने बताया कि दिल्ली-वाराणसी हाईस्पीड ट्रेन परियाजना की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) का काम शुरू हो गया है। इस परियोजना के तहत गौतमबुद्ध नगर में दो स्टेशन प्रस्तावित हैं। इनमें एक स्टेशन नोएडा के सेक्टर-125 से 148 के बीच बनेगा। दूसरा नोएडा एयरपोर्ट के ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन सेंटर में बनेगा।
नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के अधिकारियों की गुरुवार को ट्रैक के पास आ रहे इंफ्रास्ट्रक्चर और पाइपलाइन को लेकर यीडा अफसरों के साथ बैठक हुई, ताकि परियोजना का एलाइनमेंट तय करते समय किसी तरह की दिक्कत न आए। ट्रैक के रास्ते में पानी, गैस, सीवर की लाइनें बिछी हैं तो इसकी जानकारी वहां के स्थानीय प्रशासन को होती है, टीम ने यीडा अफसरों से इसकी रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि यीडा का अधिसूचित क्षेत्र में गौतमबुद्ध नगर के अलावा बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस और आगरा शामिल है। टीम इन सभी क्षेत्रों की रिपोर्ट तैयार करेगी।
हाइवे से जोड़ने का काम जारी
नोएडा एयरपोर्ट हाईस्पीड ट्रेन से सीधे जुड़ने वाला पहला अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट होगा। एयरपोर्ट को मेट्रो, नमो भारत के साथ ही दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे, यमुना-गंगा एक्सप्रेसवे, एनएच-34, 91 और ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे समेत अन्य मार्गों और हाइवे से जोड़ने का काम हो रहा है।
यीडा के सीईओ आरके सिंह ने कहा कि हाईस्पीड ट्रेन परियोजना की डीपीआर पर काम हो रहा है। इस मुद्दे पर नेशनल हाईस्पीड रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड की टीम के साथ बैठक हुई। टीम ने ट्रैक के पास आ रही जल-सीवर समेत अन्य पाइपलाइन की रिपोर्ट मांगी है।
ग्रेनो एक्सप्रेसवे के ऊपर से ट्रैक गुजरेगा
दावा है कि हाईस्पीड ट्रेन परियोजना से दिल्ली के सराय काले खां से नोएडा एयरपोर्ट का 70 किलोमीटर का सफर मात्र 21 मिनट में पूरा हो सकेगा। रेलवे ट्रैक नोएडा और ग्रेनो एक्सप्रेसवे के ऊपर से बीचोंबीच यानी सड़क के दोनों लेन के बीच के हिस्से (सेंटर वर्स) पर एलिवेटेड बनेगा। इसी तरह यमुना एक्सप्रेसवे से होता हुआ एयरपोर्ट के जीटीसी तक जाएगा। हाईस्पीड ट्रेन चलने पर दुनियाभर से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट आने वाले यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


