हथीन इंडस्ट्रियल एरिया के लिए गुड न्यूज, ग्रीन बेल्ट में बनेगा आधुनिक पार्क; ये होंगी सुविधाएं
पलवल के हथीन इंडस्ट्रियल एरिया में काम करने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नगर पालिका ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से यहां ग्रीन बेल्ट में एक आधुनिक पार्क बनाने की तैयारी शुरू कर दी है।

फरीदाबाद से सटे हरियाणा के पलवल शहर के हथीन के औद्योगिक क्षेत्र की हरी-भरी ग्रीन बेल्ट में जल्द ही एक आधुनिक पार्क बनकर तैयार होगा। इस पार्क का निर्माण कार्य विभाग ने निर्माण एजेंसी को सौंप दिया है। इस परियोजना की कुल अनुमानित लागत 1 करोड़ 55 लाख रुपये है। विभाग के अनुसार पार्क का निर्माण कार्य जल्द ही शुरू किया जाएगा।
बता दें की हथीन में पलवल रोड पर औद्योगिक क्षेत्र बना हुआ है। अब तक इसकी ग्रीन बेल्ट में पार्क की व्यवस्था नहीं थी। औद्योगिक इकाइयों के मालिकों और स्थानीय लोगों की काफी दिन से की जा रही मांग को लेकर सरकार और विभाग ने यहां पार्क बनाने का निर्णय लिया है। इसके लिए वभाग ने सभी औपचारिकताएं पूरी कर ली है और जल्द ही इसका काम शुरू करवाने जा रहा है। इस पार्क को बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों की सहूलियतों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है।
पार्क निर्माण से स्थानीय मजदूरों को मिलेगा रोजगार
पार्क में चलने-फिरने के लिए खूबसूरत फुटपाथ बनाए जाएंगे। ये फुटपाथ न केवल शहर के लोगों को शुद्ध वायु में टहलने का मौका देंगे, बल्कि सुबह-शाम व्यायाम करने वाले लोगों के लिए भी एक आदर्श स्थान साबित होंगे। विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि पार्क के निर्माण में स्थानीय कारीगरों और मजदूरों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे रोजगार के अवसर पैदा होंगे। पार्क निर्माण के दौरान सभी सुरक्षा मानकों का पालन किया जाएगा। साथ ही, पार्क में पर्यावरण की दृष्टि से उपयोगी सामग्रियों का प्रयोग किया जाएगा।स्थानीय लोगों के अनुसार यह पार्क शहर के लिए एक वरदान साबित होगा। क्षेत्रवासियों ने लंबे समय से ऐसे पार्क की मांग की थी, जहां वे अपने परिवार के साथ समय बिता सकें।
पार्क में आने वाले लोग न केवल प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेंगे, बल्कि यह बच्चों के शारीरिक विकास के लिए भी लाभकारी होगा। स्थानीय निवासी मोनू शर्मा का कहना है कि पार्क पूरी समयसीमा के भीतर बनकर तैयार हो, इसके साथ ही यहां पर आधुनिक सुविधाएं मिले।
खेल-कूद और मस्ती का केंद्र बनेगा
बच्चों के मनोरंजन के लिए पार्क में झूले, स्लाइड और अन्य खेल उपकरण लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए यह जगह खेल-कूद और मस्ती का केंद्र बनेगी। वहीं, युवाओं और बुजुर्गों के लिए आराम करने के लिए पार्क में पर्याप्त संख्या में बेंच लगाई जाएगी। पार्क की हरियाली और साफ-सुथरा वातावरण लोगों को मनोवांछित सुकून और ताजगी का अनुभव कराएगा। पार्क के डिजाइन में पर्यावरण की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है। पार्क में ऐसे पौधे और पेड़ लगाए जाएंगे, जो क्षेत्र की जलवायु और मिट्टी के अनुकूल हों। अधिकारियों के अनुसार, ग्रीन बेल्ट में यह पार्क न केवल सौंदर्य वृद्धि करेगा बल्कि औद्योगिक क्षेत्र के आसपास के वातावरण को भी शुद्ध बनाए रखेगा।
पेयजल के साथ शौचालय की भी व्यवस्था होगी
पार्क में आधुनिक लाइटिंग व्यवस्था भी की जाएगी, जिससे रात के समय भी पार्क सुरक्षित और आकर्षक रहेगा। इसके अलावा, पार्क के भीतर पेयजल की सुविधा, साफ-सुथरे शौचालय और कचरा प्रबंधन की सुव्यवस्था की जाएगी। पार्क के बनते ही औद्योगिक क्षेत्र का स्वरूप बदल जाएगा।
रेनू लता, अध्यक्ष, नगर पालिका, ''शहरवासियों की खुशियों में वृद्धि और बच्चों के आनंद के लिए यह पार्क निश्चित रूप से एक नई पहचान बनकर उभरेगा। इसके निर्माण कार्य में एक करोड़ 55 लाख की लागत आएगी। इसका कार्य जल्द शुरू कर दिया जाएगा।''


