काम की बात: गाजियाबाद में हेरिटेज रन आज, दोपहर से देर शाम तक शहर में कई रूटों पर वाहनों के मार्ग बदले रहेंगे
शनिवार को आयोजित होने वाली गाजियाबाद हेरिटेज रन के मद्देनजर शहर में कई रूटों पर वाहनों के मार्ग परिवर्तित रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की हिस्सेदारी संभावित है, लिहाजा यह व्यवस्था की गई है।

शनिवार को आयोजित होने वाली गाजियाबाद हेरिटेज रन के मद्देनजर शहर में कई रूटों पर वाहनों के मार्ग परिवर्तित रहेंगे। ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान जारी किया है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी संख्या में प्रतिभागियों की हिस्सेदारी संभावित है, लिहाजा कार्यक्रम को सुरक्षित व सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए यह व्यवस्था की गई है।
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने बताया कि गाजियाबाद हेरिटेज रन राजनगर एक्सटेंशन स्थित सिटी फॉरेस्ट से शुरू होकर रोटरी गोलचक्कर, एलिवेटेड रोड की यूपी गेट से रोटरी गोलचक्कर की ओर आने वाली लेन होते हुए यूपी गेट तक जाएगी और फिर उसी मार्ग से वापस सिटी फॉरेस्ट पर समाप्त होगी। पूरे रूट पर प्रतिभागियों की आवाजाही के कारण सामान्य यातायात पूरी तरह प्रभावित रहेगा।
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि शनिवार को दोपहर 12 बजे से और शाम चार बजे से कार्यक्रम की समाप्ति तक दो चरणों में वाहनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा। मार्ग परिवर्तन वाले रूट पर केवल आपातकालीन सेवाओं को ही प्राथमिकता दी जा सकेगी।
दोपहर 12 बजे से ये रास्ते बदलेंगे
● एलिवेटेड रोड पर यूपी गेट से रोटरी गोलचक्कर की ओर जाने वाली लेन पूरी तरह बंद रहेगी।
● बुद्ध चौक से एलिवेटेड रोड की ओर किसी भी प्रकार के वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
● रोटरी गोलचक्कर से राजनगर एक्सटेंशन की ओर जाने वाले मार्ग पर सभी तरह के वाहनों पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
शाम चार बजे से ये रास्ते बदलेंगे
● राजनगर एक्सटेंशन से रोटरी गोलचक्कर की ओर भारी व्यावसायिक वाहनों का संचालन पूरी तरह रोक दिया जाएगा। वाहन एएलटी पुल से मेरठ तिराहा होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।
● राजनगर एक्सटेंशन से रोटरी गोल चक्कर से नागद्वार की ओर निजी वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। निजी वाहन रोटरी गोलचक्कर से हिंडन रिवर मेट्रो, मोहननगर होते हुए आगे जा सकते हैं।
● हिंडन रिवर मेट्रो स्टेशन से रोटरी गोलचक्कर की ओर किसी भी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा। वाहन करहेड़ा कट से मेरठ तिराहा होते हुए अपने गंतव्यों को जा सकते हैं।
● नागद्वार से रोटरी गोलचक्कर की ओर भी सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। वाहन मेरठ तिराहा होते हुए अपने गंतव्यों को जा सकेंगे।
● एलिवेटेड रोड पर रोटरी गोलचक्कर से यूपी गेट की ओर जाने वाली लेन से हल्के निजी वाहन चल सकेंगे।
पुलिस कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा
डीसीपी ट्रैफिक ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था की निगरानी के लिए पुलिस कंट्रोल रूम भी सक्रिय रहेगा। किसी भी प्रकार की असुविधा या जानकारी के लिए नागरिक यातायात पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 9643322904 पर संपर्क कर सकते हैं। डीसीपी ने लोगों से अपील की है कि वह अनावश्यक रूप से प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें और पहले से अपनी यात्रा की योजना बनाएं। साथ ही, ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए संकेतों और बैरिकेडिंग का पालन करें, ताकि कार्यक्रम को सुरक्षित और सफल बनाया जा सके।
लेखक के बारे में
Subodh Kumar Mishraसुबोध कुमार मिश्रा पिछले 19 साल से हिंदी पत्रकारिता में योगदान दे रहे हैं। वर्तमान में वह 'लाइव हिन्दुस्तान' में स्टेट डेस्क पर बतौर चीफ कंटेंट प्रोड्यूसर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। दूरदर्शन के 'डीडी न्यूज' से इंटर्नशिप करने वाले सुबोध ने पत्रकारिता की विधिवत शुरुआत 2007 में दैनिक जागरण अखबार से की। दैनिक जागरण के जम्मू एडीशन में बतौर ट्रेनी प्रवेश किया और सब एडिटर तक का पांच साल का सफर पूरा किया। इस दौरान जम्मू-कश्मीर को बहुत ही करीब से देखने और समझने का मौका मिला। दैनिक जागरण से आगे के सफर में कई अखबारों में काम किया। इनमें दिल्ली-एनसीआर से प्रकाशित होने वाली नेशनल दुनिया, नवोदय टाइम्स (पंजाब केसरी ग्रुप), अमर उजाला और हिन्दुस्तान जैसे हिंदी अखबार शामिल हैं। अखबारों के इस लंबे सफर में खबरों को पेश करने के तरीकों से पड़ने वाले प्रभावों को काफी बारीकी से समझने का मौका मिला।
ज्यादातर नेशनल और स्टेट डेस्क पर काम करने का अवसर मिलने के कारण राजनीतिक और सामाजिक विषयों से जुड़ी खबरों में दिलचस्पी बढ़ती गई। कई लोकसभा और विधानसभा चुनावों की खबरों की पैकेजिंग टीम का हिस्सा रहने के कारण भारतीय राजनीति के गुणा-भाग को समझने का मौका मिला।
शैक्षणिक योग्यता की बात करें तो सुबोध ने बीएससी (ऑनर्स) तक की अकादमिक शिक्षा हासिल की है। साइंस स्ट्रीम से पढ़ने के कारण उनके पास चीजों को मिथ्यों से परे वैज्ञानिक तरीके से देखने की समझ है। समाज से जुड़ी खबरों को वैज्ञानिक कसौटियों पर जांचने-परखने की क्षमता है। उन्होंने मास कम्यूनिकेशन में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। इससे उन्हें खबरों के महत्व, खबरों के एथिक्स, खबरों की विश्वसनीयता और पठनीयता आदि को और करीब से सीखने और लिखने की कला में निखार आया। सुबोध का मानना है कि खबरें हमेशा प्रमाणिकता की कसौटी पर कसा होना चाहिए। सुनी सुनाई और कल्पना पर आधारित खबरें काफी घातक साबित हो सकती हैं, इसलिए खबरें तथ्यात्मक रूप से सही होनी चाहिए। खबरों के चयन में क्रॉस चेकिंग को सबसे महत्वपूर्ण कारक मानने वाले सुबोध का काम न सिर्फ पाठकों को केवल सूचना देने भर का है बल्कि उन्हें सही, सुरक्षित और ठोस जानकारी उपलब्ध कराना भी है।


