दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, 100 की स्पीड से चल सकती हैं हवाएं; रेड अलर्ट जारी

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

Delhi Rain Today: दिल्ली-एनसीाआर में आज सुबह से झमाझम बारिश हो रही है। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विभाग ने एनसीआर के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। सुबह-सुबह बारिश होने से लोगों को काम पर जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली-NCR में झमाझम बारिश, 100 की स्पीड से चल सकती हैं हवाएं; रेड अलर्ट जारी

दिल्ली-एनसीआर में आज सुबह से कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ आई झमाझम बारिश से मौसम कूल-कूल हो गया। बारिश से तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है। हालांकि, गुरुवार का दिन होने चलते लोगों को काम पर जाने और बच्चों को स्कूल पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

दिल्ली में कहां-कहां हुई बारिश

दिल्ली में आज इंडिया गेट, मयूर विहार, चाणक्यपुरी, सफदर हाशमी रोड, महात्मा गांधी मार्ग, जंतर-मंतर, पंडित पंत मार्ग, सीमापुरी समेत कई इलाकों में तेज बारिश देखी गई।

नोएडा-गाजियाबाद में कैसा रहा मौसम

इसके अलावा नोएडा और गाजियाबाद और गुरुग्राम के कई हिस्सों से बारिश की खबरें मिलीं। वहीं जिन इलाकों में अभी बारिश नहीं हुई वहां काले-घने बादलों और तेज हवाओं ने पिछले कुछ दिनों से बनी गर्मी और उमस से काफी राहत दिलाई। बारिश के कारण पूरे एनसीआर के तापमान में भी काफी गिरावट आई। इस बीच कई जगहों से निचले इलाकों की गलियों और सड़कों पर जलभराव होने की भी खबर आ रही हैं।

IMD ने येलो अलर्ट को रेड अलर्ट में बदला

मौसम विभाग ने जोरदार बारिश आंधी-तूफान और तेज हवाएं चलने के कारण अपनी मौसम संबंधी चेतावनी को 'येलो अलर्ट' से बदलकर 'रेड अलर्ट' कर दिया। आईएमडी ने चेतावनी दी कि अगले दो घंटों में पूरे दिल्ली-NCR में हल्की से मध्यम बारिश के साथ आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और 60-80 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है, जिसकी स्पीड 100 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है। मौसम विभाग (IMD) ने आज दिनभर बादल छाए रहने और हल्की बारिश की संभावना जताई है। दिल्ली में कुछ इलाकों में बुधवार देर रात को भी बारिश हुई थी।

दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से एडवाइजरी जारी

इस बीच, दिल्ली एयरपोर्ट की ओर से जारी एडवाइजरी के अनुसार, अभी इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर कामकाज सामान्य है। हालांकि, एयरपोर्ट अधिकारियों ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे फ्लाइट से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए अपनी एयरलाइन से संपर्क करें।

गुरुग्राम में तेज हवा संग बारिश, गर्मी-उमस से मिली राहत

गुरुग्राम में भी गुरुवार सुबह तेज हवा के साथ हुई वर्षा ने लोगों को भीषण गर्मी और उमस से बड़ी राहत दिलाई। रात से ही आसमान में घने बादल छाए हुए थे, लेकिन हवा नहीं चलने के कारण उमस बनी रही। सुबह तक भी मौसम भारी बना रहा, जिसके चलते लोग पसीने और गर्मी से परेशान रहे। हालांकि सुबह के समय अचानक तेज हवाएं चलनी शुरू हुईं और इसके बाद हुई वर्षा ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया। वर्षा के बाद कई क्षेत्रों में हल्का जलभराव भी हुआ।

अगले कुछ दिन राहत मिलने के आसार : वर्षा के बाद तापमान मे गिरावट दर्ज की गई। तेज हवा और ठंडी फुहारों के कारण वातावरण सुहाना हो गया। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, आगामी कुछ दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान सामान्य से नीचे रहने की उम्मीद है और उमस से भी राहत मिल सकती है।

फरीदाबाद में हल्की बारिश, काली घटाओं ने घेरा आसमान

वहीं, फरीदाबाद शहर में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट ली और हल्की बारिश से लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली। सुबह तक तेज धूप और साफ मौसम के बाद दोपहर में आसमान पर काली घटाएं छा गईं। तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हुई, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई और मौसम सुहावना हो गया। सुबह करीब 7 बजे तक मौसम बिल्कुल साफ था और तेज धूप निकल रही थी। लोगों को दिनभर गर्मी और उमस का सामना करने की उम्मीद थी, लेकिन एक घंटे बाद ही मौसम में बदलाव देखने को मिला। बादलों के घिरने के बाद तेज हवा चली और शहर के कई इलाकों में हल्की बारिश हुई। बारिश के बाद सड़कों और खुले इलाकों में ठंडी हवा का असर महसूस किया गया। गर्मी से परेशान लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बारिश की वजह से कुछ जगहों पर जलभराव की स्थिति भी बनी। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना बनी रह सकती है। लंबे समय से गर्मी और उमस झेल रहे शहरवासियों के लिए यह बारिश राहत लेकर आई। बच्चों और बुजुर्गों को भी मौसम में बदलाव से काफी राहत महसूस हुई।

अब भीषण गर्मी के दिन लौटने की संभवना नहीं

दिल्लीवालों के लिए अच्छी खबर यह है कि अब पहले जैसी भीषण गर्मियों का दौर वापस लौटने की संभावना नहीं है। सप्ताह भर तक बीच-बीच बादलों की आवाजाही, बारिश और हवा का दौर आता रहेगा। इसके चलते तापमान 35 डिग्री से आसपास ही रहने की उम्मीद है।

दिल्ली में 3 या 4 जुलाई को दस्तक दे सकता है मॉनसून

मौसम वैज्ञानिकों ने उम्मीद जताई है कि उत्तर भारत में अनुकूल परिस्थितियां बनने के कारण, दिल्ली में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 3 या 4 जुलाई के आसपास दस्तक दे सकता है।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News , Faridabad News और दिल्ली में आज का मौसम सहित पूरे NCR की खबरें पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें। CJP Sansad March LIVE देखें और पाएं पल-पल की ताज़ा खबरें।