क्या जुनैद से अभिजीत दीपके और उनकी टीम ने दूरी बना ली? आ गई दोनों ओर से सफाई
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि अभिजीत दीपके और उनके साथियों ने अब जुनैद से दूरी बना ली है और उनका साथ नहीं दे रहे हैं।

कॉकरोच जनता पार्टी के जंतर-मंतर पर एक महीने तक चले विरोध प्रदर्शन के दौरान जुनैद नाम के शख्स ने प्रदर्शनकारियों को खाना पीटा बांटा था। इसके बाद वह चर्चा में आ गए। सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट करते हुए अभिजीत दीपके ने उनके पैर तक छुए थे। लेकिन अब कई लोगों ने दावा किया कि अभिजीत दीपके और जुनैद ने एक दूसरे से दूरी बना ली है। हालांकि अब इस मामले पर खुद जुनैद ने सफाई दी है। उन्होंने इन दावों को अफवाह बताया है और इसका खंडन किया है।
जुनैद ने कहा, अफवाहें फैलाई जा रही है कि टॉप लीडरशिप मेरे साथ नहीं है। ऐसी अफवाहों पर ध्यान ना दें। उन्होंने इसे षडयंत्र बताते हुए कहा कि कुछ लोग मेरे औऱ मेरे साथियों के खिलाफ साजिश रचना चाह रहे हैं। मैं और मेरे परिवारवाले अच्छे हैं। मेरे टॉप लीडरशिप मेरे साथ हैं।
जुनैद ने लगाया था हिरासत में लेने का आरोप
इससे पहले मोहम्मद जुनैद ने उनके परिवारवालों को हिरासत में लिए जाने का आरोप लगाया था। उन्होंने शुक्रवार को विरोध स्थल पर मीडियाकर्मियों को बताया कि पुलिस उनके परिवार के सदस्यों को ले गई और उनके घर की तलाशी के दौरान उनकी बैंक पासबुक और पैन कार्ड जब्त कर लिए। उनके परिवार के अनुसार, गाजियाबाद के मसूरी थाने की पुलिस गुरुवार शाम नाहल गांव स्थित उनके आवास पर पहुंची और परिसर की तलाशी ली। उन्होंने आरोप लगाया कि जुनैद के पिता मुस्तफा को पुलिस ले गई और परिवार के सदस्यों की बैंक पासबुक और पैन कार्ड भी ले लिए गए।
जुनैद की बहन ने बताया कि पुलिस ने उसके पिता से जुनैद को फोन करने और घर लौटने के लिए कहने को कहा। जुनैद ने यह भी आरोप लगाया कि पड़ोसी जिले मेरठ में उसके रिश्तेदारों को भी पुलिस ने परेशान किया। हालांकि, मेरठ पुलिस ने जुनैद के परिवार के खिलाफ कोई भी कार्रवाई किए जाने से इनकार किया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडे ने कहा, ऐसा कोई मामला मेरे संज्ञान में नहीं आया है।पुलिस अधीक्षक (शहर) विनायक गोपाल भोंसले ने बताया कि मेरठ पुलिस ने सभी थाना प्रमुखों के साथ दावों का सत्यापन किया और पाया कि जुनैद के परिवार के किसी भी सदस्य को जिला पुलिस ने हिरासत में नहीं लिया है।
सीजेपी ने क्या कहा?
उधर कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता सौरभ दास ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर उत्तर प्रदेश पुलिस की कथित अवैध कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने कहा, हम उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा जुनैद भाई के खिलाफ की गई अवैध पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हैं। हम पहले दिन से ही उनके नियमित संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव आवश्यक सहायता प्रदान कर रहे हैं।उन्होंने कहा, हम उत्तर प्रदेश पुलिस से आग्रह करते हैं कि वह जुनैद के परिवार के खिलाफ की जा रही इस कथित अवैध, मनमानी और अमानवीय कार्रवाई को तत्काल रोके तथा हिरासत में लिए गए परिजनों को तुरंत रिहा करे।


