हरियाणा में बनेगी देश की पहली झूला सेफ्टी पॉलिसी, सूरजकुंड मेला हादसे के बाद CM नायब सैनी की घोषणा

Feb 10, 2026 08:30 pm ISTSourabh Jain हिन्दुस्तान टीम, फरीदाबाद, हरियाणा
share

सूरजकुंड हादसे में शहीद होने वाले इंस्पेक्टर जगदीश के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी और आर्थिक मदद भी की जाएगी।

हरियाणा में बनेगी देश की पहली झूला सेफ्टी पॉलिसी, सूरजकुंड मेला हादसे के बाद CM नायब सैनी की घोषणा

अंतर्राष्ट्रीय सूरजकुंड मेले में हुई झूला गिरने की घटना के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा है कि अब राज्य सरकार झूला सेफ्टी पॉलिसी बनाएगी। यह देश में अपनी तरह की पहली नीति होगी, जिसका उद्देश्य झूलों और मनोरंजन साधनों को पूरी तरह सुरक्षित बनाना होगा। इस पॉलिसी से लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही सीएम ने सूरजकुंड मेले में हुए हादसे में घायल हुए लोगों को 1-1 लाख रुपए की मुआवजा राशि देने की घोषणा भी की। वहीं इस हादसे के बाद हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त के पद पर कार्यरत IPS अधिकारी मकसूद अहमद व हरियाणा पुलिस सेवा के अधिकारी सुरेश कुमार का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भविष्य में सूरजकुंड जैसी झूला टूटने की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सरकार ठोस और प्रभावी कदम उठाएगी। उन्होंने सूरजकुंड में हुए हादसे को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि इस हादसे को सरकार बेहद गंभीरता से ले रही है। इस मामले में अब तक दो लोगों की गिरफ्तारी की जा चुकी है।

घायलों को मिलेगी 1-1 लाख रुपए की मदद

मुख्यमंत्री ने यह बात मंगलवार को हरियाणा निवास पर पत्रकारों से रूबरू होने के दौरान कही। इस दौरान सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा, कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि हादसे में घायल हुए सभी लोगों का इलाज चल रहा है, उनके इलाज का पूरा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी। इसके साथ ही घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 1-1 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

हादसे में शहीद होने वाले इंस्पेक्टर जगदीश के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि शहीद पुलिसकर्मी के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी दी जाएगी और आर्थिक मदद भी की जाएगी।

दो अधिकारियों पर गिरी गाज, हो गए तबादले

उधर इस हादसे के बाद सोमवार को हरियाणा सरकार ने फरीदाबाद के पुलिस उपायुक्त (NIT) के पद पर कार्यरत भारतीय पुलिस सेवा (IPS) अधिकारी मकसूद अहमद का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया। इस बारे में जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार, उन्हें पंचकूला पुलिस मुख्यालय में पुलिस अधीक्षक (एसपी) के पद पर तैनात किया गया है।

आईपीएस अधिकारी के तबादले के आदेश के अलावा राज्य सरकार ने हरियाणा पुलिस सेवा के अधिकारी सुरेश कुमार का भी स्थानांतरण कर दिया। नूंह में भारतीय रिजर्व बटालियन की दूसरी बटालियन में वर्तमान में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) के रूप में कार्यरत कुमार का तबादला कर उन्हें होडल (पलवल) में डीएसपी के रूप में तैनात किया गया है। सरकार ने पुलिस के दोनों अधिकारियों के स्थानांतरण का आदेश सोमवार को जारी किया।

इन दोनों अधिकारियों का तबादला फरीदाबाद के सूरजकुंड मेला मैदान में झूले के टूटकर गिरने की घटना के तुरंत बाद हुआ है। इस घटना में बचाव कार्य के दौरान ड्यूटी पर तैनात एक पुलिस निरीक्षक की मौत हो गई और 12 अन्य घायल हो गए थे। इस घटना के संबंध में रविवार को दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।

Sourabh Jain

लेखक के बारे में

Sourabh Jain

सौरभ जैन पिछले 16 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और वर्तमान में लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम में कार्यरत हैं। वह दिल्ली-एनसीआर, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और गुजरात से जुड़े घटनाक्रम पर खबरें और विश्लेषण लिखते हैं।


विस्तृत बायो

परिचय और अनुभव: सौरभ जैन भारतीय डिजिटल मीडिया जगत का एक हिस्सा हैं, जिन्हें पत्रकारिता के क्षेत्र में 16 वर्षों से ज्यादा का अनुभव है। वर्तमान में, वह भारत के अग्रणी समाचार संस्थान 'लाइव हिन्दुस्तान' (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में स्टेट सेक्शन में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। वे पिछले लगभग तीन सालों से यहां कार्यरत हैं। सौरभ का करियर टीवी मीडिया से शुरू होकर डिजिटल मीडिया की गतिशीलता तक फैला हुआ है, जो उन्हें खबरों को गहराई और सटीकता के साथ प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।


शैक्षणिक पृष्ठभूमि और कार्य अनुभव

सौरभ ने बैचलर ऑफ कॉमर्स की डिग्री लेने के बाद पत्रकारिता के क्षेत्र में कदम रखा और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया से पोस्ट ग्रेजुएशन का कोर्स किया। इस क्षेत्र में साल 2009 से सक्रिय होने के बाद सौरभ ने पहले टीवी के क्षेत्र में अलग-अलग डेस्क पर कार्य अनुभव लिया, इस दौरान उन्होंने टिकर डेस्क से शुरुआत करने के बाद न्यूज डेस्क में कॉपी राइटिंग का अनुभव हासिल किया, इस दौरान क्षेत्रीय विषयों से लेकर राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय विषयों पर खबरें लिखीं। इसके बाद उन्हें बॉलीवुड और हेल्प-लाइन डेस्क में भी काम करने का मौका मिला। हेल्प लाइन डेस्क में काम करने के दौरान उन्हें स्वास्थ्य, करियर और आम लोगों से जुड़े कई विषयों को जानने व समझने का मौका मिला।

इसके बाद साल 2016 में उन्होंने डिजिटल मीडिया की दुनिया में कदम रखा और स्पोर्ट्स डेस्क के साथ शुरुआत की। सौरभ ने अपने करियर की शुरुआत ZEE24 छत्तीसगढ़ न्यूज चैनल से की थी। इसके बाद वे IBC24 और दैनिक भास्कर जैसी संस्थाओं में भी सेवाएं दे चुके हैं। सौरभ साल 2023 से लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े हुए हैं और यहां पर स्टेट डेस्क में कार्यरत हैं। सौरभ मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के रहने वाले हैं और उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई और ग्रेजुएशन दोनों यहीं से किया है। इसके बाद उन्होंने माखनलाल चतुर्वेदी पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में मास्टर्स की डिग्री ली है।

सौरभ जैन का मानना है कि एक पत्रकार की पहली जिम्मेदारी सही तथ्यों व आसान भाषा में पाठकों तक खबरें पहुंचाना है। इस काम में तेजी जितनी जरूरी है, सटीकता भी उतनी ही महत्वपूर्ण है। फिर चाहे वह आम जीवन की खबरें हों, राजनीति की खबरें हों, खेल की खबरें हों या फिर चकाचौंध से भरे बॉलीवुड की खबरें हों। कोई भी खबर सही तथ्यों के साथ रीडर्स तक पहुंचनी चाहिए। हड़बड़ी में तथ्यों की पुष्टि ना होने पर गलत जानकारी पाठकों तक पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसलिए सौरभ का मानना है कि पत्रकारिता का मतलब केवल पाठकों तक सूचना पहुंचाना ही नहीं, बल्कि सही और निष्पक्ष जानकारी पहुंचाते हुए उनकी बुद्धिमत्ता और विवेक को भी जागृत करना होता है।

और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , Delhi News , Ghaziabad News , Noida News , Gurgaon News और Faridabad News सहित पूरी NCR News पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।