
नोएडा में घर के सामने खेल रही थी बच्ची, तेज रफ्तार कार आई और रौंद दिया
नोएडा में 5 साल की मासूम बच्ची घर के सामने खेल रही थी, इस दौरान एक तेज रफ्तार कार आई और बच्ची को रौंद दिया। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई।
दिल्ली-एनसीआर के नोएडा में दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 5 साल की एक मासूम को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। इस हादसे के बाद बच्ची को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया गया। इलाज के दौरान बच्ची की मौत हो गई। इस हादसे को लेकर ड्राइवर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई गई है। ड्राइवर हादसे के बाद से फरार है।
मामला नोएडा के सेक्टर-44 का है। यहां एक तेज रफ्तार कार ने बच्ची को रौंद दिया था। हादसे के बाद बच्ची को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था। उसका इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार को बच्ची की धड़कनें थम गईं। बच्ची की मौत के बाद बच्ची की मां ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ सेक्टर-39 थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस ने बताया कि यह हादसा सोमवार को हुआ था। सुबह के दौरान बच्ची अपने घर के सामने खेल रही थी। खेलने के दौरान एक तेज रफ्तार काई आई और बच्ची को रौंद दिया। हादसे में बच्ची कार में फंस गई। कार में फंसने के कारण बच्ची को गंभीर चोटें भी आई थीं। बच्ची को हादसे के बाद तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तीन दिन तक जिंदगी-मौत की जंग लड़ते हुए गुरुवार को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि बच्ची को हादसे के बाद नोएडा के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया था।
मामले पर बात करते हुए पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची की मां ने आरोपी ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस को दी गई शिकायत में बच्ची की मां ने बताया कि कार ड्राइवर बहुत स्पीड में चला रहा था, जिस वजह से बच्ची को बहुत गंभीर चोट आई थी।
मां ने क्या बताया
मां ने बताया कि हादसे के बाद हम बच्ची को लेकर नोएडा के जिला अस्पताल पहुंचे थे। इसके बाद डॉक्टरों ने बच्ची को सफदरजंग अस्पताल में रेफर कर दिया। बच्ची की मां ने बताया कि उसे सिर में गंभीर चोटें आई थीं, जिस वजह से गुरुवार को उसकी मौत हो गई। मां ने बताया कि बच्ची को टक्कर मारने के बाद कार का ड्राइवर कार छोड़कर मौके से फरार हो गया था।





