महिला आयोग ने 100 पुलिसवालों के साथ स्पा सेंटर में मारा छापा, 50 हिरासत में
गुरुग्राम में अवैध रूप से चल रहे स्पा सेंटरों पर महिला आयोग ने छापा मारा। इस दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध चीजें बरामद की गई हैं। इस छापे में 50 लोगों को हिरासत में लिया गया है।

गुरुग्राम में वैध व्यवसाय की आड़ में चल रहे अनैतिक कार्यों पर कड़ा प्रहार करते हुए गुरुग्राम पुलिस और हरियाणा राज्य महिला आयोग की टीम ने सेक्टर 90 स्थित सफायर 90 मॉल में एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। देर रात 10 बजे से तड़के तीन बजे तक चले इस छह घंटे लंबे चले सघन चेकिंग अभियान में मॉल के अंदर संचालित 18 स्पा सेंटरों पर एक साथ दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लगभग 30 महिलाओं और 20 पुरुषों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। वहीं आठ स्पा सेंटरों में प्रथम दृष्टया गंभीर गैर-कानूनी गतिविधियां संचालित होने के पुख्ता सबूत मिले हैं।
पुलिस को सफायर 90 मॉल स्थित स्पा सेंटरों में अनैतिक और संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिल रही थीं, जिस पर स्वतः संज्ञान लेते हुए इस गुप्त ऑपरेशन की योजना बनाई गई। 100 से अधिक पुलिसकर्मियों के दल ने जब एक साथ मॉल को चारों तरफ से घेरकर छापेमारी शुरू की, तो वहां हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान 18 में से 8 स्पा सेंटरों से महत्वपूर्ण इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, डिजिटल डेटा, संदिग्ध दस्तावेज और अन्य भौतिक साक्ष्य जब्त किए गए हैं। पुलिस अब इन साक्ष्यों के जरिए स्पा सेंटरों के असली मालिकों, संचालकों, मैनेजरों और इस नेटवर्क को शह देने वाले मददगारों की भूमिका की गहन जांच कर रही है।
हिरासत में लिए गए लोगों से जारी है पूछताछ
छापेमारी के दौरान स्पा सेंटरों से करीब 30 महिलाएं और 20 पुरुष पाए गए। हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन उषा प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में महिलाओं से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किन परिस्थितियों में वहां काम कर रही थीं और क्या किसी गिरोह द्वारा उनसे जबरन यह कार्य करवाया जा रहा था। मौके पर मिले पुरुषों की भूमिका, उनकी मौजूदगी के कारणों और उनके साक्ष्यों के आधार पर सत्यापन किया जा रहा है। जांच के आधार पर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।
ज़ीरो टॉलरेंस की नीति, आगे खेड़की दौला थाना करेगा जांच
इस पूरी कार्रवाई की प्रारंभिक जांच और जब्ती की प्रक्रिया अनैतिक व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 के तहत नियुक्त विशेष पुलिस अधिकारी व एसीपी मुख्यालय-I अभिलक्ष जोशी की देखरेख में संपन्न हुई। गुरुग्राम पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कमर्शियल स्पेस या वैध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की आड़ में चल रहे किसी भी संगठित अपराध और अनैतिक गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहर में ऐसे अन्य स्थलों पर भी पुलिस की पैनी नजर है और आने वाले दिनों में और सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

