
वो शायद संविधान को नहीं मानते; AAP के वोट चोरी के आरोप पर बोले RSS विचारक; दी इस बात की धमकी
संक्षेप: सिन्हा ने कहा, ‘बिना तथ्यों को जांचे जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों पर गलत अफवाह उड़ाई और गलत आरोप लगाए, मैं इसकी सिर्फ निंदा नहीं करता बल्कि मैं कहता हूं कि इसके लिए मैं उन पर मानहानि का मुकदमा भी कर सकता हूं।’’
बिहार विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को पहले चरण की वोटिंग हो गई। इस दौरान आम आदमी पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने भाजपा पर वोट चोरी का आरोप लगाते हुए सोशल मीडिया पर एक के बाद एक कई पोस्ट शेयर कीं और बड़ा खुलासा करने का दावा किया। ऐसी ही अपनी एक पोस्ट में उन्होंने भाजपा के राज्यसभा सांसद और टीवी डिबेट शो में RSS का पक्ष रखने वाले संघ विचारक राकेश सिन्हा पर भी वोट चोरी करने का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने कहा कि दिल्ली का निवासी होने के बाद भी सिन्हा ने किस हैसियत से बिहार में वोट डाला। जिसके बाद सिन्हा ने पहले तो AAP नेता को जवाब देने के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया, लेकिन फिर विवाद बढ़ने पर अपना एक वीडियो जारी करते हुए भी AAP व कांग्रेस को जवाब दिया।

आरएसएस विचारक राकेश सिन्हा ने अपने वीडियो के साथ लिखा, 'आम आदमी पार्टी और कांग्रेस व उनके जैसे अन्य झूठे और नैतिक रूप से पतित नेताओं द्वारा मुझ पर निराधार और नैतिक रूप से विवादित आरोप लगाए जा रहे हैं। मेरा नाम केवल बिहार की मतदाता सूची में है। यह पहले दिल्ली की मतदाता सूची में था और मैंने इसे कानूनी प्रक्रिया के तहत हटवा लिया था।'
वहीं सोशल मीडिया पर शेयर किए अपने इस वीडियो में सिन्हा ने कहा, ‘आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी की राजनीतिक नैतिकता और संवैधानिक नैतिकता इतना गिर गई है कि झूठ और प्रपंच का सहारा ले रहे हैं। वो मुझ पर आरोप लगा रहे हैं कि मैंने दिल्ली में वोट करके फिर बिहार में वोट किया। वो संविधान के नियमों को शायद नहीं जानते हैं। दिल्ली की मतदाता सूची में मेरा नाम था, लेकिन मैंने वहां की मतदाता सूची से नाम हटाकर अपने पुश्तैनी गांव, जो बिहार के बेगूसराय जिले के मनसेरपुर में है, जहां मेरा घर है, जो मेरा स्थाई पता है, जहां मेरी खेती है, जहां मेरे लोग रहते हैं, मेरे घर के लोग रहते हैं, वहां की मतदाता सूची में मैंने अपना नाम डलवा दिया। और मेरा देश की मतदाता सूचियों में से सिर्फ बिहार की मतदाता सूची में नाम है। इसके बावजूद बिना तथ्यों को जांचे जिस प्रकार से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पार्टी ने सोशल मीडिया और टेलीविजन चैनलों पर गलत अफवाह उड़ाई और गलत आरोप लगाए, मैं इसकी सिर्फ निंदा नहीं करता बल्कि मैं कहता हूं कि इसके लिए मैं उन पर मानहानि का मुकदमा भी कर सकता हूं।’
दरअसल इस विवाद की शुरुआत गुरुवार को उस वक्त हुई जब आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता और पार्टी की दिल्ली ईकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए राकेश सिन्हा पर फर्जीवाड़ा करते हुए दिल्ली के नागरिक होने के बाद भी बिहार विधानसभा चुनाव में भी मतदान करने का आरोप लगाया।
सौरभ बोले- ये दिल्ली में रहते हैं, चाहकर भी बिहार का पता नहीं दिखा सकते
इस बारे में की अपनी पहली पोस्ट में सौरभ भारद्वाज ने लिखा, ‘भाजपा के राज्य सभा सांसद और सबको संस्कार सिखाने वाली RSS के विचारक राकेश सिन्हा जी ने दिल्ली विधान सभा चुनाव में वोट डाला और आज बिहार चुनाव में भी वोट डाला। ये दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाते हैं तो ये बिहार का पता चाहकर भी नहीं दिखा सकते। आपको लगता है कि भाजपा सरकार की चोरी पकड़ लेंगे तो ये सुधर जाएंगे? बिल्कुल नहीं, ये खुल्लम खुल्ला चोरी करेंगे। आज भी AQI मॉनिटरिंग स्टेशन पर फर्ज़ीवाड़ा जारी है।’ इसके बाद की एक अन्य पोस्ट में सौरभ ने इसे धोखाधड़ी का खुला मामला बताया।
राकेश सिन्हा ने दी मानहानि के केस की धमकी
इसके बाद जिन राकेश सिन्हा पर सौरभ ने आरोप लगाया था, उन्होंने सौरभ की उसी पहली पोस्ट को शेयर करते हुए उस पर जवाब देते हुए लिखा, ‘राजनीति इतनी हल्की हो सकती है इसका अंदाजा मुझे नहीं था। संविधान में आस्था रखने वालों पर सवाल करने वाले पर सवाल करने वालों को सौ बार सोच लेना चाहिए। मेरा नाम दिल्ली की मतदाता सूची में था। बिहार की राजनीति में सक्रियता के कारण मैंने अपना नाम गांव मनसेरपुर (बेगूसराय) करा लिया। क्या इस आरोप के लिए मैं मानहानि करूं?’
सौरभ ने फिर पूछा- आप अपना पता कैसे बदल सकते हैं
इसके बाद राकेश सिन्हा के दिए जवाब को शेयर करते हुए सौरभ भारद्वाज ने लिखा, 'आप दिल्ली यूनिवर्सिटी के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में पढ़ाते हैं, तो आप अपना घर का पता कैसे बदल सकते हैं प्रोफेसर साब? राजनैतिक सक्रियता के लिए वोट बदलवाना कहां अनिवार्य है नेता जी? मानहानि से डरा कर कब तक भाजपा लोगों को चुप करवाएगी? आपकी सरकार ने कई मुकदमे डाले हुए हैं, एक और सही।'
सौरभ ने बताया- किस कानून के तहत सिन्हा ने किया अपराध
आगे एक अन्य पोस्ट में दिल्ली AAP अध्यक्ष ने लिखा, 'भाजपा के राज्यसभा सांसद और RSS के विचारक राकेश सिंह जी ने 28.4.2025 को बिहार में नया वोट बनवाया , 4.9.2025 को दिल्ली विश्वविद्यालय अध्यापक संघ के वोट मांग रहे थे, कॉलेज में पढ़ाते हैं। क़ानून- Sec 19(b) कहता है आप जहां नौकरी करते हैं और रहते हैं वहां आपका वोट होगा, पैतृक गांव नहीं नहीं होगा। मुझे मानहानि की धमकी दे रहे हैं, आपके ऊपर मुक़दमा होना चाहिए।'
राकेश सिन्हा की तरफ से बिहार में वोट ट्रांसफर कराने का दावा करने पर कई लोगों ने उन्हें बताया कि आप अभी भी दिल्ली के एक कॉलेज में कार्यरत प्रोफेसर और दिल्ली के निवासी हैं। तो फिर आप अपना वोट कैसे स्थानांतरित कर सकते हैं?





