मेरे पिता ने मुझे घर में नजरबंद कर रखा; ऐसा कहने वाली हिंदू युवती को मुस्लिम पति के साथ रहने की इजाजत मिली
अदालत ने जब सोनिका के पिता लक्ष्मण सिंह चौहान से बात की, तो उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अकबर ने उनकी बेटी को ब्लैकमेल किया है और वह उसके दबाव में ऐसा कर रही है।

अपने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर मुस्लिम युवक से शादी करने वाली गाजियाबाद की एक हिंदू युवती को अपने पति के साथ रहने की इजाजत मिल गई है। युवती के पिता ने उसकी मर्जी के खिलाफ उसे अपने घर में कैद कर रखा था, जिसके बाद हाई कोर्ट ने 'हेबियस कॉर्पस' (बंदी प्रत्यक्षीकरण) याचिका पर सुनवाई करते हुए यह आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि एक बालिग व्यक्ति को अपना जीवनसाथी चुनने और अपनी इच्छा से जीने का अधिकार है। इसके साथ ही कोर्ट ने पुलिस अधिकारियों को इस कपल को पर्याप्त सुरक्षा देने और युवती के परिजनों को उनके वैवाहिक जीवन में दखल नहीं देने का निर्देश भी दिया।
जस्टिस संदीप जैन ने इस बारे में आदेश जारी किया और 26 साल की सोनिका चौहान को अपने पति अकबर खान के साथ रहने की अनुमति दे दी। अकबर खान ने इस बारे में सितंबर 2025 में याचिका दायर की थी। इससे पहले राज्य सरकार ने 8 सितंबर, 2026 के पिछले आदेश का पालन करते हुए मंगलवार को सोनिका को कोर्ट के सामने पेश किया था। उसे इंदिरापुरम पुलिस स्टेशन के एक सब-इंस्पेक्टर और एक महिला कॉन्स्टेबल कोर्ट लेकर आए थे।
युवती बोली- स्वेच्छा से की अकबर से शादी
सुनवाई के दौरान कोर्ट ने सोनिका से बात की, जिसने बताया कि वह 26 साल की है और उसने बीए तक पढ़ाई की है। उसने बताया कि मैंने स्वेच्छा से अकबर खान से शादी की है और अब मैं उसके साथ ही रहना चाहती हूं। उसने आरोप लगाया कि उसके पिता ने उसे घर में जबरन नजरबंद कर रखा था, क्योंकि उन्हें अकबर खान के साथ उसकी शादी मंजूर नहीं थी।
युवक ने भी सोनिका के साथ रहने की इच्छा जताई
सोनिका ने जिस युवक के साथ शादी की थी, वह युवक अकबर खान भी अदालत में पेश हुआ और उसने भी युवती के साथ रहने की इच्छा जताई। हालांकि कोर्ट ने जब सोनिका के पिता लक्ष्मण सिंह चौहान से बात की, तो उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि अकबर ने उनकी बेटी को ब्लैकमेल किया है और वह उसके दबाव में ऐसा कर रही है। साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि सोनिका बिना किसी दबाव के अपनी मर्जी से उसके साथ रह रही थी।
'बालिग शख्स को जीवनसाथी चुनने का अधिकार'
सुनवाई के दौरान केस से जुड़े सभी पक्षों से बात करने के बाद, कोर्ट ने कहा कि, 18 साल से ज्यादा उम्र के बालिग हो चुके शख्स को अपना साथी चुनने और अपनी मर्जी से जिंदगी जीने का मौलिक अधिकार है। कोर्ट ने कहा कि ऐसा फैसला उस व्यक्ति का अपना निजी फैसला होता है और इसे उसके माता-पिता या परिवार के अन्य सदस्यों की इच्छा से तय या नियंत्रित नहीं किया जा सकता।
पुलिस से कपल को पर्याप्त सुरक्षा देने के लिए कहा
फैसला सुनाते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट ने सोनिका को अपने साथी अकबर खान के साथ रहने के लिए स्वतंत्र बताया। इसके साथ ही अदालत ने पुलिस अधिकारियों से इस जोड़े को पर्याप्त सुरक्षा देने का निर्देश भी दिया। साथ ही परिवार के सदस्यों को भी इस कपल की वैवाहिक जिंदगी में दखल नहीं देने के निर्देश दिए।


